{"_id":"6aba410036a994840800c19a","slug":"7-day-no-complaint-challenge-benefits-how-reducing-complaints-may-improve-your-mindset-2026-09-28","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"सिर्फ 7 दिन शिकायत करना छोड़ दें, जिंदगी में महसूस होंगे ये बड़े बदलाव","category":{"title":"Lifestyle","title_hn":"लाइफ स्टाइल","slug":"lifestyle"}}
सिर्फ 7 दिन शिकायत करना छोड़ दें, जिंदगी में महसूस होंगे ये बड़े बदलाव
Mon, 28 Sep 2026 04:03 PM IST
शिवानी अवस्थी
लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: शिवानी अवस्थी
Updated Mon, 28 Sep 2026 04:03 PM IST
सार
7-Day No-Complaint Challenge: विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सिर्फ सात दिनों के लिए शिकायतों पर विराम लगा दिया जाए तो सोच और व्यवहार में ऐसे बदलाव आ सकते हैं, जिनकी आपने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। यह प्रयोग न सिर्फ मन को शांत करता है, बल्कि रिश्तों, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की खुशियों को भी नई रोशनी देता है।
विज्ञापन
शिकायत छोड़ें, फायदे देखें
- फोटो : Ai
विस्तार
Stop Complaining for 7 Days: शिकायतें कब हमारी आदत बन जाती हैं, हमें पता ही नहीं चलता। “बहुत गर्मी है”, “आज काम बहुत है”, “लोग मेरी कद्र नहीं करते”, “मेरे पास समय ही नहीं है”, ऐसी छोटी-छोटी शिकायतें रोजमर्रा की बातचीत का हिस्सा बन चुकी हैं। कई बार हमें अहसास भी नहीं होता कि हम दिन भर कितनी नकारात्मक बातें बोल रहे होते हैं।
विज्ञापन
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सिर्फ सात दिनों के लिए शिकायतों पर विराम लगा दिया जाए तो सोच और व्यवहार में ऐसे बदलाव आ सकते हैं, जिनकी आपने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। यह प्रयोग न सिर्फ मन को शांत करता है, बल्कि रिश्तों, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की खुशियों को भी नई रोशनी देता है।
विज्ञापन
समाधान खोजने की आदत डालें
शुरुआत में शिकायतें न करना मुश्किल लगेगा। ट्रैफिक में फंसने, काम बिगड़ने या मौसम खराब होने पर मन तुरंत कहेगा, “मेरे साथ ही ऐसा क्यों होता है?” मगर ऐसे समय में खुद से एक सवाल पूछें, “अब मैं क्या कर सकती हूं?” यह छोटा-सा बदलाव आपको समस्या में उलझने के बजाय उसके समाधान की ओर ले जाने में मदद करेगा।
विज्ञापन
रिश्तों में खुशियां और सहजता आएगी
लगातार शिकायत करने से सिर्फ हम ही परेशान नहीं होते, बल्कि आस-पास के लोग भी मानसिक रूप से थकने लगते हैं। जब बातचीत में शिकायतें कम होती हैं और सकारात्मक बातें बढ़ती हैं तो घर और कार्यस्थल का माहौल बेहतर महसूस होता है। विशेषज्ञ कहते हैं, सात दिनों का प्रयोग रिश्तों में भी सहजता और सकारात्मकता बढ़ा सकता है।
चिड़चिड़ापन और नकारात्मक सोच कम होगी
हमारा दिमाग जिस तरह की बातों को बार-बार दोहराता है, उसी दिशा में सोचने का अभ्यस्त होता जाता है। इसलिए शिकायतों को कम करने से धीरे-धीरे नकारात्मक सोच और चिड़चिड़ापन भी कम होने लगता है। मन अधिक शांत रहता है और छोटी-छोटी परेशानियां बड़ी नहीं लगतीं।
सामान्य चीजों की कीमत समझने लगेंगी
इस प्रयोग का सबसे खूबसूरत असर यह होता है कि आप उन चीजों की कीमत समझने लगती हैं, जिन्हें अक्सर सामान्य मानती थीं। सुबह की चाय, परिवार का साथ, अपना काम, कुछ खाली समय या किसी का छोटा-सा सहयोग भी खास महसूस होने लगेगा। शिकायतों की जगह कृतज्ञता लेने लगेगी। हालांकि शिकायत न करने का मतलब यह नहीं है कि वास्तविक समस्याओं पर चुप रहा जाए। अन्याय, तनाव व अन्य गंभीर विषयों पर बात करना जरूरी है। फर्क बस समस्या बताने और हर बात की शिकायत करने के बीच समझना है।
विशेषज्ञ की राय
डॉ. एस. धनंजय (वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक) बताते हैं कि लगातार शिकायत करने की आदत छोड़ने से मानसिक शांति बढ़ती है और तनाव व नकारात्मक सोच कम होती है। इसका सकारात्मक असर नींद, ऊर्जा, एकाग्रता और रिश्तों पर भी पड़ता है। विशेषज्ञों के अनुसार, हर समस्या पर शिकायत करने के बजाय समाधान पर ध्यान देना भावनात्मक स्वास्थ्य को मजबूत करता है। सकारात्मक सोच अपनाने से आत्मविश्वास बढ़ता है और जीवन के प्रति संतुष्टि का भाव विकसित होता है।