कोरोना का कहर : प्रशासन ने स्थगित की सूबे की सबसे बड़ी प्रीलिम्स परीक्षा, जानिए नई डेट
- जेकेपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा 11 जुलाई को होनी निर्धारित थी
- परीक्षा अब रविवार, 24 अक्तूबर, 2021 को आयोजित की जाएगी
विस्तार
कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के कारण केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में राज्य लोक सेवा आयोग (JKPSC) की ओर से राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2021 को स्थगित कर दिया गया है। बता दें कि जेकेपीएससी प्रीलिम्स 2021 परीक्षा पहले 11 जुलाई, 2021 को आयोजित होने वाली थी। लेकिन कोरोना संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए जेकेपीएससी प्रशासन ने इस अहम परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय किया है।
जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग ने प्रीलिम्स यानी प्रारंभिक परीक्षा 2021 को लेकर आधिकारिक स्थगन अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना में कहा गया है कि वैश्विक संक्रामक कोविड-19 महामारी के कारण जेकेपीएससी की संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा 2021 जो कि 11 जुलाई को होनी निर्धारित थी, को अक्तूबर तक टाल दिया गया है। जम्मू-कश्मीर राज्य सेवा संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा अब रविवार, 24 अक्तूबर, 2021 को आयोजित की जाएगी।
बता दें कि इस परीक्षा में राज्य के बाहर के परीक्षार्थी भाग नहीं ले सकते हैं। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में प्रशासनिक पदों पर भर्ती के लिए होने वाली जम्मू-कश्मीर लोक सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2021 में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को जम्मू-कश्मीर राज्य का स्थायी निवासी होना जरूरी है।
वहीं, इस बार राज्य लोक सेवा आयोग ने जेकेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2021 को लेकर एक और महत्वपूर्ण घोषणा की है। इसके मुताबिक जिन उम्मीदवारों ने एकल आवेदन के लिए ज्यादा शुल्क जमा कर दिया है वे 25 मई, 2021 या उससे पहले निर्धारित फॉर्मेट में सही अकाउंट डिटेल्स देकर रिफंड के लिए दावा कर सकते हैं। अभ्यर्थी जम्मू-कश्मीर लोक सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2021 के बारे में अधिक जानकारी जेकेपीएससी की वेबसाइट jkpsc.nic.in से प्राप्त कर सकते हैं।
प्रारंभिक परीक्षा के बाद होगी मेन परीक्षा और साक्षात्कार
गौरतलब है कि सिविल सेवा परीक्षा की तर्ज पर जेकेपीएससी की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2021 को क्लीयर करने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। उम्मीदवारों का चयन अंतिम राउंड में उनके प्रदर्शन के आधार पर होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे प्रारंभिक परीक्षा 2021 के बारे में अधिक और नवीनतम अपडेट के लिए जेकेपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।