08:10 PM, 05-Aug-2022
सचिन पायलट ने साधा निशाना
नेता सचिन पायलट ने कहा कि नेताओं को दिनभर बंद रखा गया, हम सदन में चर्चा करना चाहते हैं। सरकार से महंगाई का जवाब चाहते हैं। सरकार की जवाबदेही तय कर, उन्हें कठघरे में खड़ा करना हमारी ज़िम्मेदारी है। जिस तरह अलोकतांत्रिक तरीके से लोगों को हिरासत में लिया गया यह अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि नेताओं को दिनभर बंद रखा गया, हम सदन में चर्चा करना चाहते हैं। सरकार से महंगाई का जवाब चाहते हैं। सरकार की जवाबदेही तय कर, उन्हें कठघरे में खड़ा करना हमारी ज़िम्मेदारी है। जिस तरह अलोकतांत्रिक तरीके से लोगों को हिरासत में लिया गया यह अच्छा संकेत नहीं है।
07:00 PM, 05-Aug-2022
हिरासत से रिहा किए गए कांग्रेस नेता
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कांग्रेस समर्थकों ने आज दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत भी आदेश लागू हैं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों को उनके कर्तव्यों का पालन करने से रोकने की कोशिश की, उनके साथ मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया। उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 65 दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत 65 सांसदों सहित कुल 335 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। सांसदों/विधायकों की नजरबंदी की सूचना संबंधित सक्षम अधिकारियों को भेजी जा रही है। हालांकि, इस बीच खबर आ रही है कि कांग्रेस नेताओं को रिहा कर दिया गया है।
06:09 PM, 05-Aug-2022
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
सड़क जारी संग्राम के बीच लोकसभा की कार्यवाही सोमवार यानी 08 अगस्त तक के लिए स्थगित हुई।
06:04 PM, 05-Aug-2022
नई संसद के बजाय पुलिस लाइन बनाए सरकार: हुड्डा
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हम संसद में बेरोजगारी पर चर्चा करना चाहते हैं और सरकार से मुद्रास्फीति को नियंत्रित करने और अग्निपथ योजना को वापस लेने की अपील करना चाहते हैं। अगर वे हमें चर्चा नहीं करने देंगे तो हम सड़कों पर आ जाएंगे। दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के दौरान न्यू पुलिस लाइन किंग्सवे कैंप पीएस में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि संसद के कामकाज के दौरान सांसदों को हिरासत में लेना चाहते हैं तो संसद भवन में ईडी कार्यालय बनाने के साथ-साथ केंद्र को नई संसद के बजाय पुलिस लाइन बनानी चाहिए।
05:40 PM, 05-Aug-2022
किंग्सवे कैंप पुलिस स्टेशन पहुंचे बघेल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किंग्सवे कैंप पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बघेल ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की, जिन्हें न्यू पुलिस लाइंस किंग्सवे कैंप पीएस में हिरासत में लिया गया है।
05:32 PM, 05-Aug-2022
आलाकमान तय करेगी रणनीति: हेमा
भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि मंहगाई को लेकर कांग्रेस पार्टी जो प्रदर्शन कर रही है उस पर मैं कुछ नहीं बोलूंगी। हमारी सरकार, मोदी जी और अमित शाह जी तय करेंगे की क्या करना है। कांग्रेस का उद्देश्य है कि वे सदन नहीं चलने देंगे।
05:19 PM, 05-Aug-2022
गिरिराज सिंह ने किया पलटवार
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी 60 साल सत्ता में रही और आजादी के बाद हिटलर की ऐसी भूमिका निभाई कि लोकतंत्र की हत्या कर दी, देश में इमरजेंसी लगा दी। कांग्रेस पार्टी ने लोकतंत्र के हत्यारे के रूप में इतिहास में जो काला अध्याय लिखा है इससे बड़ा हिटलर और कौन हो सकता है।
05:15 PM, 05-Aug-2022
पार्टी ने महंगाई पर चर्चा मांगी तो वे मौजूद नहीं थे: मेघवाल
केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि मानसून सत्र में राहुल गांधी जी गंभीर नहीं हैं। उनकी पार्टी ने महंगाई पर चर्चा मांगी तो वे मौजूद नहीं थे और प्रेस वार्ता में मंहगाई की बातें करते हैं। GST की बैठक में वे विरोध नहीं करते और प्रेस वार्ता में विरोध करते हैं।
05:04 PM, 05-Aug-2022
महंगाई तो बहाना, ED निशाना है: भाजपा
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ड्रामा कर रही है। राहुल गांधी और कांग्रेस अगर महंगाई पर गंभीर होते तो सदन में 7 घंटे की चर्चा में राहुल गांधी बोलते। महंगाई पर बोलना तो छोड़िए उन्होंने वित्त मंत्री के जवाब तक का बहिष्कार किया। महंगाई तो बहाना, ED निशाना है।
04:44 PM, 05-Aug-2022
देश की जनता महंगाई की मार से त्राहि-त्राहि कर रही है: बघेल
छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस कमेटी ने फैसला के बाद ही हम सभी प्रदेशों में महंगाई के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। आज देश की जनता महंगाई की मार से त्राहि-त्राहि कर रही है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, दूध, खाने का तेल सब महंगा हो रहा है।
04:38 PM, 05-Aug-2022
केंद्रीय मंत्री ने याद दिलाया आपातकाल
केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि वे जिस तानाशाही और हिटलर की बात कर रहे हैं, इस देश में 25 जून 1975 को लगाई जाने वाली आपातकाल लोकतंत्र की सबसे बड़ी तानाशाही का सबूत है जिसमें सभी विपक्षियों को जेल भेज दिया गया था। 25 जून 1975 देश के लोकतंत्र का काला दिन है।
04:26 PM, 05-Aug-2022
देश सच्चाई जानना चाहता है: अनुराग ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनको जांच एजेंसियों का डर क्यों है? आखिरकार छिपा क्या रहे हैं? क्यों सड़कों पर उतर रहे हैं? जनता बार-बार एक सवाल पूछती है कि गुनहगार को गुनाह छिपाने के लिए सबका सहयोग क्यों लेना पड़ रहा है? भ्रष्टाचार करना और ऊपर से सीना चौड़ा करके सरकार और जांच एजेंसियों पर दवाब बनाना, ये कहां का न्याय है। सोनिया जी, राहुल जी इस तरह का खेल मत खेलिए। देश सच्चाई जानना चाहता है और जांच एजेंसी जांच करना चाहती हैं।
04:15 PM, 05-Aug-2022
प्रियंका गांधी ने भरी हुंकार
कांग्रेस पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार को लगता है कि विपक्ष में जो भी है उनको दबा सकते हैं। उनको लगता है कि अपनी फौज दिखाने के बाद हम समझौता करे लेंगे। इनके मंत्री कहते हैं कि महंगाई नहीं है। हम प्रधानमंत्री आवास तक जाकर महंगाई दिखाना चाहते हैं। उनके लिए मंहगाई नहीं है, क्योंकि मोदी जी ने पूरे देश की संपत्ति अपने दोस्तों को दे दी है। उन पर कोई कार्रवाई नहीं है। 2-4 लोग रईस हो गए हैं लेकिन आम जनता तड़प, तरस रही है। उनको महंगाई इसलिए नहीं दिखती क्योंकि उनके पास पैसा ही पैसा है। सब चीजें महंगी हो चुकी हैं।
03:50 PM, 05-Aug-2022
पुलिस कर्मियों द्वारा वाटर कैनन इस्तेमाल किया गया
चंडीगढ़: महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस कर्मियों द्वारा वाटर कैनन इस्तेमाल किया गया।
03:45 PM, 05-Aug-2022
हिरासत में कांग्रेस नेता
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सहित पार्टी के अन्य सांसदों को पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ न्यू पुलिस लाइंस किंग्सवे कैंप में हिरासत में लिया गया।