SSC Recruitment 2022: दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल के लिए 835 पदों पर भर्तियां, मिलेगी बंपर सैलरी
SSC Recruitment 2022: इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 100 रुपये आवेदन शुल्क के तौर पर जमा करने होंगे। वहीं, महिला, एससी, एसटी, दिव्यांग और भूतपूर्व सैनिकों (जो आरक्षण के योग्य हैं) के लिए आवेदन निशुल्क है।
विस्तार
SSC Recruitment 2022: सरकारी भर्ती के लिए दिन-रात तैयारी कर रहे और एक सुनहरे मौके का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी सामने आई है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल भर्ती परीक्षा, 2022 के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन को जारी कर दिया है। इसके साथ ही आयोग ने भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। तो उम्मीदवार इस मौके को हाथ से बिल्कुल न निकलने दें और जल्द से जल्द कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट ssc.nic.in पर जाकर आधिकारिक नोटिफिकेशन को चेक कर के अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं। हम इस खबर में आपको इस भर्ती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी और इसके लिए आवेदन की सभी जरूरी प्रक्रिया से अवगत कराएंगे।
SSC Recruitment 2022: सैकड़ों पदों पर भर्ती
कर्मचारी चयन आयोग की ओर से जारी की गई दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल भर्ती परीक्षा, 2022 में रिक्तियों की कुल संख्या 835 रखी गई है। इनमें महिला वर्ग के लिए कुल 276 पदों को आरक्षित किया गया है। इस परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का चयन बहुवैकल्पिक परीक्षा और शारीरिक परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। बहुवैकल्पिक परीक्षा में पदों के 20 गुणा उम्मीदवारों को सफल किया जाएगा। इन्हें अगले चरण के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
SSC Recruitment 2022: कब तक कर सकते हैं आवेदन?
जो भी उम्मीदवार हेड कांस्टेबल भर्ती में शामिल होने के इच्छुक हैं वह अपना आवेदन अब कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कर सकते हैं। आयोग ने इस भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 16 जून, 2022 को निर्धारित की है। इसके बाद आयोग आवेदकों को 21 से 25 जून, 2022 तक का समय अपने आवेदन पत्र में सुधार के लिए देगा।
SSC Recruitment 2022: शैक्षणिक योग्यता और आयु-सीमा
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास में किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से बारहवीं पास या इसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। वहीं, आवेदकों की आयु-सीमा न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 25 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु-सीमा में छूट का प्रावधान है। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध नोटिफिकेशन को चेक करें।
SSC Recruitment 2022: आवेदन शुल्क और वेतन
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 100 रुपये आवेदन शुल्क के तौर पर जमा करने होंगे। वहीं, महिला, एससी, एसटी, दिव्यांग और भूतपूर्व सैनिकों (जो आरक्षण के योग्य हैं) के लिए आवेदन निशुल्क है। भर्ती के माध्यम से चयनित उम्मीदवारों को दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पदों पर भर्तियां दी जाएगी। उम्मीदवरों को 25,500 से लेकर 81,100 रुपये तक का वेतन मिलेगा।
SSC Recruitment 2022: भर्ती से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियां
- आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की तारीख- 17 मई, 2022
- आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने की तारीख- 16 जून, 2022
- आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख- 17 जून, 2022
- आवेदन पत्र में सुधार की तारीख- 21 से 25 जून, 20222
- परीक्षा की तारीख- सितंबर, 2022
SSC Recruitment 2022: कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवार आवेदन करने के लिए नीचे दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें।
- उम्मीदवार सबसे पहले एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट ssc.nic.in पर जाएं।
- होम पेज पर दिखाई दे रहे हेड कांस्टेबल भर्ती के लिंक पर क्लिक करें।
- अब आप एक नए पेज पर आ जाएंगे।
- यहां उम्मीदवार स्वयं को पंजीकृत करे और और आवेदन पत्र में पूछी गई जानकरी दर्ज करें।
- अब आवश्यक दस्तावेज अपलोड करे और आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
- आवेदन पत्र सबमिट कर इसे सेव कर लें।
- आगे की जरूरत के लिए आवेदन पत्र को डाउनलोड कर के इसका प्रिंट निकलवा लें।