झारखंड में बोले शाह- कांग्रेस ने अटकाए रोड़े, अब अयोध्या में बनेगा भव्य राम मंदिर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
झारखंड के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपनी जी-जान फूंक दी है। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंदीय मंत्री अमित शाह चतरा में एक रैली को संबोधित कर रहे हैं। जहां उन्होंने कहा कि आज जब मैं यहां आया हूं तो भगवान बिरसा मुंडा को याद करके उन सैंकड़ों आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को प्रणाम करता हूं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण दे दिए।
Union Home Minister Amit Shah, in Chatra (Jharkhand): Atal ji ne Jharkhand ko banaya aur Modi ji-Raghubar Das ji ne isko sanwaarne ka kaam kiya hai. #JharkhandAssemblyPolls https://t.co/ZZrtVHqZTY
— ANI (@ANI) November 28, 2019विज्ञापन
केंद्रीय मंत्री ने अयोध्या पर आए फैसले का जिक्र करते हुए कहा, कई सालों से देश की जनता चाहती थी कि अयोध्या में प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर बने। जब आप सब चाहते थे, तो अब तक मंदिर का रास्ता क्यों प्रशस्त नहीं होता था? क्योंकि कांग्रेस पार्टी कोर्ट में केस न चले इसमें रोड़े अटकाती थी। इनकी लाख कोशिशों के बाद भी केस चला भी और सुप्रीम कोर्ट ने सर्वानुमत से फैसला भी दिया कि वहां आसमान को छूता हुआ भव्य राम मंदिर बने।
अनुच्छेद 370 को लेकर शाह ने कहा, 'अनुच्छेद 370 और 35ए को कांग्रेस ने वोटबैंक की राजनीति के लिए संभालकर रखा था। मोदी जी को आपने 300 से ज्यादा सीटें जिताईं तो उन्होंने 370 और 35ए को उखाड़कर फेंक दिया। 370 और 35ए को हटाकर मोदी जी ने देश से आतंकवाद के खात्मे की शुरुआत कर दी है।'
गृह मंत्री ने कहा, 'झारखंड में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार जब भी बनी, तो करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार हुए। लेकिन रघुवर दास जी की सरकार में एक रुपये का भी भ्रष्टाचार नहीं हुआ। कांग्रेस पार्टी, झामुमो एक साथ चुनाव लड़ रहे हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि हेमंत बाबू, जब झारखंड के युवा अलग झारखंड के लिए लड़ रहे थे, अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे थे, अपने प्राणों का बलिदान दे रहे थे तो ये कांग्रेस क्या कर रही थी। झारखंड की रचना तब हुई, जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी और श्रद्धेय अटल जी प्रधानमंत्री बने। अटल जी ने झारखंड को बनाया और नरेंद्र मोदी जी और रघुवर दास जी ने झारखंड को संवारने का काम किया है।'
उन्होंने कहा कि जब आप वोट डालने जाइएगा तो याद रखिएगा कि आपका वोट किसी को विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं है। आपका वोट झारखंड को किस दिशा में ले जाना है, प्रगति के रास्ते पर ले जाना है या भ्रष्टाचार के रास्ते पर, इसके लिए है।
शाह ने कहा कि भाजपा पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकारें जब-जब बनीं, इतिहास गवाह है करोड़ों-करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है। मैं गर्व के साथ कहना चाहता हूं, मोदी जी व रघुवर दास के नेतृत्व में झारखंड में एक आना पैसे के भ्रष्टाचार का आरोप भाजपा पर नहीं है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'ये नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्र है। आप बताइए कि कमल फूल की सरकार आने से पहले शाम को बारात ले जा सकते थे क्या? क्या शाम को बिटिया की शादी करा सकते थे क्या? आज डंके की चोट पर रात को 12 बजे भी बारात लेकर जाइए, किसी नक्सली की हिम्मत नहीं है कि कुछ गड़बड़ कर सके।'