झारखंड सीजीएल पेपर लीक: छपरा से एजेंट मनु कुमार सिंह गिरफ्तार, आरोपी हुए 33; सीआईडी की कार्रवाई जारी
झारखंड सीजीएल पेपर लीक मामले में सीआईडी ने छपरा से एजेंट मनु कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में अब तक 33 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। फूड इंस्पेक्टर से भी पूछताछ जारी है।
विस्तार
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितता के मामले में सीआईडी ने बिहार के छपरा से एजेंट मनु कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। सीआईडी ने गुरुवार शाम आरोपी को विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अब सीआईडी उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है।
नए सिरे से जांच के बाद बढ़ी गिरफ्तारियां
सीआईडी ने एक जनवरी 2025 को सीआईडी थाने में प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद से मामले की जांच जारी है। शुरुआती दौर में सीआईडी ने 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें अधिकतर झारखंड पुलिस के जवान थे। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा पास कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से पैसे लिए और उन्हें प्रश्न-उत्तर रटवाए।
करीब डेढ़ महीने पहले सीआईडी ने मामले की नए सिरे से जांच शुरू की। इसके बाद 17 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें एजेंट, अभ्यर्थी और परीक्षा संचालन करने वाली एजेंसी आईसीएन के कर्मचारी शामिल हैं।
पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, जेलों में संविदा और दैनिक वेतनकर्मियों के नियमितीकरण का आदेश
मास्टरमाइंड समेत कई आरोपी गिरफ्तार
नए सिरे से जांच के दौरान सीआईडी ने मास्टरमाइंड और सफल अभ्यर्थी अभय कुमार तिवारी, उसकी पत्नी सुषमा कुमारी और अक्षय तिवारी को गिरफ्तार किया। परीक्षा संचालन एजेंसी के दो कर्मचारियों सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार को भी पकड़ा गया।
इसके अलावा सफल अभ्यर्थी दीपक कुमार, उमेश कुमार राय, विजय कुमार तिवारी, आनंद कुमार सिंह, समीर कुमार और कुंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पटना के दलाल राजन कुमार, एजेंट दिलीप कुमार पासवान, कोडरमा के राजेश प्रसाद यादव और संदीप कुमार तथा देवघर के सुधाकर यादव की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। अब छपरा के मनु कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। सीआईडी के अनुसार, सफल अभ्यर्थियों में कई लोग एजेंट के रूप में काम कर वसूली कर रहे थे।
फूड इंस्पेक्टर से लगातार दूसरे दिन पूछताछ
सीआईडी ने जमशेदपुर के फूड इंस्पेक्टर संजय कुमार से लगातार दूसरे दिन भी दिनभर पूछताछ की। पूछताछ के बाद देर शाम उन्हें छोड़ दिया गया। सीआईडी ने उन्हें शुक्रवार को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया है।
संजय कुमार गिरिडीह जिले के गांवा थाना क्षेत्र के पिहरा गांव के निवासी हैं। सीआईडी के डीएसपी अरविंद सिंह, गिरिडीह के गांवा एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार और स्थानीय पुलिस के सहयोग से उन्हें उनके गांव से रांची लाया गया था।
सीआईडी को पूर्व में अभ्यर्थियों से पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जानकारी मिली थी कि फूड इंस्पेक्टर ने अभ्यर्थियों को प्रश्न-उत्तर रटवाने, सेटिंग कराने और आवाजाही में सहयोग किया था। सीआईडी इन नए तथ्यों का सत्यापन कर रही है।