झारखंड: किसने उजाड़ दी मासूम की जिंदगी? घर में सो रही बच्ची की हत्या, खेत में मिला सिर कटा शव
झारखंड के गोड्डा जिले के डहुआ गांव में गुरुवार सुबह 12 साल की बच्ची का सिर कटा शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बच्ची बुधवार रात अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी।
विस्तार
झारखंड के गोड्डा जिले में गुरुवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 12 साल की बच्ची का सिर कटा शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची का शव मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बच्ची रात में अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी। आशंका है कि देर रात कोई अज्ञात व्यक्ति उसे घर से उठाकर खेत में ले गया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
घर में माता-पिता के साथ सो रही थी बच्ची
परिजनों के शुरुआती बयानों के अनुसार, बच्ची रोज की तरह बुधवार रात अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी। आशंका जताई जा रही है कि देर रात कोई अज्ञात व्यक्ति चुपचाप घर में दाखिल हुआ और सोते समय बच्ची को उठाकर ले गया। परिजनों को रात में हुई इस घटना की भनक तक नहीं लगी। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण रोजमर्रा के काम से खेतों की तरफ पहुंचे तो वहां बच्ची का धड़ पड़ा मिला। उसका सिर गायब था। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
तंत्र-मंत्र और पुरानी रंजिश के एंगल से जांच
घटना की सूचना मिलते ही ललमटिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। वारदात की गंभीरता को देखते हुए कई पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस तंत्र-मंत्र या अंधविश्वास से जुड़ी आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इसके अलावा परिवार या आसपास के लोगों के साथ किसी पुरानी रंजिश की संभावना भी खंगाली जा रही है। हालांकि, फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
गांव में आक्रोश और दहशत का माहौल
12 साल की बच्ची की इस बर्बर हत्या से डहुआ गांव के लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने घटना को लेकर चिंता जताई है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।