झारखंड: रांची में किराये पर गाड़ी लेकर बंधक बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार
ओरमांझी पुलिस ने किराये पर गाड़ियां लेकर उन्हें बंधक बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सरगना विश्वजीत कुमार सिंह, उसकी पत्नी ज्योति और मनोज कुमार को गिरफ्तार कर चार लग्जरी कारें व छह मोबाइल बरामद किए।
विस्तार
ओरमांझी थाना पुलिस ने वाहन मालिकों को अधिक किराया देने का लालच देकर गाड़ियां किराये पर लेने और फिर उन्हें बंधक बनाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का सरगना मुंगेर निवासी विश्वजीत कुमार सिंह उर्फ विक्की, उसकी पत्नी ज्योति सिंह और विधानसभा थाना क्षेत्र निवासी मनोज कुमार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक फॉर्च्यूनर, मारुति एस-प्रेसो, फ्रॉन्क्स और बिना नंबर की नई बलेनो समेत चार लग्जरी कारें तथा छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
किराये पर गाड़ी लेकर बंधक बनाने का खेल
पुलिस की जांच के अनुसार गिरोह का सरगना विश्वजीत कुमार सिंह रातू रोड स्थित प्रार्थना हाइट्स में शुभ यात्रा ट्रैवल्स चला रहा था। इसी कार्यालय के माध्यम से आरोपी वाहन मालिकों से किराये पर कारें लेते थे। शुरुआत में वाहन मालिकों का विश्वास जीतने के लिए आरोपी एक या दो महीने तक नियमित रूप से किराया देते थे। इसके बाद आरोपी उन गाड़ियों को भारी रकम लेकर दूसरे लोगों के पास बंधक रख देते थे। फिर वाहन मालिकों को किराया देना बंद कर दिया जाता था और उनसे सभी संपर्क तोड़ लिए जाते थे।
पढे़ं: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा कल: 986 केंद्रों पर 5.65 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; इन 3 केंद्रों के बदले पते
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद हुई कार्रवाई
ओरमांझी थाना क्षेत्र के हरचंडा निवासी सनी कुमार ने इस संबंध में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़ित ने शिकायत में बताया था कि विश्वजीत, उसकी पत्नी ज्योति और मनोज ने किराये पर लेने के नाम पर उनसे फॉर्च्यूनर और सेल्टोस कारें ली थीं। बाद में जब वाहनों की कोई जानकारी नहीं मिली, तब पीड़ित को धोखाधड़ी का अहसास हुआ। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस की पड़ताल में गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी खुलासा हुआ है। गिरोह के मुख्य सरगना विश्वजीत कुमार सिंह उर्फ विक्की के खिलाफ रांची के नामकुम, कांके और ओरमांझी थानों के अलावा बिहार के मुंगेर जिले में हत्या के प्रयास तथा रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी मनोज कुमार के खिलाफ भी बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाने में उत्पाद अधिनियम के तहत आपराधिक मामला पंजीकृत है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों तथा बंधक रखी गई बाकी गाड़ियों का पता लगा रही है।