SIDBI: ग्रेड ए और बी के लिए आवेदन की अंतिम तिथि, ग्रेजुएट से प्रोफेशनल डिग्री धारकों के लिए मौका; करें पंजीकरण
SIDBI Recruitment: सिडबी बैंक ने ग्रेड ए और बी पदों पर भर्ती के लिए आज आवेदन प्रक्रिया समाप्त हो रही है। ग्रेजुएट से लेकर प्रोफेशनल डिग्री धारक उम्मीदवार नीचे दी वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
SIDBI Vacancy 2025: भारतीय लघु औद्योगिक विकास बैंक (SIDBI) आज, 11 अगस्त को ग्रेड ए और बी (सामान्य और विशेषज्ञ स्ट्रीम) में अधिकारियों की भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया समाप्त कर देगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार sidbi.in पर इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं । चरण I और चरण II के लिए संभावित तिथियां क्रमशः 6 सितंबर और 4 अक्टूबर हैं।
साक्षात्कार संभवतः नवंबर 2025 में आयोजित किया जाएगा। भर्ती अभियान का उद्देश्य 76 रिक्तियों को भरना है, जिनमें से 50 रिक्तियां सहायक प्रबंधक ग्रेड 'ए' - सामान्य स्ट्रीम के लिए और 26 प्रबंधक ग्रेड 'बी' - सामान्य और विशेषज्ञ स्ट्रीम के लिए हैं।
ग्रेड ए के लिए कौन कर सकता है आवेदन?
उम्मीदवार के पास वाणिज्य, अर्थशास्त्र, गणित, सांख्यिकी, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन या इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए, जिसमें न्यूनतम 60% अंक (SC/ST/PwBD उम्मीदवारों के लिए 50%) हों। इसके अलावा सीएस, सीएमए/आईसीडब्ल्यूए, सीएफए, सीए, एमबीए या पीजीडीएम (2 वर्ष का पूर्णकालिक) किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से प्राप्त होना चाहिए।
प्रबंधक ग्रेड बी के लिए आवश्यक योग्यता
इस पद के लिए किसी भी विषय में स्नातक के साथ न्यूनतम 60% अंक (एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी के लिए 50%) या स्नातकोत्तर में 55% अंक (एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी के लिए पास अंक) जरूरी हैं। कानून में स्नातक के लिए न्यूनतम 50% अंक (आरक्षित वर्ग के लिए 45%) आवश्यक हैं। वहीं, MCA करने वाले उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 60% अंक (एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी के लिए 55%) होने चाहिए।
आवेदन शुल्क
आवेदन करने के लिए अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों को 175 रुपये का शुल्क देना होगा, जबकि अन्य (ओबीसी/ईडब्ल्यूएस और सामान्य अभ्यर्थियों सहित) के लिए 1100 रुपये का शुल्क देना होगा।
कैसे होगा चयन?
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों में होगा। पहले चरण में 200 अंकों की ऑनलाइन स्क्रीनिंग परीक्षा होगी, जिसमें 7 अलग-अलग सेक्शन होंगे। दूसरे चरण में 200 अंकों की एक और ऑनलाइन परीक्षा होगी, जिसमें 2 पेपर शामिल होंगे। तीसरे और अंतिम चरण में 100 अंकों का इंटरव्यू होगा, जिसमें खेल, सांस्कृतिक या अन्य पाठ्येतर गतिविधियों में उपलब्धियां और सेवा में मिले पुरस्कार भी गिने जाएंगे, बशर्ते उम्मीदवार इसके प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें।