Toxin In Jewellery: फैशन के नाम पर आप भी तो नहीं ले रहे ऑनलाइन 'मौत के गहने'? चमकदार ज्वेलरी बन न जाए मुसीबत
नलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक रहे कई गहनों में कैडमियम नाम की खतरनाक भारी धातु बेहद अधिक मात्रा में मिली। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि कुछ गहनों को 925 सिल्वर बताकर बेचा जा रहा था, जबकि जांच में उनमें 90 प्रतिशत से भी ज्यादा कैडमियम पाया गया।
विस्तार
ऑनलाइन शॉपिंग ने हमारी जिंदगी को काफी आसान बना दिया है। हम घर बैठे चुटकियों में पसंदीदा और जरूरी सामान ऑर्डर कर लेते हैं। घर के राशन से लेकर रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजें हों या फिर दवाइयां, सब कुछ अब ऑनलाइन उपलब्ध हैं। कई ऐसे प्लेटफॉर्म भी हैं जो ऑनलाइन ज्वेलरी भी उपलब्ध कराते हैं। पर कहीं ऑनलाइन खरीदी जाने वाली ज्वेलरी जैसे अंगूठी या ईयररिंग आपकी सेहत के लिए मुश्किलें न खड़ी कर दे?
ये सवाल इसलिए खड़ा हो रहा है क्योंकि यूके की एक रिपोर्ट में वैज्ञानिकों की टीम ने अलर्ट किया है कि लोकप्रिय ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक रहे कई गहनों में अधिक मात्रा में मेटल्स पाए गए हैं। इनसे किडनी-लिवर की बीमारियों से लेकर कैंसर तक का खतरा हो सकता है।
विशेषज्ञों ने अलर्ट किया है कि जिस गहने को आप फैशन का हिस्सा समझकर रोज पहनते हैं, वही आपके शरीर में ऐसी जहरीली धातु पहुंचा सकता है जिससे सेहत को गंभीर खतरा हो सकता है। ब्रिटेन में हुई इस जांच ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
इस जांच के बाद कई उत्पादों को बाजार से हटाया भी गया, कुछ विक्रेताओं पर कार्रवाई हुई और उत्पाद वापस मंगाए गए। लेकिन इससे एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो गया है क्या ऑनलाइन मिलने वाला हर सस्ता और आकर्षक गहना वास्तव में सुरक्षित है? क्या सिर्फ कम कीमत देखकर खरीदारी करना हमारे स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकता है?
ऑनलाइन गहने खरीदते हैं तो सावधान
मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर बिक रहे कुछ गहनों (जैसे अंगूठी, झुमके और चार्म्स) में बेहद खतरनाक हैवी मेटल कैडमियम की मौजूदगी पाई गई है विशेषज्ञों के मुताबिक कैडमियम लिवर, किडनी और फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकता है।
इतना ही नहीं, लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से हड्डियां कमजोर हो सकती हैं, प्रजनन क्षमता प्रभावित हो सकती है और कैंसर होने का खतरा भी बढ़ सकता है।
यहां जानना जरूरी है कि कैडमियम का इस्तेमाल सस्ती फैशन ज्वेलरी में धातुओं के सस्ते विकल्प के तौर पर किया जाता है, ताकि गहनों में वजन और भारीपन लाया जा सके और उन्हें चमकदार फिनिश दी जा सके। लेड के इस्तेमाल पर सख्त सुरक्षा नियम लागू होने के बाद यह एक लोकप्रिय विकल्प बन गया। ब्रिटेन में नियम है कि किसी भी गहने में कैडमियम की मात्रा 0.01 प्रतिशत से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
लंदन के किंग्स कॉलेज में विषैले पदार्थों (टॉक्सिकोलॉजी) के विशेषज्ञ प्रोफेसर क्रिस्टर होगस्ट्रैंड ने कहा कि कैडमियम उन धातुओं में से एक है जो बहुत कम मात्रा में भी शरीर के लिए बेहद जहरीली साबित हो सकती है। इसलिए जितना संभव हो, इसके संपर्क से बचना चाहिए।
तय सीमा से करीब 9,000 गुना मात्रा में हानिकारक मेटल
ब्रिटेन की स्थानीय मीडिया द संडे टाइम्स की जांच में पता चला कि ऑनलाइन बिक रही अंगूठी ( जिसे 925 सिल्वर यानी 92.5% चांदी) बताकर बेचा जा रहा था, उसमें तय सीमा से करीब 9,000 गुना ज्यादा कैडमियम मिला। जांच के मुताबिक उस अंगूठी में 92 प्रतिशत से भी ज्यादा हिस्सा कैडमियम का था।
इसके बाद कई गहनों की जांच कराई गई। जांच में कई अन्य प्लेटफॉर्म पर बिकने वाले गहनों में भी भारी मात्रा में कैडमियम मिला। ब्रेसलेट के चार्म्स में कानूनी सीमा से लगभग 3,300 गुना ज्यादा कैडमियम पाया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे गहने पहनने वालों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा हो सकता है।
जांच के बाद उन उत्पादों को रिकॉल किया गया और नियमों का उल्लंघन करने के कारण विक्रेता पर प्रतिबंध लगा दिया गया।
ईयररिंग्स से सबसे ज्यादा खतरा
विशेषज्ञों का कहना है कि ऑनलाइन बिकने वाले झुमके सबसे ज्यादा चिंता का विषय हैं क्योंकि ये छिदे हुए कान की त्वचा के सीधे संपर्क में रहते हैं। ऐसी स्थिति में शरीर में जहरीली धातु के प्रवेश का खतरा बढ़ सकता है।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एरियल हाउस कहते हैं, चिंता सिर्फ यह नहीं है कि हर व्यक्ति को कैडमियम से बीमारी हो जाएगी, बल्कि असली चिंता यह है कि गहनों में इतनी जहरीली धातु मौजूद ही क्यों है?
यदि कोई बच्चा ऐसे गहनों को मुंह में डाल ले, चबा ले या गलती से निगल जाए तो इसके गंभीर खतरे हो सकते हैं। यदि गहने से त्वचा में कट हो जाए या छिदी हुई त्वचा के संपर्क में लंबे समय तक रहे, तो खतरा और बढ़ सकता है।
कैडमियम से शरीर को हो सकते हैं कई खतरे
यह जांच ऐसे समय सामने आई है जब पिछले दो वर्षों में ब्रिटेन में कैंसर का खतरा बढ़ाने वाले संदिग्ध उत्पादों की बढ़ती संख्या को लेकर चिंता बढ़ रही है। यूरोप में स्वास्थ्य जोखिमों को देखते हुए अब कैडमियम का इस्तेमाल काफी हद तक सीमित कर दिया गया है और इस पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
सरकारी अधिकारियों ने चेतावनी दी कि ये गहने लोगों के लिए गंभीर रासायनिक खतरा पैदा करते हैं और इन्हें ऑनलाइन बिक्री से तुरंत हटाया जाना चाहिए।
ब्रिटेन की नेशनल एसोसिएशन ऑफ ज्वेलर्स का कहना है कि वहां की एजेंसियों के पास इतनी क्षमता नहीं है कि वे हर उत्पाद की प्रभावी निगरानी कर सकें। ऐसे में आशंका है कि और भी जहरीले उत्पाद बाजार में पहुंच सकते हैं।
सेहत को गंभीर खतरे
वहीं ब्रिटेन की स्वास्थ्य सुरक्षा एजेंसी (यूकेएचएसए) के अनुसार यदि कोई व्यक्ति कैडमियम की अधिक मात्रा वाली हवा में सांस लेता है, तो उसे सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द, मुंह में धातु जैसा स्वाद, खांसी और फ्लू जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं। ये लक्षण कई बार कुछ घंटों बाद दिखाई देते हैं।
- गंभीर मामलों में कैडमियम के संपर्क से शरीर में पानी की भारी कमी, फेफड़ों को क्षति, मल्टी ऑर्गन फेलियर और यहां तक कि मौत भी हो सकती है।
- लंबे समय तक कैडमियम के संपर्क में रहने से हड्डियों और किडनी को भी नुकसान पहुंच सकता है। इतना ही नहीं इससे कैंसर का खतरा भी बढ़ सकता है।
--------------
स्रोत:
Jewellery made of carcinogen sold as silver on Amazon and TikTok
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।