झारखंड न्यूज: जेपीएससी-जेएसएससी में भर्ती प्रक्रिया सुस्त, नई नियुक्तियों के विज्ञापन का इंतजार
झारखंड में नियुक्ति परीक्षाओं में गड़बड़ी और आयोगों की प्रक्रिया में देरी का असर नई भर्तियों पर पड़ा है। जेपीएससी में कई परीक्षाओं की जांच और अध्यक्ष-सदस्यों के पद खाली होने से भर्ती प्रक्रिया प्रभावित है। वहीं, जेएसएससी ने 22 जुलाई के बाद कोई नया नियुक्ति विज्ञापन जारी नहीं किया है।
विस्तार
झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को नई नियुक्तियों के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। नियुक्ति परीक्षाओं में गड़बड़ी के कारण झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की चयन प्रक्रिया प्रभावित हुई है। जेपीएससी में अधिकांश परीक्षाओं की जांच चल रही है। साथ ही आयोग में अध्यक्ष और सदस्यों के पद खाली हैं। इसके चलते नियुक्ति प्रक्रिया लगभग ठप है। दूसरी ओर, जेएसएससी में पदों की ऐसी रिक्ति नहीं है, फिर भी 22 जुलाई के बाद से कोई नया नियुक्ति विज्ञापन जारी नहीं किया गया है।
जेएसएससी में 22 जुलाई के बाद नहीं आया नया विज्ञापन
जेएसएससी ने 22 जुलाई को पारा शिक्षकों के लिए होने वाली विशेष सहायक आचार्य नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा का विज्ञापन जारी किया था। इसके बाद आयोग की ओर से कोई नया नियुक्ति विज्ञापन प्रकाशित नहीं किया गया है। आयोग ने 31 अगस्त के बाद से कोई नई सूचना भी जारी नहीं की है। वहीं, कार्मिक विभाग की ओर से अधियाचना वापस मंगाए जाने के कारण इंटरमीडिएट स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा को रद्द करने की अनुशंसा की गई है। अब कार्मिक विभाग इस परीक्षा के लिए दोबारा अधियाचना भेजेगा। इससे पहले आयोग ने 20 अगस्त को आरक्षी नियुक्ति परीक्षा के तहत शारीरिक जांच परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया था। इसकी शारीरिक जांच प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है।
जेएसएससी में 20,206 पदों पर चयन प्रक्रिया जारी
राज्य के दोनों भर्ती आयोगों के पास पहले से विज्ञापित पदों के साथ नए पदों पर भी नियुक्ति प्रक्रिया लंबित है। जेएसएससी की ओर से वर्तमान में कुल 20,206 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है। इन पदों पर चयन प्रक्रिया चल रही है।
इसके अलावा जेएसएससी को 1,759 पदों पर नियुक्ति के लिए नया विज्ञापन जारी करना है। ऐसे में इन पदों के लिए आवेदन और परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों की नजर आयोग की अगली सूचना पर टिकी है।
जेपीएससी में 847 पदों के विज्ञापन का इंतजार
जेपीएससी की स्थिति भी अलग नहीं है। आयोग की ओर से अब तक कुल 798 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है। इन पदों से जुड़ी चयन प्रक्रिया विभिन्न स्तरों पर चल रही है। वहीं, 847 नए पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया जाना अभी बाकी है। जेपीएससी में अधिकांश परीक्षाओं की जांच चलने और अध्यक्ष व सदस्यों के पद खाली होने के कारण नई नियुक्तियों की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। ऐसे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी नई भर्तियों के विज्ञापन और लंबित परीक्षाओं की प्रक्रिया आगे बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।