{"_id":"27-39159","slug":"Jammu-39159-27","type":"story","status":"publish","title_hn":"शहर में आज दूध की सप्लाई नहीं ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शहर में आज दूध की सप्लाई नहीं
Jammu
Updated Wed, 09 Oct 2013 05:40 AM IST
विज्ञापन
जम्मू। दोधी गुज्जर एसोसिएशन के बैनर तले गुज्जर समुदाय के लोग बुधवार को शहर में दूध नहीं बेचेंगे। यह फैसला एसोसिएशन के प्रधान चौधरी जमील ने लिया है। उन्होंने बख्शी नगर थाना में गिरफ्तार किए गए लोगों की रिहाई की मांग करते हुए हड़ताल की है। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि जब तक उनके लोगों को छोड़ा नहीं जाता है, तब तक हड़ताल अनिश्चितकालीन समय के लिए जारी रहेगी। प्रधान जमील के मुताबिक दोधी लखनपुर से अखनूर तक दूध की सप्लाई करके लोगों की जरूरत को पूरा करते हैं लेकिन नगर निगम तथा पुलिस उनके खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। तीन दिन पहले बख्शी नगर में हेल्थ अफसर के साथ हुए विवाद के चलते पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें अभी तक छोड़ा नहीं गया है। उन्होंने उनकी रिहाई की मांग के लिए यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि शहर में बड़े स्तर पर दोधी लोगों के घरों में दूध की आपूर्ति करते हैं लेकिन जिला प्रशासन और जेएमसी के अड़ियल रवैये के आगे उन्हें बुधवार से शहर में दूध बेचने पर रोक लगानी पड़ रही है। हालांकि इससे दोधियों को भी नुकसान उठाना पड़ेगा लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि मिलावटी दूध बताकर नगर निगम उन्हें परेशान कर रहा है। हाल ही के दिनों में हजारों लीटर दूध नष्ट कर दिया गया है, जिससे दोधियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी है।
विज्ञापन