कोरोनावायरस: हमेशा रहें सतर्क, लक्षण से पहले शरीर पर पड़ सकते हैं लाल चकत्ते
- त्वचा में हो कोई बदलाव तो न करें नजरअंदाज
- 88 मरीजों में से 20 फीसदी के शरीर पर मिले चकत्ते
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना का प्रकोप बढ़ने के साथ इसके लक्षणों का प्रकार भी तेजी से बदल रहा है। बुरी तरह प्रभावित इटली में चिकित्सकों के अध्ययन में पता चला है कि पांच में से एक मरीज में लक्षण आने से पहले शरीर पर लाल चकत्ते हो सकते हैं। प्रकोप से सर्वाधिक प्रभावित इटली के लोम्बार्दी शहर के लीको अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टरों को पता चला कि 88 संक्रमितों में से 20 फीसदी मरीजों की त्वचा में बदलाव हुआ और शरीर पर लाल चकत्ते हो गए। डॉक्टरों स्पष्ट किया, किसी भी मरीज ने त्वचा में संक्रमण करने वाली कोई दवा भी नहीं ली थी।
- संक्रमण के खिलाफ त्वचा प्रतिक्रिया करती है
यूनिवर्सिटी ऑफ नॉटिंगघम के सेंटर ऑफ एविडेंस डर्माटोलॉजी के सह निदेशक प्रो. हाईवेल विलियम्स का कहना है कि त्वचा शरीर का सबसे बड़ा अंग होती है। अगर आप अस्वस्थ रहते हैं या फेफड़े बीमार हैं तो हर पांचवे मामले में ये त्वचा प्रतिक्रिया करती है, जिसके कारण इस तरह के लक्षण उभर कर सामने आते हैं। शरीर पर लाल चकत्ते पड़ रहे हैं तो उसे नजरअंदाज न करें क्योंकि ये घातक हो सकता है।
- 18 में 8 रोगी लक्षण नहीं पहचान पाए
डॉक्टरों ने ये भी स्पष्ट किया है कि 18 में से आठ रोगी इस लक्षण को पहचान ही नहीं पाए। हकीकत ये है कि ये उनके शरीर में कोरोना वायरस का पहला लक्षण था। ऐसे मरीज कम से कम दो से तीन दिन बाद अस्पताल पहुंचते हैं तब तक वायरस शरीर के हिस्सों में अपना संक्रमण बड़े स्तर पर फैला चुका होता है और दूसरों को भी संक्रमित कर चुका होता है।
- वायरस को नियंत्रित करने के कारण ऐसा
त्वचा के लाल होने का अभी तक सटीक कारण पता नहीं चल पाया है। वैज्ञानिक मानते हैं कि शरीर जब वायरस को नियंत्रित करने की कोशिश करता है तब चकत्ते पड़ते हैं। कुछ मरीजों में चकत्ते चिकन पॉक्स जैसे दिखते हैं। आकार भी छोटा होता है और इनमें खुजली भी कम होती है।