सभी यही चाहते हैं कि अपनी याददाश्त को बेहतर बना सकें और इसके लिए अलग अलग प्रयास करते रहते हैं। अगर आप कोई चीज जल्द ही भूल जाते हैं तो मन में उलझन रहती है। हालांकि कम याददाश्त के कई कारण हो सकते हैं लेकिन कोशिश करके इसे बेहतर किया जा सकता है। हाल ही में आए एक शोध के अनुसार चित्र बनकार किसी भी घटना या चीज बेहतर तरीके से याद रख जा सकता है।
जीवन के किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ाने में हमारी स्मृति का अहम योगदान होता है। जहां अस्वस्थ खान-पान और अनियमित दिनचर्या से इसे नुकसान पहुंच सकता है, वहीं ऐसी भी कई गतिविधियां हैं जिनके जरिए स्मृति को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है। इस दिशा में किए गए एक अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया है कि किसी नई जानकारी को याद रखने के लिए उसके नोट्स बनाने से बेहतर उसका चित्र बनाना होता है। अगर किसी सूचना को हम शब्दों की जगह किसी ऐसे चित्र का रूप दे सकें, जो उस जानकारी को याद करने में बेहतर हो तो ये हमारे लिए अधिक मददगार साबित हो सकता है।
चित्रकला में अच्छा होना जरूरी नहीं
इसका कारण बताते हुए शोधकर्ता कहते हैं कि शब्दों की तुलना में तस्वीरें हमारे मस्तिष्क को आसानी से याद रहती हैं। यही वजह है कि चित्र नोट्स से ज्यादा प्रभावकारी साबित हो सकते हैं। कनाडा स्थित वाटरलू यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं का कहना है कि यह तकनीक युवाओं के साथ साथ बुजुर्गों के लिए भी बहुत उपयोगी साबित हो सकती है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, कोई व्यक्ति भले ही चित्रकला में अच्छा न हो, लेकिन इस तकनीक से काम करने पर उसे स्मृति को अच्छा रखने में मदद मिल सकती है।
जानकारी को चित्र में बदलने से मिलेगी मदद
एक्सपेरिमेंटल एजिंग एंड रिसर्च नामक जर्नल में प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक, शोधकर्ताओं ने एक खास प्रयोग किया। उन्होंने किसी चीज को याद रखने की क्षमता जांचने के लिए युवाओं और बुजुर्गों दोनों पर याददाश्त संबंधी कई तकनीकों की जांच की। इसमें प्रतिभागियों को विभिन्न शब्द बोले गए, जिन्हें उनको याद रखना था। शोधकर्ताओं ने जब विभिन्न तकनीकों की जांच की तो पाया कि किसी जानकारी को चित्र का रूप देने की विधि सर्वश्रेष्ठ है। इससे किसी जानकारी को न केवल दृश्य रूप दे सकते हैं, बल्कि उसमें शब्दों का प्रयोग भी कर सकते हैं। इस तरह कठिन नोट्स की तुलना में रोचक चित्र को याद रखना आसान हो जाता है।