गर्मियों का मौसम हो, छुट्टियां हों और हिल स्टेशन न घूमने जाएं, ऐसा कैसे हो सकता है। लेकिन उन्ही पुराने हिल स्टेशन जाने से कोई फायदा नहीं है। नई जगह ढूंढने में थोड़ा समय तो लगता है मगर घूमना है तो अच्छी जगह का चुनाव ही करें। तो हम ढूंढ कर लाएं हैं वो खूबसूरत हिल स्टेशन जहां जाकर वापस आने का मन नहीं करेगा।
अनोखी खूबसूरती का बेहतरीन उदहारण हिमाचल प्रदेश का छोटा सा कस्बा है शोघी। शिमला से मात्र 13 किमी दूर स्थित ये छोटा सा हिल स्टेशन अपनी सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। यहां आपको हर कदम पर मंदिर ही मंदिर दिखाई देंगे इसीलिए शोघी को 'सिटी ऑफ टेंपल' भी कहा जाता है।
शोघी ताजे फलों के जूस की लिए मशहूर है। यहां कई तरह के फल उगाये जाते हैं। साथ ही टहलते हुए आप शोघी के अनेक बागानों में घूमने का अनुभव ले सकते हैं।
यहां के आकर्षण का प्रमुख केंद्र तारा देवी मंदिर है। 250 साल पुराने इस मंदिर में साल भर भक्तों का हुजूम देखने को मिल जाएगा। शिमला से लगभग 13 किलोमीटर पहले ही स्थित शोघी नेशनल हाइवे-22 के पास तकरीबन 5700 फीट की ऊंचाई पर ये मंदिर बसा है। शहर की भीड़-भाड़ वाली जिंदगी से दूर घने जंगलों और ऊंची पर्वतों से घिरा शोघी हर पर्यटकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। इसके अलावा आप काली मंदिर, हनुमान मंदिर, जाखू हिल, वाइसरेगल लॉज और कंडाघाट भी घूम सकते हैं।
यहां सालभर मौसम बेहद शानदार रहता है। हालांकि, सितंबर से नवंबर यहां जाना सबसे अच्छा होगा। जबकि नवंबर से जनवरी तक आप यहां बर्फ का आंनद उठा सकते हैं। बाकि गर्मी से बचने के लिए आप फरवरी से लेकर जून तक यहां घूमने जा सकते हैं।