झारखंड राजनीति: मिशन 2029 की तैयारी में जुटी भाजपा, 24 अक्तूबर को रांची पहुंचेंगे नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 24 और 25 अक्तूबर को रांची दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे संगठन की मजबूती, मिशन 2029 की रणनीति और गिरिडीह उपचुनाव की तैयारियों पर प्रदेश के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करेंगे।
विस्तार
झारखंड में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को गति देने में जुटी भारतीय जनता पार्टी अब मिशन 2029 की रणनीति को जमीन पर उतारने की तैयारी कर रही है। इसी सिलसिले में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 24 अक्तूबर को दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचेंगे। 24 और 25 अक्तूबर को प्रस्तावित इस दौरे के दौरान वे प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने जैसे मुद्दों पर मंथन होगा। साथ ही, मिशन 2029 के तहत पार्टी की भावी कार्ययोजना और आने वाले दिनों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जाएगी।
इस दौरे में गिरिडीह उपचुनाव भी भाजपा के एजेंडे में प्रमुखता से रहेगा। पार्टी इस सीट पर जीत हासिल करने के लिए संभावित प्रत्याशी और चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श करेगी। भाजपा नेताओं का मानना है कि कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाकर चुनाव में मजबूत चुनौती पेश की जा सकती है।
ये भी पढ़ें- झारखंड न्यूज: रांची नगर निगम का घेराव, मजदूरों ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन की तैयारियों को लेकर प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल और संगठन महामंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की है। वहीं, प्रदेश प्रभारी आदिवासी बहुल क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान लोगों को केंद्र सरकार की विकास और आदिवासी कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि गिरिडीह उपचुनाव में जीत हासिल करना पार्टी की प्राथमिकता है। भाजपा इस सीट पर दोबारा कब्जा जमाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।