अक्सर दोस्तों के साथ हाउस पार्टी हो या काफी दिनों बाद गेट टुगेदर हो तो रात भर जागना हो ही जाता है। ऐसे में भूख लगना भी लाजमी है। लेकिन हर बार वही पुराना ऑनलाइन आर्डर वाला स्वाद चख कर आप भी बोर हो गए होंगे तो आज हम आपको दिल्ली एनसीआर की उन जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो पूरी रात आपकी भूख मिटाने के लिए खुली रहती हैं।
नारायना फ्लाईओवर
आधी रात में भूख लगे तो आपके पास ऑनलाइन आर्डर के अलावा भी कई विकल्प हैं। नारायना फ्लाईओवर वो जगह है जहां दो लोग सिर्फ 100 रुपये में पेट भरकर स्वादिष्ट पराठे चख सकते हैं। ये आप पर निर्भर करता है कि आप कीमा, आलू, मेथी, प्याज, अंडा, मिक्स या फिर गोभी और कई तरह के पराठे में से क्या खाना पसंद करेंगे। यहां पहुंचने के लिए धौला कुआं से बाईपास नारायना के लिए फ्लाईओवर की जगह बाएं ओर की सीधी रोड लें।
नोएडा सेक्टर 58 फूड वैन
नोएडा में रहने वाले अक्सर यही सोचते हैं कि स्ट्रीट फूड के लिए दिल्ली जाना पड़ेगा लेकिन आपकी आधी रात को लगने वाली भूख सेक्टर 58 में शांत हो सकती है। नूडल, पराठा, साउथ इंडियन फूड, पास्ता, सैंडविच और बहुत कुछ खाना है तो सेक्टर 58 में हर जगह रात भर ये एमसीडी वैन खुली रहती हैं। जहां सिर्फ 120 रुपये में दो लोग जमकर खा सकते हैं।
मूलचंद मेट्रो स्टेशन
क्रीम से भरा लस्सी का बड़ा ग्लास सिर्फ 35 रुपये में और बड़े-बड़े पराठे आपको पूरी रात कभी भी मिल जाएंगे। 150 रुपये में दो लोग भरपेट खाना खा सकते हैं। मूलचंद मेट्रो स्टेशन ठीक नीचे आपको ये जगह मिल जाएगी।
कबाब, पुरानी दिल्ली
स्वादिष्ट कबाब की याद अगर आधी रात आए तो क्या करेंगे। जनाब पुरानी दिल्ली जाकर सिर्फ 150 रुपये में चार कबाब के दो प्लेट 10 रुमाली रोटी खाएंगे। कबाब आपको जामा मस्जिद के सामने करीम वाली लाइन में मिल जाएगा।