05:15 PM, 27-Sep-2021
सोनीपत में किसानों ने रेलवे ट्रैक खाली किया
चार बजते ही सोनीपत में किसानों ने रेलवे ट्रैक खाली कर दिया। किसान सोनीपत रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर बैठे थे। सभी किसान चार बजते ही उठ कर चले गए। किसानों ने कहा कि आज का बंद सफल रहा और आज का प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।
05:10 PM, 27-Sep-2021
गाजीपुर बॉर्डर खोला गया
किसानों ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे खोला, इसी के साथ गाजीपुर बॉर्डर को भी खोल दिया गया है। बंद के दौरान जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।
03:36 PM, 27-Sep-2021
टिकैत ने कहा कि हमारा 'भारत बंद' सफल रहा
भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि हमारा 'भारत बंद' सफल रहा और हमें किसानों का पूरा समर्थन मिला। हम सब कुछ सील नहीं कर सकते क्योंकि हमें लोगों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाना है। हम सरकार से बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन कोई बातचीत नहीं हो रही।
02:33 PM, 27-Sep-2021
कांग्रेस नेता और डीपीसीसी अध्यक्ष अनिल चौधरी को किसानों ने लौटाया वापस
कांग्रेस नेता और डीपीसीसी अध्यक्ष अनिल चौधरी गाजीपुर बॉर्डर पर कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने इसे गैर राजनीतिक प्रदर्शन बताते हुए उन्हें धरना स्थल से उठने को कहा।
02:19 PM, 27-Sep-2021
भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष ने भारत बंद को बताया आतंकी हरकत
भारतीय किसान यूनियन ( भाकियू भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद को आतंकी हरकत बताया है। एटा में सोमवार को प्रेसवार्ता कर भानु प्रताप सिंह ने कहा कि भारत बंद का कोई सहयोग ना करे। इसका विरोध करें। उन्होंने कहा कि ऐसे संगठन जो आतंकी गतिविधियों में शामिल हैं उनको सरकार दबाने की कोशिश करें।
01:53 PM, 27-Sep-2021
भारत बंद पर अरविंद केजरीवाल ने दिया बयान
भारत बंद पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये दुख की बात है कि उनके(शहीद भगत सिंह) जन्मदिवस पर किसानों को भारत बंद का आह्वान करना पड़ रहा है। अगर आजाद भारत में भी किसानों की नहीं सुनी जाएगी तो फिर कहां सुनी जाएगी? मैं केंद्र सरकार से अपील करता हूं कि जल्द से जल्द उनकी मांगे मानें।
12:58 PM, 27-Sep-2021
कुंडली बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे एक किसान की मौत
कुंडली बॉर्डर पर कृषि कानूनों को रद्द कराने की मांग को लेकर जारी आंदोलन में शामिल पंजाब के एक और किसान की मौत हो गई है। शुरुआती जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है। मृतक की पहचान पंजाब के जिला जालंधर के गांव खेला के रहने वाले बघेल राम (55) के तौर पर हुई है, जो कुंडली बॉर्डर पर जारी आंदोलन में शामिल होने आए थे।
12:26 PM, 27-Sep-2021
तमिलनाडु में किसानों को लिया हिरासत में
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने कई पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ दिए। पुलिस के रोकने पर जब नहीं माने तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
11:59 AM, 27-Sep-2021
पंजाब: शताब्दी और जन-शताब्दी को किसानों ने मानांवाला में रोका
भारत बंद के दौरान शताब्दी और जन-शताब्दी के यात्रियों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ा। दरअसल, पंजाब के मानांवाला रेलवे स्टेशन पर धरना दे रहे किसानों ने दोनों गाड़ियों को रोक दिया।
11:13 AM, 27-Sep-2021
रेलवे ने लगभग 18 से अधिक ट्रेनों को रद्द किया
किसानों के बंद भारत के चलते रेलवे ने लगभग 18 से अधिक ट्रेनों को रद्द किया गया है। फिरोजपुर से लुधियाना, जालंधर, भटिंडा और अमृतसर से पठानकोट-जालंधर जाने वाली ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसके अलावा अमृतसर से फाजिल्का को जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।