08:21 PM, 29-Jul-2022
India vs Ghana Hockey Live: भारत ने घाना को हराया
भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार शुरुआत की है। उसने घाना को अपने पहले मैच में 5-0 से रौंद दिया। टीम इंडिया के लिए गुरजीत कौर ने सबसे ज्यादा दो गोल किए। नेहा गोयल, संगीता कुमारी और सलिमा टेटे ने भी स्कोर किया। अब भारतीय महिला टीम शनिवार (30 जुलाई) को वेल्स के खिलाफ अपने दूसरे ग्रुप मैच में उतरेगी। टीम इंडिया को अभी भी कई क्षेत्रों में काम करना है। गोलकीपर सविता पूनिया अगर मजबूती से खड़ी नहीं होती तो घाना की टीम भी चार से ज्यादा गोल कर सकती थी। वहीं, पेनल्टी कॉर्नर में भारतीय खिलाड़ी कमजोर दिखीं। 11 पेनल्टी कॉर्नर में टीम सिर्फ एक ही गोल कर पाई। इस पर भारतीय टीम प्रबंधन को आगे काम करना होगा।
07:32 PM, 29-Jul-2022
India vs Ghana Hockey Live: भारत के लिए तीसरे क्वार्टर में आए दो गोल
भारत की संगीता कुमारी ने टीम के लिए तीसरा गोल किया। उन्होंने घाना की गोलकीपर को चकमा देते हुए गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। संगीता के बाद गुरजीत ने भी गोल कर दिया। यह मैच में उनका दूसरा गोल है। भारत अब 4-0 से आगे हो गया है। भारत के लिए पांचवां गोल सलिमा टेटे ने किया।
07:09 PM, 29-Jul-2022
India vs Ghana Hockey Live: भारत ने किया दूसरा गोल
भारत को दूसरा गोल दूसरे क्वार्टर में मिला। घाना लगातार भारतीय गोलपोस्ट के करीब था। गोलकीपर सविता पूनिया ने लगातार तीन गोल बचाए। टीम इंडिया को एक मौका मिला और सफलता मिल गई। भारत ने शानदार काउंटर अटैक किया। गोलपोस्ट के करीब खड़ी नेहा गोयल ने गेंद को गोलपोस्ट की तरफ मारा। गेंद घाना की खिलाड़ी से लगकर गोलपोस्ट के अंदर समा गई। भारत को दूसरा गोल मिला और यह नेहा के नाम दर्ज हुआ। दूसरे क्वार्टर का खेल समाप्त हो चुका है। भारत 2-0 से आगे है।
06:58 PM, 29-Jul-2022
India vs Ghana Hockey Live: दूसरे क्वार्टर का खेल शुरू
भारत और घाना के बीच दूसरे क्वार्टर का खेल शुरू हो गया है। घाना इस बार ज्यादा आक्रामक दिख रहा है। हालांकि, वह अभी भी भारत के गोलपोस्ट के करीब नहीं पहुंच पाया है। दूसरी ओर, टीम इंडिया लगातार दूसरा गोल करने का प्रयास कर रही है।
06:51 PM, 29-Jul-2022
India vs Ghana Hockey Live: पहले क्वार्टर के बाद भारत 1-0 से आगे
पहला क्वार्टर समाप्त हो गया है। भारत 1-0 से आगे है। उसने लगातार कई हमले किए, लेकिन घाना की टीम मजबूती से गोलपोस्ट के सामने डटी रही। उसने भारत को एक से ज्यादा गोल दागने से रोके रखा है। अब देखना है कि भारत दूसरे क्वार्टर में कितने गोल दाग पाता है।
06:40 PM, 29-Jul-2022
India vs Ghana Hockey Live: गुरजीत ने खोला खाता
महिला हॉकी में भारत और घाना का मुकाबला शुरू हो गया है। गुरजीत कौर ने भारत को पहले क्वार्टर में बढ़त दिलाई। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार गोल किया।
06:21 PM, 29-Jul-2022
India vs Ghana Hockey Live: भारत की शुरुआती इलेवन
सविता पूनिया (गोलकीपर और कप्तान), दीप ग्रेस एक्का (उपकप्तान), गुरजीत कौर, उदिता, सुशीला चानू, ज्योति, सलीमा टेटे, शर्मिला देवी, नेहा, नवनीत कौर, वंदना कटारिया।
06:12 PM, 29-Jul-2022
India vs Ghana Hockey Live: पिछली बार महिला टीम को नहीं मिला था पदक
गोल्ड कोस्ट (2018) में भारतीय महिलाएं चौथे स्थान पर रहकर बिना पदक ही लौटी थीं। इस बार सविता पूनिया की टीम पदक लेकर ही लौटना चाहेगी। हाल ही में हुए विश्वकप में भी भारत 9वें स्थान पर रहा था। हालांकि पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिलाएं चौथे स्थान पर रही थीं। उससे उनका हौसला बढ़ा हुआ है।
05:45 PM, 29-Jul-2022
India vs Ghana Hockey Live: भारतीय महिला हॉकी टीम की धमाकेदार शुरुआत, घाना को पहले मैच में 5-0 से रौंदा
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारतीय महिला हॉकी टीम राष्ट्रमंडल खेलों में 16 वर्षों से चले आ रहे पदक के सूखे को खत्म करने के इरादे से थोड़ी देर में घाना के खिलाफ जीत दर्ज कर अपने अभियान की शुरुआत करेगी। भारत पूल ए में इंग्लैंड, कनाडा, वेल्स और घाना के साथ है। वहीं पूल बी में ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड और केन्या हैं।