वन विभाग में बंपर भर्ती, सैकड़ों पद खाली
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राज्य स्तरीय परीक्षा के लिए विज्ञप्ति जारी की है। कुल 123 विज्ञापित रिक्तियों में वन क्षेत्रपाल के 100 पद हैं जिसके तहत 50 पदों पर अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी। वहीं 23 पद सहायक वन संरक्षक के हैं जिनमें 9 पद आरक्षित वर्ग के लिए हैं। आयु सीमा के तहत इन पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु सीमा सीमा 21 वर्ष है तथा अधिकतम आयु सीमा 28 वर्ष है। आयु की गणना 1 जनवरी, 2015 से की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार को आयु सीमा में नियम के अनुसार छूट दी जाएगी।
सहायक वन संरक्षक पद के उम्मीदवार की परिवीक्षा अवधि 4 वर्ष है तथा प्रशिक्षण अविधि दो वर्ष की है। वहीं वन क्षेत्रपाल पद के उम्मीदवार की परिवीक्षा अवधि 2 वर्ष की है तथा प्रशिक्षण अवधि 18 माह है। शैक्षिक योग्यता के तहत वन क्षेत्रपाल पद के उम्मीदवार ने किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से विज्ञान अथवा इंजीनियरिंग में स्नातक की उपाधि प्राप्त की हो। वहीं सहायक वन संरक्षक पद के उम्मीदवार ने किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विधा में स्नातक की उपाधि प्राप्त की हो।
पाएं आकर्षक वेतनमान
इन पदों पर चयनित उम्मीदवार को पदानुसार वेतनमान के तौर पर 15,600 - 39,100 रुपये या 9300 - 34,800 रुपये दिया जाएगा। पदों के अनुसार ग्रेड पे अलग-अलग निर्धारित है। आवेदन शुल्क और परीक्षा शुल्क के तौर पर सामान्य वर्ग के आवेदक को 2,000 रुपये तथा आरक्षित वर्ग के आवेदक को 1,000 रुपये निर्धारित प्रक्रिया से जमा कराना होगा। इसके अतिरिक्त 40 रुपये पोर्टल शुल्क अतिरिक्त देय होगा।
इन पदों पर चयन के लिए ऑनलाइन परीक्षा ली जाएगी। दो प्रश्नपत्र दो - दो घंटे की अवधि के होंगे। पहला प्रश्नपत्र सभी उम्मीदवारों के लिए सामान्य है जबकि दूसरा प्रश्नपत्र ऐच्छिक विषय से होगा। दो दिवसीय ऑनलाइन परीक्षा 2 अगस्त, 2015 और 3 अगस्त, 2015 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का आयोजन इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में किया जाएगा। प्रवेश पत्र 10 जुलाई से 31 जुलाई, 2015 तक संबंधित बेबाइट पर उपलब्ध होगी।
ऑनलाइन परीक्षा में उत्तीर्ण उम्मीदवार को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। इसके उपरांत चयनित उम्मीदवार का शरीरिक क्षमता परीक्षण किया जाएगा। इन पदों पर आवेदन केवल ऑनलाइन किए जा सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी, 2015 है। ऑनलाइन आवेदन करने तथा आवेदन संबंधी अधिक जानाकरी के लिए उम्मीदवार मध्य प्रदेश पीसीएस की की वेबसाइट http://mppsc.com/ATTACHMENTS_FILES/ADVERTISEMENTS_OPTION/Requirtment_2014/RECRUITMENT%20ADVERTISEMENT%20NO_04_EXAM_2014_30-12-2014_STATE%20FOREST%20SERVICE%20EXAM-2014_30-12-2014.pdf पर लॉग ऑन करें।