BPSC Jobs: बिहार में एसोसिएट प्रोफेसर और प्राचार्य के कुल 590 पदों पर भर्ती, इस दिन शुरू होगा पंजीकरण
BPSC Associate Professor Recruitment 2025: बिहार लोक सेवा आयोग ने एसोसिएट प्रोफेसर के 500 से अधिक पदों पर भर्ती अधिसूचित की है। पंजीकरण प्रक्रिया 18 अगस्त से शुरू होने वाली है।
विस्तार
BPSC Associate Professor Recruitment: बिहार लोक सेवा आयोग ने विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में विभिन्न विषयों में एसोसिएट प्रोफेसर के 500 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। पंजीकरण प्रक्रिया 18 अगस्त से शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in. के माध्यम से इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे।
पंजीकरण करने की अंतिम तिथि 12 सितंबर, 2025 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होने के बाद आवेदन करने से पहले अधिसूचना को भली प्रकार पढ़ लें।
कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदकों के पास संबंधित विषय में पीएचडी की डिग्री और अन्य योग्यता होनी चाहिए। विषयवार शैक्षणिक पात्रता अलग-अलग निर्धारित है। इसके अलावा, उम्मीदवार के पास संबंधित क्षेत्र में अनुभव भी होना चाहिए। विस्तृत विवरण के लिए आधिकारिक अधिसूचना अवश्य पढ़ें।
इतना मिलेगा वेतन
योग्य अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। चयनित होने पर वेतन स्तर-13ए1 के तहत प्रारंभिक मासिक वेतन 1,31,400 रुपये प्रदान किया जाएगा।
पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग संस्थानों में प्राचार्य की भर्ती
विज्ञापन संख्या 79/2025 के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक/राजकीय महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्राचार्य के कुल 26 पद भी भरे जाने हैं। इस भर्ती के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 12 अगस्त, 2025 से शुरू होगी और 8 सितंबर, 2025 को समाप्त होगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास पीएचडी की डिग्री के साथ-साथ संबंधित क्षेत्र में अनुभव भी होना चाहिए। चयनित होने पर वेतन स्तर-13ए1 के तहत प्रारंभिक मासिक वेतन 1,31,400 रुपये प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा, विज्ञापन संख्या 80/2025 के तहत इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्राचार्य के कुल 25 पदों को भरने के लिए अधिसूचना जारी हो चुकी है। इस भर्ती के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 18 अगस्त से शुरू होगी और 12 सितंबर को समाप्त होगी।