Live
Asian Games Live: भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने और वुशु में रोशिबिना ने पदक किए पक्के, क्रिकेट में आया सोना
{"_id":"6ab1d17627beed16ff0835a9","slug":"asian-games-2026-live-22-september-latest-updates-results-scores-medals-and-india-s-campaign-2026-09-22","type":"live","status":"publish","title_hn":"Asian Games Live: भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने और वुशु में रोशिबिना ने पदक किए पक्के, क्रिकेट में आया सोना","category":{"title":"Sports","title_hn":"खेल","slug":"sports"}}
Tue, 22 Sep 2026 03:38 PM IST
स्वप्निल शशांक
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Tue, 22 Sep 2026 03:38 PM IST
खास बातें
Asian Games 2026 Live 22 September: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशियन गेम्स 2026 के मंगलवार के मुकाबलों में भारत कई खेलों में चुनौती पेश कर रहा है। बैडमिंटन, शूटिंग, क्रिकेट, हॉकी, मुक्केबाजी, वुशु, कबड्डी और अन्य खेलों से जुड़े सभी लाइव अपडेट यहां मिलेंगे। भारत के मुकाबलों के स्कोर, नतीजे और पदक से जुड़ी हर जानकारी के लिए लाइव ब्लॉग से जुड़े रहें।
विज्ञापन
लक्ष्य सेन
- फोटो : Twitter
लाइव अपडेट
03:37 PM, 22-Sep-2026
Asian Games Live: हॉकी: भारत बनाम श्रीलंका मुकाबला शुरू
भारत और श्रीलंका के बीच पूल-ए का मुकाबला शुरू हो गया है। अपने पहले मैच में इंडोनेशिया को 13-1 से करारी शिकस्त देने के बाद भारतीय टीम की नजरें अब लगातार दूसरी जीत दर्ज करने पर हैं। टीम इंडिया ने पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया था और उसी लय को श्रीलंका के खिलाफ भी बरकरार रखना चाहेगी।03:31 PM, 22-Sep-2026
Asian Games Live: वुशु में रोशिबिना देवी सेमीफाइनल में, पदक पक्का
भारत की रोशिबिना देवी ने मकाऊ चीन की चू मैन सिन को डब्ल्यूपीडी (अंकों के अंतर से जीत) के जरिए हराकर महिलाओं के 60 किग्रा सांडा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इस जीत के साथ रोशिबिना ने भारत का एक और पदक पक्का कर दिया है। वह एशियन गेम्स में इस स्पर्धा में पहले रजत पदक जीत चुकी हैं, जबकि 2018 एशियन गेम्स में उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया था।
विज्ञापन
03:24 PM, 22-Sep-2026
Asian Games Live: तैराकी 4x100 मीटर मेडले रिले में भारत आठवें स्थान पर
भारतीय चौकड़ी ऋषभ दास, आकाश मणि, बेनेडिक्शन बेनिस्टन और धनुष सुरेश ने पुरुषों की 4x100 मीटर मेडले रिले के फाइनल में आठवां स्थान हासिल किया। भारत ने रेस पूरी करने में 3 मिनट 44.26 सेकंड का समय लिया।
02:45 PM, 22-Sep-2026
Asian Games Live: भारत का एक और पदक पक्का
भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने जापान को 3-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया और एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। आयुष शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोकी वातानाबे को सीधे गेम में हराया। इसके साथ ही भारत ने क्वार्टर फाइनल में जापान पर 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। इस जीत के साथ भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया है और एक और पदक पक्का कर लिया है। भारतीय पुरुष बैडमिंटन इस पदक को स्वर्ण में बदलना चाहेगी।- पहले मैच में लक्ष्य सेन ने कोडाई नाराओका को 11-21, 21-5, 21-19 से हराया था।
- फिर दूसरे मैच में सात्विक चिराग ने ताकुरो और युगो की जोड़ी को 21-18, 24-22 से हराया।
- तीसरे मैच में अपना पहला एशियन गेम्स खेल रहे आयुष शेट्टी ने 21-10, 21-19 से जीत दर्ज की और भारत का पदक पक्का कर दिया।
- सेमीफाइनल में भारत का सामना दक्षिण कोरिया और चीन के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
02:44 PM, 22-Sep-2026
Asian Games Live: बॉक्सिंग में जादुमणि अगले दौर में पहुंचे
जादुमणि के दमदार लेफ्ट हुक के बाद थापा को स्टैंडिंग काउंट का सामना करना पड़ा, जिससे मुकाबले के आखिरी चरण में भारतीय मुक्केबाज को स्पष्ट बढ़त मिल गई। जादुमणि ने इसके बाद संयम बनाए रखा और प्रतिद्वंद्वी के बड़े पंचों से बचते हुए एक और सटीक काउंटर लगाया। इससे मुकाबला पूरी तरह उनके पक्ष में चला गया। जादुमणि ने अंत में सर्वसम्मत 5-0 से जीत दर्ज की और राउंड ऑफ 16 में जगह पक्की कर ली।02:27 PM, 22-Sep-2026
Asian Games 2026 Live: आयुष जीत की ओर
आयुष शेट्टी ने पहला गेम 21-10 से अपने नाम किया। भारत अगर क्वार्टर फाइनल जीतता है तो पदक पक्का कर लेगा। कोकी वातानाबे के पास आयुष के स्मैश का कोई जवाब नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन
02:26 PM, 22-Sep-2026
Asian Games 2026 Live: भारत की जापान पर 2-0 की बढ़त
भारत ने जापान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में शानदार वापसी करते हुए 2-0 की बढ़त बना ली है। महिला टीम के 1-3 से हारने के बाद पुरुष टीम ने जापान पर दबाव बना दिया है। लक्ष्य सेन के बाद सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने जापान के होकी/कोबायाशी की जोड़ी को सीधे गेम में हराकर भारत को दूसरी जीत दिलाई। सात्विक-चिराग ने दूसरे गेम में शानदार खेल दिखाते हुए मुकाबला 24-22 से अपने नाम किया। भारत अब क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 2-0 से आगे है। अब तीसरे मुकाबले में आयुष शेट्टी का सामना विश्व नंबर-16 कोकी वातानाबे से होगा।02:25 PM, 22-Sep-2026
Asian Games 2026 Live: भारत ने जीता स्वर्ण पदक
अब वह पल आ गया है, जिसने पिछले कुछ घंटों की हर रन, विकेट और जश्न को यादगार बना दिया। हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारतीय टीम स्वर्ण पदक लेने के लिए पोडियम पर पहुंची। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा पूरे अभियान में भारत के शानदार प्रदर्शन के केंद्र में रहीं।मंधाना की 79 रन की पारी की बदौलत भारत ने रिकॉर्ड 216/3 का स्कोर बनाया। शेफाली ने 48 रन की पारी के बाद गेंद से भी दो अहम विकेट लिए, जबकि ऋचा घोष ने आखिरी ओवरों में तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए भारत के स्कोर को और मजबूत किया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को 69 रन पर समेट दिया और भारत ने 147 रन से जीत दर्ज की।
हांगझोउ में तीन साल पहले महिला क्रिकेट का पहला एशियाई खेल स्वर्ण जीतने के बाद भारत ने इस बार भी अपना खिताब सफलतापूर्वक बचा लिया। यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का पहला स्वर्ण पदक भी है।
02:10 PM, 22-Sep-2026
Asian Games Live: पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी। उन्होंने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे आत्मविश्वास, कौशल और शानदार टीमवर्क से भरा प्रदर्शन बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जीत इस एशियन गेम्स में भारत का पहला स्वर्ण पदक भी लेकर आई है। उन्होंने कहा कि टीम ने देश को गौरवान्वित किया है और वह देशभर के अनगिनत युवा क्रिकेटरों को प्रेरित करेगी।प्रधानमंत्री ने पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा, 'भारतीय क्रिकेट के लिए शानदार जीत! एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली हमारी महिला क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई। खेलों में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा, जिसमें आत्मविश्वास, कौशल और बेहतरीन टीमवर्क देखने को मिला। यह जीत इस संस्करण में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक भी लेकर आई है। टीम ने देश को गौरवान्वित किया है और देशभर के अनगिनत युवा क्रिकेटरों को प्रेरित करेगी। पूरी टीम को मेरी शुभकामनाएं।'
02:09 PM, 22-Sep-2026
Asian Games Live: भारत ने जीता पहला स्वर्ण पदक
भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर एशियन गेम्स 2026 में पहला स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारतीय टीम ने इसके साथ ही एशियाड में अपने स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव किया। भारत ने फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट पर 216 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर ढेर हो गई। इस तरह भारतीय महिला टीम ने 147 रनों के अंतर से जीत दर्ज की। श्रीलंका ने रजत और पाकिस्तान ने महिला क्रिकेट में कांस्य पदक अपने नाम किया।भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर बनाया था। भारत के लिए इस मैच में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और ऋचा घोष ने बल्ले से दमदार प्रदर्शन किया। वहीं, दीप्ति शर्मा की अगुआई में गेंदबाजों का प्रदर्शन भी जोरदार रहा। भारतीय टीम शुरुआत से ही खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही थी और टीम ने अपना दबदबा जारी रखा। महिला क्रिकेट टीम ने इस तरह आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत का स्वर्ण पदक का इंतजार खत्म किया।