Rajasthan Election 2023 Live: दौसा में प्रियंका ने कहा- एक तरफ गहलोत का अनुभव, दूसरी तरफ पायलट जैसे युवा नेता
Rajasthan Vidhan Sabha Chunav 2023 News in Hindi: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और महासचिव प्रियंका गांधी दौसा में सिकराय के कांदोली में जनसभा को संबोधित कीं। इस दौरान उन्होंने ERCP को लेकर बीजेपी पर जुबानी हमला बोला। बता दें, आज दौसा में इस जन जागरण यात्रा का समापन रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लाइव अपडेट
- राजस्थान में आज मिनिमम इनकम गारंटी कानून लागू है। 5 लाख गिग वर्कर्स को रोजगार की गारंटी दी जा रही है।
- राजस्थान में 309 नए कॉलेज और 9 नई सरकारी यूनिवर्सिटी बने हैं। मैं अभी तेलंगाना में थी वहां 5 सालों में एक भी यूनिवर्सिटी नहीं बनी है।
- ये सब काम भाजपा को पच नहीं रहे हैं। क्योंकि जब हम इस तरह का काम करके दिखाते हैं तो उनकी मजबूरी होती है उन्हें भी वह काम करना पड़े।
- प्रधानमंत्री जब यहां आते हैं तो कहते हैं कि मेरे नाम पर वोट डालें तो क्या वे पीएम पद से इस्तीफा देकर यहां सीएम बनेंगे। क्या उन्हें यहां कोई चेहरा नहीं मिल रहा।
- भाजपा की सरकार यहां वापस आएगी तो पुरानी पेंशन खत्म, सोचिए गैस सिलेंडर का क्या होगा, क्या आपको 25 लाख का मुफ्त इलाज मिलेगा या नहीं। भाजपा में सब नेता खुद को मुख्यमंत्री घोषित कर रहे हैं।
- आज पूरी भाजपा बिखरी हुई है। यहां पूरी पार्टी एक जुट होकर मंच पर बैठी है। राजस्थान का रिवाज बदल डालो इस बार कांग्रेस को लाओ। इस बार आंखे खोलकर अपना वोट दो।
- एक तरफ गहलोत जी का अनुभव है, दूसरी तरफ सचिन पायलट जैसे युवा नेता जो आपके भविष्य की तरफ देखते हुए आपके लिए मेहनत करते हैं।
असली नेता वर्तमान और भविष्य की ओर देखता है। वह अतीत की बात नहीं करता। जो नेता सचमुच चाहते हैं कि प्रदेश और देश आगे बढ़े वह सिर्फ अपना मान सम्मान नहीं देखते। बड़ी-बड़ी बिल्डिंगे बनाना, 20 हजार करोड़ का संसद भवन बनाना यह भाजपा के नेता करते हैं। प्रधानमंत्री 8-8 हजार करोड़ के हवाई जहाज खरीद रहे हैं और किसानों का कर्ज माफ करने की मांग पर कहते हैं कि पैसा नहीं है। आप सोचिए कि आपकी उम्मीद थी कि वे देश की रक्षा करेंगे लेकिन हुआ क्या देश की कंपनियों को अपने पूंजीपति मित्रों को बेच दिया। जहां आरक्षण मिलता था वह भी नहीं मिलेगा। आज यह नौबत आ गई है कि प्रदेश की सरकार महंगाई राहत कैंप लगा रही है। क्योंकि देश की सरकार ने महंगाई बढ़ा दी है।
जब-जब चुनाव आता है वे धर्म की बात करते हैं। धर्म को कोई हिंदुस्तानी नहीं नकार सकता। पर आपको ध्यान देना होगा कि यह बात चुनाव के समय क्यों उठ रही है। जब तमाम कांग्रेस की सरकारें ओपीएस दे रही हैं तो ये क्यों नहीं दे सकते, यह आपको पूछना पड़ेगा। आपको चुनना पड़ेगा कि आपको ऐसी राजनीति चुननी है जो सिर्फ आपके जज्बातों की बात करती है, या ऐसी जो आपका काम करे। लालच, महत्वाकांक्षा की राजनीति आपको आगे नहीं बढ़ाएगी। मैंने टीवी पर देखा, पता नहीं सच है या नहीं प्रधानमंत्री यहां देव नारायण मंदिर आए थे जब उनका लिफाफा खोला तो 21 रुपए निकले। देश में यही हो रहा है। आपको बड़े-बड़े लिफाफे दिए जा रहे हैं जब आप उसको खोलते हैं तो उसमें कुछ नहीं निकलता है। ईआरसीपी पर प्रधानमंत्री सिर्फ जुमले बाजी होती है। यह सिर्फ एक परियोजना नहीं है यहां के लिए गंगा की तरह है। आप यहां आज तक ईआरसीपी का इंतजार कर रहे हैं। पंडित जवाहर लाल नेहरू ने देश की 60 से अधिक बड़े बांध की परियोजनाएं बनाई। इनके बाद इंदिरा गांधी और लाल बहादुश शास्त्री ने इसको आगे बढ़ाया।
उन्होंने कहा, जो बच्चे देश के लिए तैनात होने के लिए तैयार है और आपने अग्निवीर जैसी योजना निकाल दी। कोई बच्चा अब जाना ही नहीं चाहता। भयानक बेरोजगारी है जहां से रोजगार बन सकता था वह इन्होंने अपने उद्योगपति मित्रों को दे दिए। गांवों में रोजगार बनते थे तो इन्होंने मनरेगा को भी कम कर दिया। जीएसटी थोपी और नोटबंदी कर दी। इंडोनेशिया से यहां कोयला लाते हैं और लाते-लाते इसके दाम दोगुने कर देते हैं। सरकार इन उद्योगपति मित्रों को मजबूत करने का काम कर रही है। राजस्थान सरकार ने केंद्र सरकार की महंगाई से बचाने के लिए आपके लिए महंगाई राहत कैंप लगाए हैं। जो स्वास्थ्य बीमा आपको मिल रहा है वह देश में और कहीं नहीं है। छत्तीसगढ़ में कुछ समय पहले शुरू हुआ है वहां भी कांग्रेस की सरकार है। गैस सिलेंडर आपको 500 रुपए में मिल रहा है।
- भीलवाड़ा के कोटड़ी में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसके टुकडे टुकड़े करके जला दिया गया, तब कहां थीं आप?
- प्रतापगढ़ के धरियावद में जब एक आदिवासी बेटी को निर्वस्त्र कर घुमाया गया और प्रशासन ने चुप्पी साध रखी थी तब भी खामोश क्यों थीं आप?
- सवाईमाधोपुर के बौंली में महिला से रेप करके उसे कुएं में फेंक दिया गया, इस पर भी आपकी खामोशी क्यों छाई रही?
- करौली के नादौती में दलित समाज की बेटी के साथ दुष्कर्म किया गया फिर उस पर एसिड डालकर कुएं में फेंक दिया गया। फिर भी आपकी अंतरात्मा ने आपको क्यों नहीं धिक्कारा?
- जयपुर के जमवारामगढ़ में एक किन्नर के चेहरे पर पेट्रोल डालकर जला दिया गया, फिर भी उसकी चीख आप तक क्यों नहीं पहुंची?
प्रियंका गांधी ने कहा, सारा भाई बहनन कूं राम-राम सा। यहां आते-आते मैंने अशोक गहलोत जी से निवेदन किया है कि समय मिले तो मेहंदीपुर बालाजी जाऊं। दौसा ने देश को पंडित नवल किशोर शर्मा और राजेश पायलट जैसे नेता दिए। महिलाओं से कहा कि आज कल आपके खेतों में बहुत काम है इसके लिए आपको बहुत-बहुत धन्यवाद।
आने वाले वक्त में गारंटी आधारित सरकार चलेगी, हम चुनावों में आपको और गारंटी देंगे
सीएम गहलोत ने कहा, हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग करते हैं कि पूरे देश के अंदर राइट टू सोशल सिक्योरिटी लागू करने की घोषणा करो। आप विश्व गुरु बनने की बाते करते हो, यहां महिलाएं और बच्चे कुपोषण के शिकार हैं। दौसा में मेडिकल कॉलेज के अलावा नर्सिंग कॉलेज भी खुल रहा है। बहुत कुछ किया है हमने। आप हमारी सरकार पर विश्वास कीजिए। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कह रखा है कि वादा मत करो और यदि करते हो तो वादा निभाओ। हम अपने वादे पूरे करते हैं। हमने 10 वादे पूरे किए हैं। 40 लाख महिलाओं को मोबाइल मिल चुके हैं। एक करोड़ महिलाओं को और मोबाइल देंगे। आने वाले वक्त में गारंटी आधारित सरकार चलेगी। हम चुनावों में आपको और गारंटी देगी। हमारी सरकार वह सरकार है जो जीतते ही घोषणापत्र तो कैबिनेट कमेटी में लाते हैं।
गहलोत ने कहा, भाजपा वालों ने देश में आतंक मचा रखा है। संविधान की धज्जियां उड़ रही है। आज ज्यूडिशरी पर दबाव है। सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स पर दबाव बढ़ रहा है। कहने को कई बाते हैं कि शॉर्ट में कहना चाहूंगा, जैसा अभी सचिन पायलट कह रहे थे सारी बातें भूल करके लगना है। भाजपा कहती है कि हमारा चेहरा कमल का फूल होगा। क्या कमल का फूल सड़कें बनाएगा। चेहरा तो होना चाहिए न। अग्निवीर का एक बच्चा अभी मर गया उसकी लाश को किसी ने पूछा तक नहीं। इसलिए मैं कहना चाहूंगा कि यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है।
सीएम गहलोत ने कहा, मोदी सरकार ने हमारे साथ धोखा किया है। हमने उनकी कोई योजना बंद नहीं की। रिफाइनरी को हमने आगे बढ़ाया। दौसा के लिए हमने 14 हजार करोड़ के काम मंजूर कर दिए हैं। ईआरसीपी का सबसे पहला फायदा दौसा को मिलेगा। भारत सरकार का मंत्री शेखावत राजस्थान का ही है और वह राजस्थान को गुमराह कर रहा है ईआरसीपी को लेकर। हमने ईआरसीपी का जो मुद्दा बनाया है उससे यह योजना पूरी होकर रहेगी। दो दिन पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्ढा यहां आए ईआरसीपी का नाम तक नहीं लिया। हमारे अध्यक्ष खड़गे जी यहां ईआरसीपी के लिए आए। मुझसे सिकराय में कॉलेज मांगा, आज दौसा में 5 कॉलेज खोली गई। 70 साल में कभी ऐसा हुआ है। 5 सालों में हमने 250 कॉलेज खोल दी।
सीएम अशोक गहलोत ने कहा, एआईसीसी की महासचिव हमारी नेता प्रियंका गांधी का हार्दिक स्वागत करता हूं। मुझे खुशी है कि 25 दिन पहले वे निवाई आई थीं और आज सिकराय आई हैं। जो सैलाब यहां आया है वह इस बात का प्रतीक है कि आपका विश्वास कांग्रेस के साथ हैं। पांच साल में मैंने कोई काम मना नहीं किया है। मुरारी मीणा, परसादी मीणा को मैंने कभी किसी काम के लिए मना नहीं किया। ऐसा हिंदुस्तान में कहां होगा...ये मांगते मांगते थक गए मैं देता-देता नहीं थका। मैंने 33 से 53 जिले बना दिए। कुछ लोगों ने उसे लेकर आलोचना की। मैंने कहा कि विकास होने में वक्त लगता है। दौसा जिला बना था तब भी लोगों ने यही कहा थ। आज यहां मेडिकल कॉलेज बन रही है। बच्चा पैदा होता है तो बड़ा होने में थोड़ा वक्त लकता है।
गोविंद सिंह डोटासरा का बयान
हमारे बीच हमारी नेता प्रियंका जी आई हैं। हम सब उनका स्वागत करते हैं। देश के प्रधानमंत्री ने दो बार प्रदेश के लोगों के साथ वादा किया था कि 2019 में सत्ता में आए तो ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करेंगे। लेकिन दुख की बात है कि राजस्थान के केंद्रीय जल मंत्री होने के बाद भी भाजपा ने यह वादा नहीं निभाया। हमारी सरकार ने इसके लिए 23 हजार करोड़ रुपये का बजट देकर अपना वादा पूरा करने का काम किया है।
डोटासरा ने कहा, हमने शानदार काम किए हैं। 25 लाख का तक का इलाज फ्री, इंदिरा रसोई, ओपीएस, फ्री बिजली, सिलेंडर जैसे काम किए हैं। हमारा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को यह बता रहा है कि भाजपा ने जो वादे किए उन्हें पूरा नहीं किया। भाजपा के सांसदों को विधानसभा चुनावों में उतार कर भाजपा 2023 की लड़ाई नहीं लड़ना चाहती। बल्कि वह 2024 की अपनी एंटी इनकमबेंसी कम करना चाहती हैं।
सचिन पायलट का बयान...
यहां के क्षेत्र के लोगों ने हमेशा कांग्रेस का साथ दिया है। मुझे गर्व है कि मैं यहां का सांसद रहा हूं। इस हाथ की पहचान को आपने हमेशा बरकरार रखा। आज यहां पर हमारी सरकार है और केंद्र में भाजपा की सरकार है। ईआरसीपी पर 5 साल में हमारी सरकार ने काम किया है। लेकिन केंद्र की सरकार भेदभाव की भावना से काम कर ही है। इसलिए यहां के लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2-2 बार यहां आकर कहा था कि ईआरसीपी लागू करेंगे। लेकिन प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है इसलिए वे भेदभाव कर रहे हैं।
तेलंगाना में कांग्रेस की लहर चल रही है
राजस्थान में तीस साल की परिपाटी चलती आई है कि एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा। यह परिपाटी हमें तोड़नी पड़ेगी। अच्छे समय में सब शामिल होते हैं लेकिन कठिन समय में तो सिर्फ अपने शामिल होते हैं। किसी का कोई छोटा मोटा मनमुटाव है तो भूल जाओ। अब तो हर जगह मोहब्बत की दुकान खोलनी है। भाजपा घबराई हुई है कि किसको कहां से टिकट दें।