06:19 PM, 13-Feb-2023
लोकसभा की कार्यवाही 13 मार्च सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
02:18 PM, 13-Feb-2023
हम अदाणी मामले पर चर्चा चाहते हैं - कांग्रेस सांसद
कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने कहा, हम अदाणी मामले में चर्चा चाहते हैं, लेकिन केंद्र ऐसा नहीं चाहता है। हमें इस मुद्दे को सामने रखने का एक भी मौका नहीं मिला। जेपीसी जांच के आदेश क्यों नहीं दिए गए? पीएम जिस तरह से संसद में बोलते हैं, उस तरह से पीएम को बोलना नहीं चाहिए।
12:19 PM, 13-Feb-2023
राज्यसभा 13 मार्च तक स्थगित
संसद में विपक्ष के हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही को 13 मार्च तक स्थगित कर दिया गया है।
11:41 AM, 13-Feb-2023
वेल में पहुंचे विपक्षी सांसद
राज्य सभा में हंगामे के दौरान सांसद राघव चड्ढा, संजय सिंह, इमरान प्रतापगढ़ी, शक्ति सिंह गोहिल, संदीप पाठक और कुमार केतकर सहित अन्य वेल में पहुंच गए। इसके बाद सभापति ने सभी सांसदों को चेतावनी जारी की।
11:33 AM, 13-Feb-2023
राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित
संसद में विपक्ष के हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही 11ः30 बजे तक स्थगित कर दी गई है। विपक्षी सांसद विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के अंश निकाले जाने के बाद से हंगामा कर रहे थे।
11:25 AM, 13-Feb-2023
राहुल ने जो कुछ कहा, सब पब्लिक डोमेन में : खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी को लोकसभा सचिवालय के नोटिस पर कहा, राहुल गांधी ने संसद में जो कुछ भी कहा था वह पहले से पब्लिक डोमेन में है, जो सभी लोग बोलते-लिखते हैं वही बात उन्होंने कही है। इसमें कुछ भी असंसदीय नहीं है। इसलिए वह उसी हिसाब से नोटिस का जवाब देंगे।
11:23 AM, 13-Feb-2023
सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लागू करें- माकपा सांसद
माकपा सांसद डॉ. जॉन ब्रिट्स ने केंद्रीय श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र लिखकर कर्मचारी पेंशन योजना के तहत उच्च पेंशन पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को तत्काल लागू करने का अनुरोध किया है।
11:21 AM, 13-Feb-2023
15 फरवरी तक आरोपों को साबित करें राहुल : निशिकांत दुबे
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, बिना स्पीकर को नोटिस दिए आप प्रधानमंत्री पर इस तरह के आरोप नहीं लगा सकते। हमने राहुल गांधी को 15 फरवरी तक स्पीकर को सबूत दिखाने के लिए कहा है जो उनके दावों को साबित कर सकता है या उन्हें संसद में माफी मांगनी चाहिए अन्यथा वह अपनी लोकसभा सीट खो देंगे।
11:17 AM, 13-Feb-2023
संविधान निर्माताओं की भावना को आचरण में रखें सांसद- सभापति
राज्यसभा में विपक्षी सांसदों को शांत करवाते हुए सभापति ने कहा, सभी सांसद अपने आचरण में संविधान निर्माताओं की भावना को रखें और सदन की कार्यवाही में किसी तरह का व्यवधान न आने दें।
11:14 AM, 13-Feb-2023
संसद की कार्यवाही शुरू
राज्यसभा व लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। राज्यसभा में अदाणी मामले पर विपक्षी सांसदों का हंगामा जारी है।