IAF Recruitment 2025: एयरफोर्स में 10वीं पास के लिए भर्ती; हाउसकीपिंग और हॉस्पिटैलिटी के पदों पर आवेदन शुरू
Indian Air Force Recruitment 2025: भारतीय वायुसेना ने 10वीं पास युवाओं के लिए अग्निवीर-वायु हाउसकीपिंग और हॉस्पिटैलिटी के नॉन-कॉम्बैटेंट पदों पर भर्ती निकाली है। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। भर्ती से जुड़ा विस्तृत विवरण आगे उपलब्ध है।
विस्तार
Indian Air Force Non-Combatant Recruitment 2025: भारतीय वायूसेना ने 10वीं पास युवाओं की भर्ती के लिए एक अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती के तहत संगठन में अग्निवीर-वायु हाउसकीपिंग और हॉस्पिटैलिटी के नॉन-कॉम्बैटेंट पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति की जानी है। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर agnipathvayu.cdac.in. पर जाकर भर्ती अधिसूचना देख सकते हैं और आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन है।
10वीं पास के लिए मौका
आवेदन करने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित है। इसके लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिनका जन्म 01 जनवरी, 2005 से लेकर 01 जुलाई, 2008 के बीच हुआ हो। इसके अलावा, जो उम्मीदवार परीक्षा के सभी स्टेज में पास हो जाएंगे, नामांकन की तारीख से उनकी आयु अधिकतम 21 वर्ष होनी चाहिए।
अविवाहित पुरुष उम्मीदवार ही कर सकते हैं आवेदन
इंडियन एयरफोर्स की यह भर्ती गैर-लड़ाकू पदों के लिए है। इच्छुक उम्मीदवार 1 सितंबर तक इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। गौरतलब है कि इस भर्ती के लिए केवल अविवाहित पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते हैं। चयनित होने पर उम्मीदवार को चार वर्षीय प्रारंभिक कार्यकाल के दौरान शादी करने की अनुमति नहीं होगी, भले ही वे विवाह योग्य आयु प्राप्त कर लें।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को निम्न दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे:
- 10वीं कक्षा की मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट
- पासपोर्ट आकार का रंगीन फोटो (6 माह से अधिक पुराना न हो)
- अगर उम्मीदवार की आयु 18 वर्ष से कम है, तो माता पिता द्वारा हस्ताक्षरित राजीनामा। यदि उम्मीदवार 18 वर्ष से अधिक आयु का है, तो उसे यह स्वयं हस्ताक्षरित करके देना होगा।
आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया
इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को किसी भी शुल्क का भुगतान नहीं करना होगा। अभ्यर्थी निःशुल्क आवेदन पत्र भरकर जमा कर सकते हैं। उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, फिजिकल टेस्ट, स्ट्रीम सूटेबिलिटी टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन की प्रक्रिया
- इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों को ऑफलाइन मोड में आवेदन करना होगा।
- जारी नोटिफिकेशन से आवेदन पत्र डाउनलोड करना होगा।
- आवेदन पत्र में सभी विवरण सही और सावधानीपूर्वक भरें।
- आवश्यक दस्तावेजों की फोटो कॉपी संलग्न करें।
- अब इस आवेदन पत्र को नोटिफिकेशन में बताए अनुसार निर्धारित पते पर भेज दें।