यूपी: रक्षा मंत्रालय में 10वीं पास की भर्ती
रक्षा मंत्रालय के अधीन, क्वालिटी एश्योरेंस महानिदेशालय (डीजीक्यूए), कानुपर में कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है। इन पदों पर नियुक्ति हेतु भारतीय नागरिकों से आवेदन पत्र मंगाए गए हैं। इन पदों में सिविलियन मोटर ड्राइवर, मल्टी टास्किंग स्टाफ, तकनीशियन व अन्य पद शामिल हैं। इन पदों को भरने की शैक्षिक योग्यता 10वीं पास या समकक्ष योग्यता निर्धारित की गई है। मोटर ड्राइवर के पदों पर आवेदन करने वाले सभी आवेदकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस का होना आवश्यक है।
विज्ञापित पदों के लिए आयु सीमा पदों के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है। सिविलियन मोटर ड्राइवर व तकनीशियन के लिए 18 से 25 वर्ष व अन्य पदों के लिए 18 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग को अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। विज्ञापित पदों के लिए 5,200 से 20,200 रुपये प्रतिमाह वेतनमान निर्धारित किए गए हैं।
इस प्रकार से करें आवेदन
इन पदों पर आवेदन केवल ऑफलाइन के माध्यम से किया जा सकता है। किसी अन्य माध्यम से किया गया आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। इन पदों पर आवेदन करने वाले सभी उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, ट्रेड परीक्षा व साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। अंतिम चयन लिखित परीक्षा व साक्षात्कार में प्राप्त किए गए अंकों की मेरिट के आधार पर किया जायेगा। विज्ञापित पदों पर आवेदन करने के लिए योग्य उम्मीदवार आवेदन पत्र को पूर्णरूप से भरकर संबंधित दस्तावेजों के साथ दिए गए पते 'द कंट्रोलर, कंट्रोलरेट ऑफ क्वालिटी एश्योरेंस (जनरल स्टोर), डीजीक्यूए काम्पलेक्स, अशोक पथ, कानपुर 208004' पर भेजे।
इन पदों पर आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जनवरी, 2015 निर्धारित की गई है। आवेदन करने के लिए तथा अन्य आवश्यक जानकारी व निर्देश के लिए उम्मीदवार http://dgqadefence.gov.in./ पर लॉग ऑन करें।