झारखंड: दामोदर नदी में नहाने गई किशोरी तेज बहाव में बही, बचाने उतरा मामा भी डूबने लगा
धनबाद के अमलाबाद में जितिया पर्व के दौरान दामोदर नदी में स्नान करने गई 16 वर्षीय किशोरी सोनाक्षी कुमारी तेज धार में बह गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसकी तलाश जारी है, जबकि गोताखोरों को बुलाने की तैयारी की जा रही है।
विस्तार
धनबाद के झरिया स्थित सुदामडीह थाना क्षेत्र के अमलाबाद में शुक्रवार को जितिया पर्व के दौरान दामोदर नदी में स्नान करने गई 16 वर्षीय किशोरी सोनाक्षी कुमारी तेज धार में बह गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सुदामडीह पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवती की तलाश शुरू कर दी।
बताया गया कि सोनाक्षी कुमारी मूल रूप से आरा की रहने वाली है और लोदना स्थित अपनी नानी के घर आई हुई थी। शुक्रवार को वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जितिया पर्व का स्नान करने अमलाबाद स्थित दामोदर नदी पहुंची थी। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गई और देखते ही देखते नदी में बह गई।
सोनाक्षी को डूबता देख उसके मामा अमन उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए। तेज बहाव के कारण दोनों पानी में डूबने लगे। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अमन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन सोनाक्षी तेज धार में बह गई और उसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सुदामडीह पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस की निगरानी में स्थानीय लोगों की मदद से नदी में युवती की तलाश की जा रही है। वरीय अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।
ये भी पढ़ें- ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’: महागठबंधन के नेताओं ने मांगा ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, दीपंकर बोले- लड़ाई जारी रहेगी
इधर, मौके पर पहुंचे सांसद प्रतिनिधि गफ्फार अंसारी ने कहा कि दामोदर नदी में स्नान के दौरान हर वर्ष हादसे होते हैं। उन्होंने नदी के खतरनाक और संवेदनशील घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षित गोताखोरों की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी सांसद को भी दे दी गई है और सोनाक्षी की तलाश के लिए गोताखोर उपलब्ध कराने की मांग की गई है। साथ ही, प्रशासन से संवेदनशील घाटों पर स्थायी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।

जानकारी मिलने पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस और ग्रामीण