Jharkhand Bandh: 14वीं JPSC की PT समेत 2023-25 में हुई परीक्षाएं होंगी रद्द; छात्रों ने निकाला मौन मार्च
झारखंड छात्र आंदोलन को देखते हुए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। विधानसभा में मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि 14वीं JPSC की प्रारंभिक परीक्षा (PT) समेत वर्ष 2023 और 2025 में JPSC द्वारा आयोजित की गई परीक्षाओं को रद्द किया जाएगा। इसके अलावा पेपर लीक मामले में एक और व्यक्ति की गिरफ्तारी मुंबई से की हुई है। छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से फिरायालाल चौक तक मौन मार्च निकाला।
लाइव अपडेट
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से फिरायालाल चौक तक छात्रों ने निकाला मौन मार्च
झारखंड में JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता के खिलाफ राजधानी रांची में छात्रों का आंदोलन मंगलवार को 18वें दिन भी जारी रहा। शाम करीब सात बजे हजारों की संख्या में आंदोलनरत छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से फिरायालाल चौक तक मौन मार्च निकाला। हाथों में मोबाइल की फ्लैश लाइट, चेहरे पर मास्क और हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर छात्र पूरी तरह खामोश रहे। मौन मार्च के दौरान छात्रों ने नारेबाजी नहीं की। उनके हाथों में मौजूद बैनर और पोस्टर ही उनकी आवाज बने। छात्रों ने अलग-अलग संदेशों के माध्यम से परीक्षा में कथित गड़बड़ी, पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग को सामने रखा। मार्च में डेलिगेशन के कुछ छात्र भी शामिल रहे। एक छात्रा शिबू सोरेन की तस्वीर लेकर मौन मार्च करती नजर आई।आंदोलनरत छात्रों की प्रमुख मांगों में JSSC CGL परीक्षा को रद्द करना, JPSC की ओर से आयोजित विवादित परीक्षाओं को रद्द करना और पूरे मामले की CBI जांच कराना शामिल है। छात्रों का कहना है कि अब वे किसी अन्य मंत्री या प्रतिनिधिमंडल से बातचीत नहीं करना चाहते, बल्कि सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से संवाद करना चाहते हैं। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगों और आंदोलन की स्थिति पर मुख्यमंत्री को स्वयं उनसे बातचीत करनी चाहिए।
JPSC मामले पर CM हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान, परीक्षाएं रद्द होंगी
झारखंड में JPSC परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को विधानसभा में बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है और JPSC तथा JSSC से जुड़े मामलों की जांच कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने सदन में घोषणा की कि 14वीं JPSC की प्रारंभिक परीक्षा (PT) समेत वर्ष 2023 और 2025 में JPSC द्वारा आयोजित की गई परीक्षाओं को रद्द किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने 11वीं और 13वीं JPSC परीक्षा, FRO, APP तथा TDPL द्वारा आयोजित परीक्षाओं की भी जांच कराने की घोषणा की।मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद JSSC CGL परीक्षा भी जांच के दायरे में आ गई है। दरअसल, TDPL ने ही JSSC CGL परीक्षा का आयोजन किया था। ऐसे में सरकार के फैसले को प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की व्यापक जांच के तौर पर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री की घोषणा को JPSC-JSSC परीक्षा विवाद के बीच सरकार की ओर से अब तक के सबसे बड़े फैसलों में से एक माना जा रहा है।
झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। वैसे सत्र की सीमा 12 अगस्त तक प्रस्तावित थी। माना जा रहा है कि छात्र आंदोलन के चलते ऐसा फैसला सरकार की तरफ से लिया गया है।JSSC जेई पेपर लीक मामले में परीक्षा संचालन एजेंसी के निदेशक अरुण कुमार गिरफ्तार, मुंबई से SIT ने दबोचा
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 3 जुलाई 2022 को आयोजित जूनियर इंजीनियर नियुक्ति परीक्षा के पेपर लीक मामले में SIT को बड़ी सफलता मिली है। परीक्षा संचालन एजेंसी के निदेशक अरुण कुमार को SIT ने मुंबई से गिरफ्तार किया है। यह परीक्षा 1279 पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित हुई थी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्नपत्र और उसके उत्तर के बाजार में पहुंचने के आरोप सामने आए थे। जांच में यह भी सामने आया कि परीक्षा से पहले कथित तौर पर प्रश्नों के उत्तर लिखे हुए उपलब्ध कराए गए थे, जिन्हें अभ्यर्थियों तक पहुंचाया गया। पेपर लीक के आरोपों के बाद JSSC ने 3 जुलाई 2022 को आयोजित इस परीक्षा को रद्द कर दिया था। बाद में मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अरुण कुमार की गिरफ्तारी को SIT की जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है।छात्रों पर पुलिस कार्रवाई क्यों की जाती है-अभिजीत दीपके
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने छात्रों का समर्थन किया है।
पढ़िए पूरी खबर: ‘राजनीतिक दलों पर क्यों नहीं, छात्रों पर ही क्यों?’ झारखंड में लाठीचार्ज पर दीपके का तीखा सवाल
#WATCH छत्रपति संभाजी नगर, महाराष्ट्र | झारखंड में छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा, "जब राजनीतिक पार्टियां विरोध-प्रदर्शन करती हैं, तो आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल क्यों नहीं किया जाता? सिर्फ़ छात्रों के खिलाफ़ ही… pic.twitter.com/J27Y9YZx0v
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 11, 2026
110 ABVP कार्यकर्ताओं को लिया गया हिरासत में
बस पर चढ़ें ABVP के कार्यकर्ता
रांची में JPSC-JSSC विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ राज्य सरकार के विरोध में ABVP कार्यकर्ता पुलिस की बस पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।#WATCH रांची, झारखंड: कल रांची में JPSC-JSSC विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ राज्य सरकार के विरोध में ABVP कार्यकर्ता पुलिस की बस पर चढ़ गए।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 11, 2026
प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। pic.twitter.com/FFZA3Fx5RL
Jharkhand Bandh Today Live Updates News in Hindi: रांची के अलावा दूसरे जिलों में भी बंद का असर
राजधानी रांची के अलावा झारखंड के विभिन्न जिलों से भी बंद के असर की खबरें सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता बाजार बंद कराने और विरोध प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरे हैं। कई इलाकों में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। वहीं, प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है। भाजपा ने यह बंद मुख्य रूप से JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुलाया है। बंद के दौरान प्रशासन की नजर संवेदनशील इलाकों और प्रमुख बाजारों पर बनी हुई है।बंद के समर्थन में सुबह से सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता
बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही रांची के अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर उतर गए। हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लेकर कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। वहीं, कुछ जगहों पर बंद समर्थकों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। टायर जलाए जाने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।ABVP ने निकाला मार्च
छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मंगलवार को रांची में विधानसभा मार्च निकाला। बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ता मार्च करते हुए पुराने विधानसभा परिसर के पास पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।विधानसभा मार्च को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। जैसे ही ABVP कार्यकर्ता पुराने विधानसभा के पास पहुंचे, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच इस दौरान हल्की झड़प भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के बाद पुलिस ने मार्च में शामिल सभी छात्रों को हिरासत में ले लिया।
ABVP कार्यकर्ताओं ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और पुलिस कार्रवाई की जांच कराने की मांग की।