SSC GD 2025: सितंबर में आएगा एसएससी जीडी कांस्टेबल का नोटिस, आज होना था जारी; आयोग ने बताई नई तिथि
SSC GD 2025 Notification: एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की अधिसूचना आज जारी नहीं होगी। आयोग ने नोटिस जारी कर यह जानकारी साझा की है। साथ ही, अधिसूचना जारी होने की नई तिथि भी बताई है।
विस्तार
SSC GD 2025: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आज 27 अगस्त को कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) अधिसूचना जारी करने की उम्मीद थी। हालांकि, SSC ने एक नोटिस जारी कर कहा है कि SSC GD 2025 के लिए अधिसूचना आज जारी नहीं की जाएगी। नोटिस में आयोग ने यह भी साफ किया कि एसएससी जीडी की अधिसूचना कब जारी की जाएगी।
SSC GD 2025 Notification Date: 5 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना
आधिकारिक नोटिस के अनुसार, 27 अगस्त को जारी होने वाली एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती अधिसूचना अब 5 सितंबर, 2024 को जारी की जाएगी।
आधिकारिक अधिसूचना में लिखा है, 'वर्ष 2024-2025 के लिए परीक्षाओं के अस्थायी कैलेंडर के अनुसार, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) और SSF में कांस्टेबल (GD), असम राइफल्स में राइफलमैन (GD), और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में सिपाही परीक्षा, 2025 के इच्छुक उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करने के लिए नोटिस 27.08.2024 को आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित होने वाला था।'
नोटिस में नई तिथि बताते हुए लिखा है, "प्रशासनिक कारणों के चलते एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की अधिसूचना 05 सिंतबर को जारी की जाएगी।"
संभावित कार्यक्रम के अनुसार, एसएससी कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) 2025 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 अक्तूबर, 2024 है और कंप्यूटर आधारित परीक्षा जनवरी-फरवरी 2025 में आयोजित की जाएगी। आवेदन पंजीकरण, शुल्क भुगतान, सुधार विंडो और परीक्षा की सटीक तिथियां अधिसूचना में दी जाएंगी। आधिकारिक नोटिस में पात्रता मानदंड, रिक्तियों की संख्या, आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न और बहुत कुछ के बारे में विवरण भी शामिल होंगे।
उम्मीदवारों को कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) के लिए आधिकारिक अधिसूचना के अपडेट के लिए कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट को नियमित रूप से देखने की सलाह दी जाती है।