फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

एशियाड: भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम और वुशु में रोशिबिना ने पदक किए पक्के, क्रिकेट में आया सोना; हॉकी टीम जीती

Tue, 22 Sep 2026 05:35 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया Published by: स्वप्निल शशांक Updated Tue, 22 Sep 2026 05:35 PM IST
खास बातें

एशियन गेम्स 2026 के तीसरे दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला क्रिकेट टीम ने पहला स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुरुष बैडमिंटन टीम ने जापान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और पदक पक्का किया। वुशु में रोशिबिना देवी ने भी लगातार तीसरा एशियन गेम्स पदक सुनिश्चित किया। वहीं, हॉकी टीम ने श्रीलंका को 16-1 से हराकर बड़ी जीत दर्ज की।

विज्ञापन
Asian Games 2026 Highlights 22 September: Latest Updates, Results, Scores, Medals And India’s Campaign
लक्ष्य सेन - फोटो : Twitter

लाइव अपडेट

05:31 PM, 22-Sep-2026

Asian Games Highlights: तीसरा दिन कैसा रहा?

तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के साथ ही एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए एक और शानदार दिन का समापन हुआ। भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने जापान को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और टीम स्पर्धा में भारत का पदक पक्का किया। वहीं, महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को अभियान का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। वुशु में रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किग्रा सांडा वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर एशियन गेम्स में अपना लगातार तीसरा पदक सुनिश्चित किया। इसके अलावा हॉकी में भारतीय पुरुष टीम ने श्रीलंका को 16-1 से हराकर लगातार दूसरी बड़ी जीत दर्ज की। हालांकि, टेबल टेनिस महिला टीम को क्वार्टर फाइनल में उत्तर कोरिया के हाथों 0-3 से हारकर पदक की दौड़ से बाहर होना पड़ा, जबकि तैराकी में पुरुष 4x100 मीटर मेडले रिले टीम फाइनल में आठवें स्थान पर रही। जिम्नास्टिक्स में प्रणति नायक ने वॉल्ट के फाइनल में जगह बनाकर भारत की उम्मीदें कायम रखीं। कुल मिलाकर, पदकों के लिहाज से भारत के लिए तीसरा दिन कई बड़ी उपलब्धियों और कुछ निराशाओं से भरा रहा।
05:27 PM, 22-Sep-2026

Asian Games Live: भारत ने श्रीलंका को 16-1 से रौंदा

एशियन गेम्स के पूल-ए मुकाबले में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 16-1 से शानदार जीत दर्ज की। भारत की ओर से जुगराज सिंह ने हैट्रिक लगाई, जबकि सुखजीत सिंह, अभिषेक और हरमनप्रीत सिंह ने भी गोल दागे। भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में लगातार दबाव बनाए रखा और शानदार फिनिशिंग के दम पर लगातार दूसरी बड़ी जीत हासिल की। इससे पहले भारत ने अपने शुरुआती मुकाबले में इंडोनेशिया को 13-1 से हराया था।

विज्ञापन
05:20 PM, 22-Sep-2026

Asian Games Live: पुरुष 4x100 मीटर मेडले रिले में भारत आठवें स्थान पर

एशियन गेम्स में भारतीय तैराकी टीम का निराशाजनक अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। पुरुषों की 4x100 मीटर मेडले रिले टीम फाइनल में आठवें और आखिरी स्थान पर रही। उत्कर्ष पाटिल, दानुश सुरेश, रोहित बेनेडिक्टन और आकाश मणि की भारतीय चौकड़ी ने 3:44.26 का समय लिया। स्वर्ण पदक जीतने वाले चीन ने 3:27.89 के समय के साथ रेस पूरी की और भारत से 16.37 सेकंड आगे रहा।

भारतीय टीम ने हीट्स में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 3:40.41 का समय निकाला था और 16 टीमों में सातवें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। इससे पहले दिन में आर्यन नेहरा पुरुषों की 1500 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल बी में 15:34.71 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे।

05:17 PM, 22-Sep-2026

Asian Games Live: प्रणति नायक ने वॉल्ट फाइनल के लिए किया क्वालिफाई

भारत की एकमात्र जिम्नास्ट प्रणति नायक ने मंगलवार को एशियन गेम्स की आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स स्पर्धा के वॉल्ट फाइनल में जगह बना ली। प्रणति ने क्वालिफिकेशन में 12.916 के कुल स्कोर के साथ सातवां स्थान हासिल किया। वह 19 जिम्नास्टों में सातवें स्थान पर रहीं, जिन्होंने वॉल्ट के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है। फाइनल मुकाबला 24 सितंबर को खेला जाएगा।

एशियन जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप में तीन बार कांस्य पदक जीत चुकीं प्रणति ने पहले वॉल्ट में 13.000 अंक हासिल किए, जिसमें डिफिकल्टी के 4.4 और एग्जीक्यूशन के 8.600 अंक शामिल रहे। दूसरे वॉल्ट में उन्होंने 12.433 अंक जुटाए, जिसमें डिफिकल्टी के 4.0 और एग्जीक्यूशन के 8.433 अंक रहे। बंगाल की इस जिम्नास्ट के प्रदर्शन से अब भारत की नजरें वॉल्ट फाइनल में उनके पदक प्रयास पर होंगी।
05:09 PM, 22-Sep-2026

Asian Games Live: भारत का टेबल टेनिस अभियान खत्म

महिला टीम टेबल टेनिस के क्वार्टर फाइनल में भारत को उत्तर कोरिया के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा और टीम का एशियन गेम्स अभियान बिना पदक के समाप्त हो गया। श्रीजा अकुला और यशस्विनी घोरपड़े के सीधे गेमों में हारने के बाद दीया चिताले भी भारत को मुकाबले में बनाए नहीं रख सकीं। दीया को सु योंग चा ने 11-9, 11-7, 11-8 से हराया। इस जीत के साथ उत्तर कोरिया ने क्लीन स्वीप करते हुए भारत की पदक उम्मीदों पर विराम लगा दिया।

04:40 PM, 22-Sep-2026

Asian Games Live: टेबल टेनिस में भारत 0-2 से पीछे

महिला टीम टेबल टेनिस के क्वार्टर फाइनल में भारत की मुश्किलें बढ़ गई हैं। श्रीजा अकुला के बाद यशस्विनी घोरपड़े को भी हार का सामना करना पड़ा। यशस्विनी को उत्तर कोरिया की सोंग ग्योंग प्योंग ने सीधे गेमों में 3-0 से हराया। उन्होंने 11-4, 11-3, 11-6 से मुकाबला अपने नाम किया। भारत अब टाई में 0-2 से पीछे है और दीया चिताले पर टीम को मुकाबले में बनाए रखने की जिम्मेदारी है। दीया का सामना चा सु योंग से होगा। भारत को वापसी की उम्मीद बनाए रखने के लिए यह मुकाबला जीतना जरूरी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
04:18 PM, 22-Sep-2026

Asian Games Live: टेबल टेनिस में भारत को झटका, श्रीजा का सफर क्वार्टर फाइनल में थमा

भारत की श्रीजा अकुला को एशियन गेम्स 2026 में महिला टेबल टेनिस टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। शानदार फॉर्म में चल रही श्रीजा को उत्तर कोरिया की कुम योंग किम ने सीधे गेमों में 3-0 से हराया। कुम योंग किम ने 11-7, 11-6, 11-5 से मुकाबला अपने नाम किया। श्रीजा की हार से एशियन गेम्स में टेबल टेनिस टीम स्पर्धा में भारत के पहले पदक की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

04:17 PM, 22-Sep-2026

Asian Games Live: जय मीना सॉफ्ट टेनिस क्वार्टर फाइनल में

भारत के जय मीना ने सॉफ्ट टेनिस के पुरुष एकल वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। ग्रुप डी के मुकाबले में जय ने पाकिस्तान के अरैन हुसैन को 4-0 से हराया। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना फिलीपींस के शेरविन नुगुइट से होगा। वहीं, आर्यन ठाकुर और आध्या तिवारी ने भी एकल मुकाबलों में जीत दर्ज कर भारत के लिए दिन को और बेहतर बनाया।

03:54 PM, 22-Sep-2026

Asian Games Live: वुशु क्वार्टर फाइनल में आर्यन की हार

एशियन गेम्स 2026 में भारत के आर्यन की वुशु में पदक जीतने की उम्मीदें खत्म हो गईं। पुरुषों के 56 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में उज्बेकिस्तान के अब्दुराशितोव सायदुल्लो ने शानदार वापसी करते हुए आर्यन को मात दी। पहले राउंड में पिछड़ने के बाद सायदुल्लो ने दूसरे और तीसरे राउंड में 5-0 से जीत दर्ज कर मुकाबला अपने नाम किया। इसके साथ ही एक ही दिन वुशु में दो पदक जीतने की भारत की उम्मीद भी समाप्त हो गई।

03:37 PM, 22-Sep-2026

Asian Games Live: हॉकी: भारत बनाम श्रीलंका मुकाबला शुरू

भारत और श्रीलंका के बीच पूल-ए का मुकाबला शुरू हो गया है। अपने पहले मैच में इंडोनेशिया को 13-1 से करारी शिकस्त देने के बाद भारतीय टीम की नजरें अब लगातार दूसरी जीत दर्ज करने पर हैं। टीम इंडिया ने पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया था और उसी लय को श्रीलंका के खिलाफ भी बरकरार रखना चाहेगी।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed