RRB JE Vacancy 2026: आरआरबी में जेईई के 3993 पदों पर आवेदन शुरू, क्या है पात्रता की शर्तें? जानें सबकुछ
RRB JE Recruitment 2026 का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने जूनियर इंजीनियर, डिपो मटेरियल सुपरिटेंडेंट और केमिकल एंड मेटालर्जिकल असिस्टेंट के 3993 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार 14 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
RRB JE Vacancy 2026: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने जूनियर इंजीनियर (JE), डिपो मटेरियल सुपरिटेंडेंट (DMS) और केमिकल एंड मेटालर्जिकल असिस्टेंट (CMA) पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 3993 पदों को भरा जाएगा। इंजीनियरिंग या संबंधित विषय में डिप्लोमा/डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 से शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार 13 सितंबर 2026 तक आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
जानें पात्रता की शर्तें
आरआरबी जेई भर्ती 2026 के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास संबंधित पद के अनुसार डिप्लोमा या डिग्री हो। जूनियर इंजीनियर (JE) पद के लिए संबंधित इंजीनियरिंग शाखा में डिप्लोमा/डिग्री जरूरी है। डिपो मटेरियल सुपरिटेंडेंट (DMS) पद के लिए इंजीनियरिंग या तकनीकी योग्यता और केमिकल एंड मेटालर्जिकल असिस्टेंट (CMA) पद के लिए रसायन विज्ञान या धातु विज्ञान से संबंधित योग्यता होनी चाहिए।
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट मिलेगी। SC/ST वर्ग को 5 वर्ष और OBC वर्ग को 3 वर्ष की आयु छूट प्रदान की जाएगी।
कैसे होगी चयन प्रक्रिया?
आरआरबी जेई भर्ती 2026 में उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) और मेडिकल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा। सीबीटी में सफल होने वाले उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद मेडिकल टेस्ट में फिट पाए जाने वाले अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया जाएगा।
कितना मिलेगा वेतन?
आरआरबी जेई भर्ती 2026 के तहत चयनित उम्मीदवारों को 35,400 प्रति माह का शुरुआती वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा रेलवे के नियमों के अनुसार अन्य भत्तों और सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।
ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होमपेज पर RRB JE Recruitment 2026 लिंक पर क्लिक करें।
- रजिस्ट्रेशन करके मांगी गई सभी जानकारी भरें।
- आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करें।
- आवेदन पत्र की जानकारी जांचकर फॉर्म जमा करें।
- भविष्य के लिए आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।