क्लीनिंग हैक्स: जूते गंदे हो गए और सुबह पहनने हैं? बिना धोए ऐसे करें मिनटों में साफ
Cleaning Hacks: जूतों को पूरी तरह पानी में भिगोने के बजाय स्पाॅट क्लिनिंग यानी सिर्फ गंदे हिस्से को साफ करने का तरीका काम आ सकता है। इससे जूतों को धोने और सुखाने की जरूरत कम हो सकती है।
विस्तार
clean shoes without washing: जूते रोजमर्रा की जिंदगी में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली चीजों में से एक हैं और इसलिए उनका गंदा होना भी आम बात है। ऑफिस जाते समय सड़क की धूल लग जाए, बारिश में मिट्टी के छींटे पड़ जाएं या बाहर घूमने के बाद जूतों पर दाग नजर आने लगें, ऐसे में परेशानी तब बढ़ जाती है जब अगले दिन वही जूते पहनकर निकलना हो। जूते धोने के बाद उन्हें सूखने में समय लग सकता है और गीले जूते पहनना भी सही नहीं माना जाता।
ऐसे समय में जूतों को पूरी तरह पानी में भिगोने के बजाय स्पाॅट क्लिनिंग यानी सिर्फ गंदे हिस्से को साफ करने का तरीका काम आ सकता है। इससे जूतों को धोने और सुखाने की जरूरत कम हो सकती है। हालांकि हर जूते के मटेरियल के लिए एक ही तरीका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। कैनवास, सिंथेटिक, लेदर और साबर जैसे अलग-अलग मटेरियल की सफाई अलग तरीके से करनी होती है।
अगर आपको भी जूते रात में साफ करके अगली सुबह पहनने हैं, तो कुछ आसान ड्राई या लो मोइश्चर क्लीनिंग हैक्स आजमा सकते हैं। बस ध्यान रखें कि किसी भी उपाय को इस्तेमाल करने से पहले जूते के मटेरियल और मैन्यूफेक्चरर के केयर इंस्ट्रक्शन जरूर देख लें।
सूखी मिट्टी को पहले ब्रश से हटाएं
अगर जूतों पर मिट्टी या धूल लगी है और वह सूखी हुई है, तो सबसे पहले उन्हें गीला करने की जरूरत नहीं है। एक साॅफ्ट ब्रश या पुराने साफ टूथब्रश से जूते की सतह को धीरे-धीरे साफ करें। जूते के सोल और किनारों पर जमी मिट्टी को भी ब्रश से हटाया जा सकता है। इससे बिना पानी इस्तेमाल किए ही काफी गंदगी निकल सकती है।
हल्के दागों के लिए माइक्रोफाइबर क्लाॅथ आजमाएं
धूल या हल्के दाग के लिए सूखे माइक्रोफाइबर क्लाॅथ का इस्तेमाल किया जा सकता है। कपड़े को जूते की सतह पर बहुत जोर से रगड़ने के बजाय हल्के हाथ से साफ करें। अगर जूते का मटेरियल डेलिकेट है, तो पहले किसी छिपे हुए छोटे हिस्से पर टेस्ट करना बेहतर है।
सफेद जूतों के रबर सोल की करें अलग सफाई
सफेद स्नीकर्स के रबर सोल पर गंदगी जल्दी नजर आती है। इसके लिए थोड़ा-सा माइल्ड सोप और बहुत कम पानी लेकर सिर्फ सोल के हिस्से को साफ किया जा सकता है। सफाई के बाद उसे सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ दें। चूंकि यहां जूते को पूरी तरह भिगोया नहीं जा रहा, इसलिए सूखने का समय भी कम हो सकता है।
जूतों को बदबू से बचाने के लिए अंदर की सफाई करें
कई बार जूते बाहर से साफ होते हैं, लेकिन अंदर से पसीने की वजह से बदबू आने लगती है। ऐसे में इनसोल अगर रिमूवेबल हैं तो उन्हें निकालकर अलग से हवा वाली जगह पर रखें। जूतों के अंदर नमी ज्यादा हो तो सूखे समाचारपत्र या पेपर टावल को कुछ समय के लिए अंदर रखा जा सकता है। इससे अतिरिक्त नमी सोखने में मदद मिल सकती है।
साबर और स्वेड शूज पर पानी न लगाएं
स्वेड या नूबक (प्रीमियम प्रकार के चमड़े) जैसे मटेरियल को सामान्य कपड़े या पानी से साफ करना नुकसानदायक हो सकता है। इनके लिए विशेष स्वेड ब्रश का इस्तेमाल करना बेहतर है। पहले सूखी गंदगी को ब्रश से हटाएं और दाग पर जोर से रगड़ने से बचें। ऐसे जूतों पर किसी घरेलू लिक्विड को लगाने से पहले मेन्यूफेक्चरर की क्लीनिंग इंस्ट्रक्शन देख लें।
लेदर जूतों की सफाई में रखें सावधानी
लेदर शूज के लिए भी ज्यादा पानी इस्तेमाल करना उचित नहीं हो सकता। धूल हटाने के बाद नरम कपडे से ऊपरी सतह साफ करें। जरूरत के अनुसार लेदर विशेष क्लीनर या कंडीशनर का इस्तेमाल करें।किसी नए उत्पाद को पहले छोटे और कम दिखाई देने वाले हिस्से पर टेस्ट करना बेहतर है।
इन गलतियों से बचें
गंदे जूतों को जल्दी साफ करने के चक्कर में उन्हें हेयर ड्रायर की बहुत तेज गर्म हवा के सामने रखना, हीटर के बिल्कुल पास रखना या बहुत ज्यादा पानी डालना सही नहीं हो सकता। इससे कुछ मटेरियल का आकार, रंग या फिनिशिंग प्रभावित हो सकता है।