Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jharkhand ›   Ranchi News ›   jharkhand high court talking to male friend mental cruelty divorce case

झारखंड: हाईकोर्ट ने कहा- पुरुष मित्र से बात करने पर पत्नी को चरित्रहीन कहना मानसिक क्रूरता

Sun, 15 Nov 2026 10:21 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Sun, 15 Nov 2026 10:21 AM IST
सार

झारखंड हाईकोर्ट ने कहा है कि किसी विवाहित महिला का पुरुष मित्र से बातचीत करना उसके चरित्र पर सवाल उठाने का आधार नहीं है। ऐसा आरोप लगाना पत्नी के प्रति मानसिक क्रूरता है।

विज्ञापन
jharkhand high court talking to male friend mental cruelty divorce case
झारखंड हाईकोर्ट - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

किसी विवाहित महिला का पुरुष मित्र से बातचीत करना उसके चरित्र पर सवाल उठाने का आधार नहीं हो सकता। ऐसा करने पर पत्नी को चरित्रहीन कहना मानसिक क्रूरता के समान है। झारखंड हाईकोर्ट ने एक वैवाहिक विवाद की सुनवाई करते हुए यह अहम टिप्पणी की है। अदालत ने क्रूरता और परित्याग के आधार पर तलाक की मांग करने वाले पति की अपील खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि महिला पर बिना सबूत अवैध संबंधों का आरोप लगाना लैंगिक रूढ़िवादिता और पूर्वाग्रह से भरी सोच को दिखाता है।

विज्ञापन

मुख्य न्यायाधीश एम.एस. सोनक और न्यायमूर्ति मनोज प्रसाद की खंडपीठ ने हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 की धारा 13(1)(i-a) और 13(1)(i-b) के तहत यह फैसला सुनाया। अदालत ने पाया कि पति अपनी पत्नी पर लगाए गए क्रूरता और परित्याग के आरोपों को साबित करने में नाकाम रहा।

विज्ञापन

पत्नी पर लगाए थे दूरी बनाने और चरित्र संदिग्ध होने के आरोप

पति ने हाईकोर्ट में अपील दायर कर दावा किया था कि उसकी पत्नी उससे दूरी बनाकर रखती थी और ससुराल वालों का अनादर करती थी। उसने पत्नी के चरित्र पर भी सवाल उठाए। पति का आरोप था कि उसकी पत्नी मोबाइल फोन पर किसी दूसरे पुरुष से लगातार बातचीत करती थी और बिना बताए घर छोड़कर चली गई थी। वहीं, पत्नी ने पति के सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उसने अदालत को बताया कि ससुराल वाले दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे और उस पर झूठे आरोप लगाते थे। पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति के अपने कार्यालय की एक महिला सहकर्मी के साथ संबंध थे। इसी वजह से उसे मजबूर होकर अपने माता-पिता के घर शरण लेनी पड़ी।

विज्ञापन
विज्ञापन

पति के गवाहों के बयान पर भी कोर्ट ने उठाए सवाल

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने पाया कि पति अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस और भरोसेमंद सबूत पेश नहीं कर सका। पति की ओर से पेश किए गए सभी गवाह उसके सहकर्मी थे। परिवार के किसी भी सदस्य को गवाही के लिए अदालत में पेश नहीं किया गया। खंडपीठ ने मामले में नाबालिग बेटी के बयान पर भी ध्यान दिया। बेटी अपने पिता के साथ रह रही थी। उसने अदालत में स्वीकार किया कि उसकी गवाही पिता के निर्देशों के अनुसार तैयार की गई थी। इस बात को ध्यान में रखते हुए अदालत ने उसके बयान को तलाक के पक्ष में आधार मानने से इन्कार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि सिर्फ किसी पुरुष मित्र से बातचीत करने के कारण महिला के चरित्र पर सवाल उठाना पूर्वाग्रह से भरी मानसिकता है। इस तरह के आधारहीन आरोप पत्नी के लिए मानसिक क्रूरता के समान हैं।

मध्यस्थता में पत्नी ने साथ रहने की जताई थी इच्छा

हाईकोर्ट ने मध्यस्थता की प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों पर भी गौर किया। अदालत ने पाया कि मध्यस्थता के दौरान पत्नी ने अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई थी, लेकिन पति ने उसके साथ रहने के विकल्प को स्वीकार नहीं किया। खंडपीठ के अनुसार, इस तथ्य से यह साबित नहीं होता कि पत्नी ने स्वेच्छा से पति का परित्याग किया था। अदालत ने माना कि पत्नी पर बिना किसी ठोस आधार के आरोप लगाना और पुरुष मित्र से बातचीत के कारण उसके चरित्र पर सवाल उठाना मानसिक क्रूरता है। अदालत ने स्पष्ट किया कि पति क्रूरता और परित्याग, दोनों में से किसी भी आधार को साबित नहीं कर पाया। इसी वजह से हाईकोर्ट ने तलाक की मांग वाली उसकी अपील खारिज कर दी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed