Omicron live: तमिलनाडु में ओमिक्रॉन के मामलों में तेज इजाफा, हरियाणा में कोरोना के नए वैरिएंट के मामले बढ़े
देश में शुक्रवार को 24 घंटे के अंदर कोरोना के 16,746 नए मरीज सामने आए। वहीं ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। संक्रमितों की संख्या 1270 हो गई है। मुंबई में शाम पांच बजे के बाद सार्वजनिक स्थानों पर जाने पर पाबंदी लगाई गई है तो बेंगलुरू में शाम छह बजे के बाद प्रमुख सड़कों को बंद रखने का फैसला किया गया है।
लाइव अपडेट
हरियाणा में ओमिक्रॉन के 26 और मामले सामने आए
हरियाणा में शुक्रवार को कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के एक दिन में सबसे अधिक 26 मामले सामने आए, जिससे यहां मामलों की कुल संख्या बढ़कर 63 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है।
तमिलनाडु में ओमिक्रॉन के नए मामलों में इजाफा
तमिलनाडु में शुक्रवार को ओमिक्रॉन के नए मामलों में अचानक तेजी नजर आई और एक दिन में कोरोना वायरस के इस नए वैरिएंट के 76 मामले सामने आने के साथ इससे संक्रमितों की कुल संख्या 120 हो गई है। इसके मद्देनजर राज्य में शादी और अंतिम संस्कार में शामिल होने वालों लोगों की संख्या निर्धारित करने और अलग-अलग तरह के वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में ग्राहकों की संख्या आधी करने सहित कई पाबंदियों की घोषणा की गई।
बताया गया कि रेस्तरां, होटल और बेकरी 50 फीसदी क्षमता के साथ काम करेंगे और यही सीमा मनोरंजन पार्क के लिए भी होगी। कपड़ों और गहनों की दुकानों, जिम और योग केंद्र, मल्टीप्लेक्स और सिनेमा हॉल, स्पा, सैलून और इंडोर खेलो में भी कुल क्षमता के 50 फीसदी लोग ही एक समय में मौजूद रह सकेंगे। मेट्रो रेल का परिचालन भी 50 फीसदी बैठने की क्षमता के साथ होगा, जबकी सरकारी बसों में सीटों के बराबर ही यात्री सवार हो सकेंगे। विवाह समारोह में अधिकतम 100 और अंतिम संस्कार में अधिकतम 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे।
अंडमान में ओमिक्रॉन के दो मामले
अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में शुक्रवार को कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के दो मामलों का पता चला है। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। दोनों लोगों को यहां के सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
पश्चिम बंगाल में कोरोना के मामलों में तेज बढ़ोतरी
पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को कोरोना के 3451 नए मामले सामने आए, जिनमें से 1954 यानी 56 फीसदी मामले अकेले कोलकाता से हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। इससे पहले गुरुवार को राज्य में कोरोना के 2,128 मामले सामने आए थे, जिनमें महानगर से 1,090 मामले थे। पिछले 24 घंटे में राज्य में नए मामले 62 फीसदी बढ़े हैं जबकि इस पूर्वी महानगर में यह वृद्धि 79 फीसदी है।
होटल, होम स्टे, गेस्ट हाउस को भी अब केवल 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित करना होगा। सभी सामाजिक और राजनीतिक सभाओं का आयोजन उपायुक्त की पूर्व अनुमति और 50 फीसदी स्थान क्षमता के साथ किया जाना चाहिए।
धारावी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 34 नए मामले
बृहन्मुंबई नगर निगम ने जानकारी दी कि मुंबई के धारावी में पिछले 24 घंटों में 34 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में सक्रिय मामले बढ़कर 95 हो गए। वहीं, पुणे ने आज कोरोना के 412 नए मामले दर्ज किए गए। यहां कुल सक्रिय मामले 1,799 हैं।महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 8,067 नए मामले
महाराष्ट्र में आज ओमिक्रॉन वैरिएंट के चार मामलों सहित कोरोना वायरस के 8,067 नए मामले सामने आए हैं। कुल 1,766 मरीज ठीक हुए जबकि 8 मौतें हुई हैं।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का राज्यों को निर्देश
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण और आईसीएमआर के डीजी डॉ. बलराम भार्गव ने सभी राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को विभिन्न स्थानों पर चौबीसों घंटे एक्टिव आरएटी बूथ स्थापित करने, मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ को शामिल करने और घरेलू परीक्षण किट के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए पत्र लिखा है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि खांसी, सिरदर्द, गले में खराश, सांस फूलना, शरीर में दर्द, स्वाद या गंध की हाल ही में कमी, थकान और दस्त के साथ बुखार या बिना बुखार वाले किसी भी व्यक्ति को कोविड 19 का संदिग्ध मामला माना जाना चाहिए।