झारखंड: रांची में पांच हथियारबंद अपराधियों ने कृषि विभाग के कर्मचारी के घर की लूटपाट, इलाके में दहशत
रांची के कांके थाना क्षेत्र में पांच हथियारबंद अपराधियों ने कृषि विभाग के कर्मचारी रामाशंकर प्रसाद के तीन मंजिला मकान में घुसकर गहने और नकदी लूट ली। पुलिस, टेक्निकल सेल और डॉग स्क्वॉयड की टीम जांच में जुटी है।
विस्तार
राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड इलाके में पांच हथियारबंद अपराधियों ने कृषि विभाग में कार्यरत रामाशंकर प्रसाद के तीन मंजिला मकान में घुसकर लूटपाट की। अपराधी घर से कीमती गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात पांच हथियारबंद अपराधी जबरन रामाशंकर प्रसाद के घर में दाखिल हुए और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ टेक्निकल सेल और डॉग स्क्वॉयड की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।
पुलिस घर के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। साथ ही अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। फिलहाल, लूटे गए गहनों की कीमत और नकदी की कुल राशि का आकलन किया जा रहा है।
पढ़ें: चार लाख रुपये फीस, फिर भी सुविधाओं का अभाव! ट्रिपल आईटी रांची में छात्रों का प्रदर्शन
गौरतलब है कि इसी थाना क्षेत्र में रविवार की रात एक पेट्रोल पंप के बाहर अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग की थी। पुलिस उस मामले की जांच में जुटी थी कि इसी बीच घर में लूटपाट की दूसरी बड़ी घटना सामने आ गई। लगातार हुई इन घटनाओं ने कांके क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।