JOBS: सीआरपीएफ में कॉन्स्टेबल के करीब 1.30 लाख पदों पर होगी भर्ती, गृह मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना
CRPF Recruitment 2023: सीआरपीएफ में कॉन्स्टेबल के करीब 1.30 लाख पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की गई है।
विस्तार
CRPF Constables Recruitment 2023: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) 1.30 लाख कांस्टेबलाें की भर्ती करेगा। इनमें 10 फीसदी पद अग्निवीरों के लिए आरक्षित होंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय के नोटिफिकेशन के मुताबिक, कुल 1,29,929 पदों में 1,25,262 पुरुष और 4,667 महिला अभ्यर्थियों के लिए होंगे।
अभ्यर्थियों का दसवीं पास होना जरूरी
अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास रखी गई है। भर्ती जनरल ड्यूटी कैडर के कांस्टेबल पदों के लिए है। इन्हें सामान्य केंद्रीय सेवा में ग्रुप-सी गैर-राजपत्रित श्रेणी में रखा जाएगा।
अग्निवीरों को छूट
पहले बैच को अधिकतम आयु में 5 वर्ष और पूर्व अग्निवीरों को तीन वर्ष तक की छूट मिलेगी। शारीरिक क्षमता परीक्षण (पीईटी) से भी नहीं गुजरना होगा। एससी-एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में पांच वर्ष व ओबीसी को तीन वर्ष की छूट।
60 वर्ष में सेवानिवृत्ति
सभी भर्तियां भारतीय नागरिकों के लिए हैं। सेवानिवृत्ति 60 वर्ष की आयु में होगी। आयु 18 से 23 वर्ष। वेतनमान लेवल-3 के तहत 21,700 से 69,100 रुपये।
उम्मीदवारों का चयन फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट, मेडिकल टेस्ट और लिखित परीक्षा के जरिए किया जाएगा. उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा पास करनी होगी।
केंद्र सरकार ने पिछले महीने ही पूर्व अग्निवीरों के लिए बीएसएफ और सीआईएसएफ में 10 फीसदी आरक्षण की घोषणा की थी। उन्हें अधिकतम आयु व शारीरिक दक्षता परीक्षण में छूट की भी घोषणा हुई थी।
इससे पहले सरकार ने केंद्रीय अर्धसैनिक बलों व असम राइफल्स में 10 फीसदी पूर्व-अग्निवीर भर्ती करने की बात कही थी। माना जा रहा है कि सरकार के इस कदम से जहां पूर्व अग्निवीरों को अर्द्धसैनिक बलों में तैनाती पाने में मदद मिलेगी, वहीं इन बलों को भी सेना से प्रशिक्षण पाए सैनिक मिलने से फायदा होगा। 14 जून 2022 को सरकार ने महत्वाकांक्षी अग्निवीर योजना की घोषणा की थी, जिसमें साढ़े 17 से 21 वर्ष तक के युवाओं को सेना के तीनों अंगों में भर्ती किया जाएगा। एजेंसी