सीएम योगी ने दी मां को अंतिम विदाई: श्रद्धांजलि देकर किया नमन, छोटे भाई ने पूरी की अंतिम संस्कार की रस्में
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का हरिद्वार के चंडी देवी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। सीएम योगी ने अंतिम परिक्रमा कर भावुक होकर मां को नमन किया।
इस दौरान 13 अखाड़ों के आचार्य, श्रीमहंत, यूपी सरकार और उत्तराखंड सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे। पढ़ें पल-पल के अपडेट यहां...
लाइव अपडेट
सीएम योगी की मां पंचतत्व में विलीन, छोटे भाई ने दी मुखाग्नि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का हरिद्वार के चंडी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इसके साथ ही वह पंचतत्व में विलीन हो गईं। उनके छोटे बेटे ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित परिवार के सदस्य, कई नेता और साधु-संत मौजूद रहे। मां को अंतिम विदाई देते समय सीएम योगी भावुक नजर आए।
दुख शब्दों में बयां करना मुश्किल: केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि जीवन में माता-पिता से बढ़कर कोई नहीं होता और मां का स्थान तो भगवान से भी ऊंचा है। मुख्यमंत्री की मां का निधन बेहद दुखद है। इस दुख को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की कामना की। केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि सभी लोग हरिद्वार में मां गंगा के तट पर अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी सीएम योगी की मां को श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हरिद्वार चंडीघाट पहुंचकर सीएम योगी की मां को श्रद्धांजलि दी।
उत्तर प्रदेश सरकार के ये मंत्री पहुंचे चंडी घाट
सीएम योगी की मां के अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मत्स्य पालन मंत्री संजय निषाद के अलावा कई सांसद व विधायक शामिल होने चंडीघाट पहुंचे।
मां को छोटे भाई ने दी मुखाग्नि, रो पड़े सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का हरिद्वार के चंडी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके छोटे भाई ने मां को मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा के दौरान सीएम योगी ने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इस दौरान वह भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
छोटे बेटे शैलेंद्र और महेंद्र देंगे मुखाग्नि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी को उनके छोटे बेटे शैलेंद्र और महेंद्र मुखाग्नि देंगे।
चंडी देवी घाट पर अंतिम संस्कार की रस्में जारी
सावित्री देवी के पार्थिव शरीर के साथ चंडी देवी घाट पहुंचा पूरा काफिला
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर चंडी देवी घाट स्थित श्मशान घाट पहुंच गया। पार्थिव शरीर के साथ पूरा काफिला घाट पर पहुंचा। यहां अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच नेताओं, जनप्रतिनिधियों और साधु-संतों की मौजूदगी बनी हुई है।
हरिद्वार के चंडीघाट पर ही क्यों होगा सावित्री देवी का अंतिम संस्कार?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का अंतिम संस्कार चंडी घाट हरिद्वार में किया जाएगा। हरिद्वार पंचूर गांव का पैतृक घाट है। गांव के लोग परंपरा के अनुसार दाह संस्कार के लिए अपने परिजनों को हरिद्वार ही ले जाते हैं। इसी परंपरा के तहत माता सावित्री देवी को भी हरिद्वार ले जाया गया। पंचूर गांव से अंतिम यात्रा लक्ष्मण झूला-कांडी मोटर मार्ग से होकर बैराज होते हुए चंडी घाट पहुंचेगी। इससे पहले 21 अप्रैल 2020 को योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का अंतिम संस्कार कोरोना काल में फूलचट्टी घाट पर किया गया था। उस समय कोरोना के कारण हरिद्वार ले जाना संभव नहीं हो पाया था। माता सावित्री देवी को हरिद्वार ले जाया जाएगा। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि गांव की परंपरा के अनुसार उनका अंतिम संस्कार पैतृक घाट हरिद्वार में ही होगा।
योगी की मां की अंतिम यात्रा पर ग्रामीणों ने बरसाए फूल, लगातार हो रहा भगवद्गीता का पाठ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी की अंतिम संस्कार यात्रा के दौरान लक्ष्मण झूला-कांडी मोटर मार्ग पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा की। शव वाहन पर फूलों का छिड़काव कर ग्रामीणों ने अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान लगातार भगवद्गीता का पाठ भी किया जा रहा है। अंतिम यात्रा के दौरान श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
