झारखंड: तेनुघाट डैम के छह गेट खोले गए, दामोदर नदी उफान पर; करीब 10 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा
बोकारो में भारी बारिश के कारण तेनुघाट डैम के छह रेडियल गेट खोल दिए गए हैं। डैम से करीब 10 हजार क्यूसेक पानी दामोदर नदी में छोड़ा जा रहा है। नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
विस्तार
जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण तेनुघाट बांध प्रमंडल ने जलस्तर नियंत्रित करने के लिए तेनुघाट डैम के छह रेडियल गेट खोल दिए हैं। गेट खुलने के बाद दामोदर नदी में बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
तेनुघाट बांध प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, 24 सितंबर की सुबह डैम का जलस्तर 847.75 फीट दर्ज किया गया। हालांकि, फिलहाल जलस्तर में कमी की प्रवृत्ति देखी जा रही है।
करीब 10 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया
24 सितंबर की सुबह 6 बजे तक डैम से करीब 9,710 क्यूसेक यानी 274.9 क्यूबिक मीटर प्रति सेकंड पानी दामोदर नदी में छोड़ा जा रहा था। इससे पहले 23 सितंबर की शाम 6 बजे जलाशय का जलस्तर 848 फीट तक पहुंच गया था। जलस्तर स्थिर होने के बाद प्रबंधन ने चार अतिरिक्त रेडियल गेट खोलने का निर्णय लिया। इसके बाद कुल छह गेटों से पानी की निकासी शुरू की गई। बुधवार शाम 6 बजे भी छह गेटों के माध्यम से करीब 10,000 क्यूसेक पानी दामोदर नदी में छोड़े जाने की सूचना दर्ज की गई।
पढ़ें: कोडरमा स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन की आखिरी बोगी में लगी आग, शौचालय में धूम्रपान की आशंका; टला बड़ा हादसा
24 घंटे में 82 मिमी बारिश
तेनुघाट बांध प्रमंडल की रिपोर्ट के मुताबिक, 24 घंटे के दौरान डैम के जलग्रहण क्षेत्र में 82 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण जलाशय में पानी का प्रवाह बढ़ गया, जिसे देखते हुए बांध की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल निकासी बढ़ाई गई। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर डैम के और गेट खोले जा सकते हैं।
नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह
डैम से पानी छोड़े जाने के कारण दामोदर नदी का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन और बांध प्रबंधन की ओर से जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और नदी के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, बोकारो जिले में 24 सितंबर को बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।