Navratri Fasting: नवरात्रि में हैं उपवास, जानिए 9 दिनों तक क्या खाएं और क्या बिल्कुल न खाएं
Navratri Fasting: यदि आप नवरात्रि में शरीर को डिटॉक्स करना और ऊर्जा बनाए रखना चाहते हैं तो जानना जरूरी है कि 9 दिनों तक क्या खाना चाहिए और किन चीजों से बचना चाहिए।
विस्तार
Navratri Fasting: नवरात्रि केवल उपवास का पर्व नहीं, बल्कि शरीर और मन दोनों को शुद्ध करने का अवसर है। इन 9 दिनों में व्रत रखने वाले लोग फलाहार और सात्विक भोजन का सेवन करते हैं। लेकिन कई बार व्रती लोग स्वाद और आदत के चलते ऐसी चीजें खा लेते हैं जो व्रत को अशुद्ध कर देती हैं और स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक होती हैं।
नवरात्रि व्रत के दौरान सात्विक और पौष्टिक भोजन का चुनाव ही आपकी सेहत और भक्ति दोनों के लिए लाभकारी है। फल, दूध, साबूदाना, समक चावल और सूखे मेवे आपको ताजगी देंगे, जबकि तला-भुना और मांसाहारी भोजन व्रत की पवित्रता को नष्ट कर देगा। सही खानपान अपनाकर आप 9 दिनों को आत्मिक शांति और शारीरिक सेहत के साथ सफल बना सकते हैं। यदि आप नवरात्रि में शरीर को डिटॉक्स करना और ऊर्जा बनाए रखना चाहते हैं तो जानना जरूरी है कि 9 दिनों तक क्या खाना चाहिए और किन चीजों से बचना चाहिए।
नवरात्रि व्रत में खाए जाने वाले हेल्दी फूड्स
- साबूदाना : ऊर्जा देने वाला और हल्का भोजन। साबूदाना खिचड़ी, वड़ा या खीर खा सकते हैं।
- सिंघाड़े और कुट्टू का आटा : ब्रेड या पूरी की जगह इनसे बने परांठे और चीला खा सकते हैं।
- समक चावल : चावल का बेहतरीन विकल्प, जो हल्का और पौष्टिक है।
- दूध और दही : शरीर को प्रोटीन और कैल्शियम देता है।
- फल और सूखे मेवे : तुरंत ऊर्जा और फाइबर का स्रोत। खासकर केले, सेब, नारियल पानी, खजूर और बादाम।
- शकरकंद : उपवास में यह पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और ऊर्जा प्रदान करता है।
नवरात्रि व्रत में किन चीजों से बचें
- मसालेदार और तला-भुना भोजन करने से गैस और कब्ज की समस्या हो सकती है।
- मैदा और रिफाइंड फूड का सेवन न करें। नवरात्रि में पिज्जा, पेस्ट्री या पैक्ड स्नैक्स खाने से व्रत का असर खत्म हो जाता है।
- उपवास में कैफीन और कोल्ड ड्रिंक्स से बचें। ये शरीर को डिहाइड्रेट करते हैं और कमजोरी बढ़ा सकते हैं।
- लहसुन-प्याज और मांसाहार का सेवन बिल्कुल न करें। धार्मिक दृष्टि से ये वर्जित हैं और सात्विकता भंग करते हैं।
- व्रत में अत्यधिक नमक और मिर्च न खाएं। ये शरीर में एसिडिटी और थकान बढ़ा सकते हैं।
9 दिन व्रत में ऊर्जा बनाए रखने के टिप्स
- छोटे-छोटे अंतराल पर फल और सूखे मेवे खाते रहें।
- दिनभर पर्याप्त पानी और नारियल पानी पिएं।
- ज्यादा भूख लगने पर साबूदाना या समक चावल का सेवन करें।
- नींबू पानी और छाछ से शरीर में तरलता बनी रहेगी।