यूपीएससी: 2 वर्ष प्रारंभिक और फिर 2 बार मेंस में हुए फेल, 5वें प्रयास में हासिल की 114 ऑल इंडिया रैंक
नौकरी के साथ-साथ यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू की। 2014 और 2015 में यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में असफलता का सामना करना पड़ा। 2016 और 2017 में यूपीएससी मेन परीक्षा में फेल हो गया। आखिरकार वर्ष 2018 में पांचवें प्रयास में यूपीएससी प्रारंभिक, मेन और साक्षात्कार तीनों में सफलता हासिल कर ऑल इंडिया रैंक 114 प्राप्त की।
विस्तार
आज हम आपको यूपीएससी परीक्षा 2018 में सफलता पाने वाले रौशन कुमार की कहानी बताने जा रहे हैं। रौशन बताते हैं कि मैंने चार साल इंजीनियरिंग और तीन साल नौकरी करने के बाद यूपीएससी क्रैक कर अधिकारी बनने की ठानी। वर्ष 2013 में मैंने नौकरी के साथ-साथ परीक्षा की तैयारी शुरू की। शुरुआती दिनों में नौकरी और पढ़ाई दोनों को मैनेज करने में खाफी कठिनाईयों और चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। परिणामस्वरूप 2014 और 2015 में यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में असफलता का सामना करना पड़ा।
मैंने और कड़ी मेहनत करना शुरू किया। टाइम मैनेजमेंट पर खासा ध्यान दिया। लेकिन 2016 और 2017 में यूपीएससी मेन परीक्षा में फेल हो गया। किंतु मैंने हार नहीं मानी। अपनी कमजोरियों पर काम किया। उन विषयों को ज्यादा समय दिया जिनमें कम अंक हासिल किए थे। आखिरकार वर्ष 2018 में पांचवें प्रयास में यूपीएससी प्रारंभिक, मेन और साक्षात्कार तीनों में सफलता हासिल कर ऑल इंडिया रैंक 114 प्राप्त की। अगर आप भी यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं, तो रौशन द्वारा दिए गए टिप्स आपके लिए काफी मददगार साबित हो सकते हैं। पढ़िए...
पांच साल खुद को मोटिवेटेड रखने के लिए किया ये काम
रौशन कहते हैं कि अगर आप यूपीएससी की तैयारी कर रहें है तो इस बारे में किसी को भी न बताएं। मेरा नौकरी न छोड़ने के पीछे एक कारण यह भी था। अगर मैं नौकरी छोड़कर यूपीएससी की तैयारी में जुट जाता तो मेरे उपर अपेक्षाओं का दबाव बन जाता। इसलिए इस बात को सीक्रेट रखें, ताकि आप बिना किसी दबाव के अपनी तैयारी कर सकें।
साथ में करें प्रारंभिक और मेन परीक्षा की तैयारी
इस परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए प्रारंभिक और मेन दोनों परीक्षाओं की तैयारी साथ में करनी चाहिए। साथ ही आंसर राइटिंग का भी अभ्यास करना चाहिए। सोशल लाइफ से थोड़ी दूरी बनाएं, छोटे-छोटे टुकड़ों में समय निकालकर तैयारी करें और बेहतर रणनीति बनाएं। ऐसे करने से आपको जल्दी सफलता मिलेगी।