फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jharkhand ›   jamshedpur marine drive firing bindal mall three injured sonari police

जमशेदपुर: मरीन ड्राइव पर ताबड़तोड़ फायरिंग, कई घायल; बिंदल मॉल के पास मची अफरा-तफरी

Sat, 26 Sep 2026 05:04 PM IST
प्रतीक पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची Published by: प्रतीक पांडेय Updated Sat, 26 Sep 2026 05:04 PM IST
सार

जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव पर बिंदल मॉल के पास शनिवार को ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। घटना में कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और गोलीबारी के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

विज्ञापन
jamshedpur marine drive firing bindal mall three injured sonari police
अपराध। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के एक रेस्टोरेंट में शनिवार को बेखौफ अपराधियों ने अंधाधुंध गोलाबारी कर चार युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मॉल परिसर के ग्राउंड फ्लोर में स्थित उडिपि उपहार रेस्टोरेंट में टेबल पर बैठे चार जमीन कारोबारियों को निशाना बनाकर तीन अज्ञात बदमाशों ने अचानक करीब 11 राउंड गोलियां चलाईं। इस हमले में डोम्निक सैमसंग, दिलशाद, रिजवान और कृष्णा चौधरी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है।
विज्ञापन


घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किसपोट्टा और जमशेदपुर के एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने रेस्टोरेंट के अंदर लगभग दो घंटे तक गहन तफ्तीश की और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने एक अपराधी की पहचान कर ली है, जबकि अन्य हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
विज्ञापन


गोलीबारी से मॉल में मची भगदड़
शहर के व्यस्त इलाकों में शुमार मरीन ड्राइव पर शनिवार दोपहर हुई इस वारदात से मॉल में अफरा-तफरी मच गई। रेस्टोरेंट में शांति से बैठे युवकों पर अपराधियों ने बिना किसी चेतावनी के अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। लगातार 11 राउंड गोलियां चलने से पूरा मॉल परिसर दहल उठा। गोलियों की आवाज सुनकर मॉल में खरीदारी और अन्य काम से आए लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की तरफ भागने लगे, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
विज्ञापन
विज्ञापन


चारों पीड़ित जमीन के कारोबार से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। पुलिस को अंदेशा है कि इस गोलीबारी के पीछे आपसी विवाद या कोई पुरानी रंजिश हो सकती है। पुलिस अधिकारी पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य आपराधिक पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रहे हैं ताकि इस जानलेवा हमले की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।

सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की तलाश
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने बिंदल मॉल और आसपास के पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। फोरेंसिक विशेषज्ञों और पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। हमलावरों तक पहुंचने के लिए पुलिस बिंदल मॉल के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा मॉल के प्रवेश और निकास द्वारों तथा मरीन ड्राइव की ओर जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरों को भी जांचा जा रहा है।

पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तीनों बदमाश किस रास्ते से मॉल पहुंचे थे और घटना को अंजाम देने के बाद किस दिशा में भागे। पुलिस ने रेस्टोरेंट के कर्मचारियों और घटना के समय वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की है। चश्मदीदों से मिले इनपुट के आधार पर संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।


विधायक ने जताई सुरक्षा स्थिति पर चिंता
स्थानीय विधायक सरयू राय भी बिंदल मॉल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और व्यस्त सार्वजनिक स्थान पर हुई इस वारदात पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में लगातार हो रहे अपराधों से जनता के मन में भय और आतंक व्याप्त है। ऐसे संगीन मामलों में पुलिस को पूरी तत्परता से काम करना चाहिए। पत्रकारों द्वारा अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलने के संबंध में पूछे गए सवाल पर विधायक ने इस बात को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि जब तक ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कदम नहीं उठाए जाएंगे, तब तक शहर में शांति व्यवस्था कायम करना कठिन होगा। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed