Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jharkhand ›   Ranchi News ›   wasseypur gangster prince khan proclamation notice jamshedpur police

झारखंड: दुबई में बैठे गैंगस्टर प्रिंस खान पर जमशेदपुर पुलिस का शिकंजा, वासेपुर के घर पर चस्पा किया इश्तेहार

Sun, 22 Nov 2026 03:01 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Sun, 22 Nov 2026 03:01 PM IST
सार

जमशेदपुर पुलिस ने दो करोड़ रुपये की रंगदारी और कारोबारी के घर पर गोलीबारी के मामले में फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के वासेपुर स्थित पैतृक घर पर अदालत के निर्देश पर इश्तेहार चस्पा किया है। पुलिस ने उसे अदालत में आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है। जांच में इस वारदात के पीछे दुबई तक फैले आपराधिक नेटवर्क का खुलासा हुआ था।

विज्ञापन
wasseypur gangster prince khan proclamation notice jamshedpur police
झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान उर्फ हैदर अली - फोटो : bihar

विस्तार

झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान उर्फ हैदर अली उर्फ छोटे सरकार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जमशेदपुर पुलिस ने अदालत के निर्देश पर धनबाद के वासेपुर स्थित उसके पैतृक आवास पर इश्तेहार चस्पा किया है। पुलिस ने रंगदारी और गोलीबारी के मामले में फरार चल रहे प्रिंस खान को अदालत में आत्मसमर्पण करने की कड़ी चेतावनी दी है। यह कार्रवाई सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह निवासी कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग और उनसे दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में की गई है।

विज्ञापन

वासेपुर स्थित घर पर चस्पा किया इश्तेहार

सीतारामडेरा थाना पुलिस की टीम शनिवार को धनबाद के वासेपुर पहुंची और प्रिंस खान के घर पर सार्वजनिक इश्तेहार चिपकाया। आरोपी के खिलाफ पहले से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लुकआउट नोटिस जारी है। हाल ही में धनबाद पुलिस उसके ठिकाने पर बुलडोजर की कार्रवाई भी कर चुकी है।

विज्ञापन

इस मामले में पिछले नौ महीने से फरार चल रहे आरोपी सागर सिंह को पुलिस ने 15 जुलाई की सुबह गोलमुरी क्षेत्र की पंजाबी रिफ्यूजी कॉलोनी से गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि सागर सिंह प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा के नाम पर कारोबारी को लगातार धमकियां देने और 10 अक्तूबर 2025 को उनके घर पर गोलीबारी की साजिश में शामिल था। पुलिस इस मामले में सागर सिंह समेत पांच शूटरों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

कारोबारी से मांगी थी दो करोड़ की रंगदारी

कारोबारी हरेराम सिंह और उनके बेटे से प्रिंस खान के गुर्गों ने 3 अक्तूबर 2025 को दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं देने पर बदमाशों ने कारोबारी के घर पर गोलियां चलाई थीं। इस दौरान पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने वाला एक ऑडियो संदेश भी प्रसारित हुआ था।

जमशेदपुर पुलिस की जांच में इस वारदात के पीछे अंतर-जिला और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले आपराधिक गिरोह का नेटवर्क सामने आया था।

दुबई में बैठे प्रिंस खान तक ऐसे पहुंची साजिश

पुलिस के मुताबिक, वारदात की मुख्य साजिश अपराधी दशरथ शुक्ला ने रची थी। कारोबारी के बेटे हरीश सिंह के साथ शराब कारोबार शुरू करने की उसकी योजना विफल हो गई थी। इसके बाद आर्थिक नुकसान से नाराज दशरथ ने बदला लेने की साजिश रची।
उसने पलामू जेल में बंद अपराधी सुजीत सिन्हा से संपर्क किया। सुजीत सिन्हा के माध्यम से उसकी पहुंच दुबई में मौजूद प्रिंस खान तक हुई। आरोप है कि प्रिंस खान के निर्देश पर जमशेदपुर के स्थानीय युवकों को शूटर बनाकर गिरोह में शामिल किया गया।
23 अक्तूबर 2025 को रांची के बुंडू में हथियारों के साथ गिरफ्तार हुए दशरथ शुक्ला की निशानदेही पर पुलिस ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया था। इस मामले का मुख्य शूटर रवि महानंद उर्फ गोपला 28 अक्तूबर 2025 को सिदगोड़ा क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हुआ था।

11 आरोपियों के खिलाफ दर्ज है केस

बुंडू थाने में दर्ज अवैध हथियार के मामले में प्रिंस खान, सुजीत सिन्हा, चाईबासा जेल में बंद रिया सिन्हा और दशरथ शुक्ला समेत 11 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज है। सुजीत सिन्हा की कुछ महीने पहले पुलिस मुठभेड़ में मौत हो चुकी है। अब जमशेदपुर पुलिस ने अदालत के निर्देश पर प्रिंस खान के पैतृक घर पर इश्तेहार चस्पा कर उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed