11:08 PM, 02-Feb-2022
लोकसभा: भ्रष्टाचार के आरोपी 55 अधिकारी अब भी सेवा में
कार्मिक मामलों के मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने लोकसभा को बताया कि सीबीआई ने 2018 से 2021 के दौरान भ्रष्टाचार मामले में 96 में से 55 सरकारी अधिकारियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए। ये अधिकारी अब भी सेवा में हैं। सीबीआई ने जनवरी 2011 से सितंबर 2021 के बीच विभिन्न अदालतों में 662 आरोपपत्र दाखिल किए।
11:06 PM, 02-Feb-2022
राज्यसभा : सभी पुरुषों को दुष्कर्मी कहना ठीक नहीं : स्मृति
महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने राज्यसभा में एक प्रश्न के जवाब में कहा कि देश में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि हर पुरुष को दुष्कर्मी कहना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि वैवाहिक दुष्कर्म को लेकर कानूनों में व्यापक संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भाकपा नेता विनोद विश्वम ने पूछा था कि क्या सरकार ने घरेलू हिंसा की परिभाषा में अधिनियम की धारा 3 के साथ-साथ दुष्कर्म पर आईपीसी की धारा 375 पर भी ध्यान दिया है। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा यह नियम ऐसे किसी विषय पर विस्तार से जानकारी की अनुमति नहीं देता, जो वर्तमान में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास राज्य सरकारों के सहयोग से महिलाओं की सुरक्षा और संरक्षण को सुनिश्चित करना है। इसके लिए कार्य किया जा रहा है।
07:33 PM, 02-Feb-2022
विपक्ष ने लगाया अरोप
राज्यसभा में विपक्ष ने सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और कोरोना के कारण उत्पन्न हालात से परेशान लोगों की मदद के लिए कोई भी ठोस उपाय नहीं करने का आरोप लगाया। विपक्ष ने दावा किया कि वह राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग एवं संघीय व्यवस्था पर सर्जिकल हमले कर रही है।
07:31 PM, 02-Feb-2022
नायडू ने की सांसदों से अपील
राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने सदस्यों से बजट सत्र के दौरान सदन का निर्बाध कामकाज सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका आचरण ऐसा होना चाहिए, जिससे लोगों का भारत के संसदीय लोकतंत्र में भरोसा बना रहे।
03:10 PM, 02-Feb-2022
राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित
राज्यसभा की कार्यवाही कल यानी तीन फरवरी सुबह 10 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
02:02 PM, 02-Feb-2022
खड़गे बोले- देश में बेरोजगारी चरम पर
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश में व्यापक बेरोजगारी व्याप्त है। युवा संकट में हैं क्योंकि बड़े कारखाने बंद हो रहे हैं, निवेश नहीं आ रहा है और सरकारी नौकरियों की संख्या घट रही है। खड़गे ने कहा कि आपने 2014 में आपने (भाजपा ने) हर साल 2 करोड़ नौकरियों का वादा किया था। आपको अब तक 15 करोड़ नौकरियां देनी चाहिए थीं। लेकिन आपने वास्तव में कितनी नौकरियां प्रदान कीं? इस साल के बजट में अगले 5 वर्षों में सिर्फ 60 लाख नौकरियों का वादा किया गया है। खड़गे ने कहा कि केंद्र सरकार में नौ लाख पद खाली हैं। रेलवे में लगभग 15% पद, रक्षा में 40% और गृह मामलों में 12% पद रिक्त हैं। आज शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर 9% और ग्रामीण क्षेत्रों में 7.2% है।
12:24 PM, 02-Feb-2022
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद 439 आतंकवादी मारे गए: गृह मंत्रालय
राज्यसभा में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने जानकारी देते हुए बताया कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद 439 आतंकवादी मारे गए। इस अवधि के दौरान 98 नागरिक और 109 सुरक्षाकर्मी भी मारे गए और आतंक की 541 घटनाएं हुईं।
12:20 PM, 02-Feb-2022
भारत में आतंकवादी संगठनों की संख्या 42 हुई
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यसभा को जानकारी देते हुए बताया कि भारत में आतंकवादी संगठनों के रूप में नामित संगठनों की संख्या 42 है। यूएपीए की अनुसूची चार के तहत 31 व्यक्तियों को आतंकवादी के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
12:13 PM, 02-Feb-2022
28 जनवरी, 2022 तक भारत में 16,427 निजी सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय थीं: गृह मंत्रालय
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यसभा को जानकारी देते हुए बताया कि 28 जनवरी, 2022 तक भारत में 16,427 निजी सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय थीं।
10:45 AM, 02-Feb-2022
Video: मनसुख मंडाविया(Mansukh Mandaviya) आज साइकिल से संसद पहुंचे
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया आज साइकिल से संसद पहुंचकर सांसदों को स्वस्थ रहने का संदेश दिया।