{"_id":"63febeda3a8226bbd60061c7","slug":"crime-news-mother-got-her-son-murdered-in-jaipur-2023-03-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Crime News: जयपुर में मां ने करवाई बेटे की हत्या, आरोप- बहन और बेटी के साथ करता था गंदी हरकत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Crime News: जयपुर में मां ने करवाई बेटे की हत्या, आरोप- बहन और बेटी के साथ करता था गंदी हरकत
Wed, 01 Mar 2023 10:19 AM IST
अरविंद कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: अरविंद कुमार
Updated Wed, 01 Mar 2023 10:19 AM IST
सार
Rajasthan Crime News: प्रदेश की राजधानी जयपुर में एक महिला ने अपने ही बेटे की हत्या करवा दी। घटना 26 फरवरी की है, जिसका पर्दाफाश पुलिस ने अब किया है। घटना में पुलिस ने मृतक की मां और चाचा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
मां सहित अन्य आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : सोशल मीडिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जयपुर में एक मां ने अपने बेटे की ही हत्या कर दी। इस हत्या का प्लानिंग मां करीब 10 दिन से कर रही थी। हत्या कहां, कैसे और कौन करेगा? पूरी प्लानिंग मां ने पहले ही की। मां अपने बेटे की गंदी हरकतों से परेशान हो चुकी थी। साथ ही सोचा बेटे की मौत हो जाएगी तो कर्जा माफ हो जाएगा। क्लेम मिलेगा, वो अलग। इसी के तहत पहले बेटे की हत्या करवाई। फिर उसका शव हाईवे पर पिकअप के नीचे फेंक दिया। मां समेत कुल छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
एडिशनल कमिश्नर (फर्स्ट) कैलाश चन्द्र बिश्नोई ने बताया, 25 फरवरी की रात आमेर थाना पुलिस हाइवे पर गश्त कर रही थी। रात करीब 1:15 बजे दिल्ली हाइवे पर राजस्थली रिसॉर्ट के पास एक युवक का शव मिला। हाइवे के साइड रोड पर पड़ी लाश की जांच की गई। पुलिस को समझते देर न लगी कि घटना को एक्सीडेंट दिखाने के लिए शव फेंका गया है। युवक की पहचान कमलेश अटल (35) निवासी कुंडा कुकस के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए CHC आमेर भिजवाया। पुलिस ने FSL टीम को बुलाकर मौके से सबूत जुटाए।
विज्ञापन
शराबी बेटे से मां थी परेशान...
एडिशनल डीसीपी (नॉर्थ-1) सुमन चौधरी ने बताया, पुलिस की जांच में सामने आया है कि कमलेश अटल इलेक्ट्रिशियन था। काफी समय पहले करंट लगने से वह छत से नीचे गिर गया था। इसके बाद कमर से नीचे के हिस्से में पैरालिसिस हो गया था। कमलेश शराब का आदी था। घरवालों-बच्चों को कमलेश परेशान करने लगा। करीब दो साल पहले उसकी पत्नी ने कमलेश से परेशान होकर सुसाइड कर लिया था। कमलेश अपनी मां मां प्रेम देवी, बहन-भाई और बेटा-बेटी के साथ यहां रहता था। शराबी बेटे कमलेश की हरकतों से उसकी मां परेशान थी। शराब पीकर मां-बहन को परेशान करने के साथ कई बार गंदी हरकतें कर चुका था।
विज्ञापन
किराएदारों के साथ मिलकर बनाया मर्डर प्लान...
ACP (आमेर) चंद्र सिंह रावत ने बताया कि मां प्रेम देवी ने किराएदार सन्नी और ज्ञान सिंह के साथ करीब 10 दिन पहले बेटे कमलेश की हत्या का प्लान बनाया। इसके तहत दिल्ली रोड स्थित फॉर्म हाउस में कमलेश निपटाने की बात हुई। कमलेश अक्सर उस फॉर्म हाउस में जाता रहता था। इसलिए वहां आसानी से ले जाकर उसको मारा जा सकता था। 25 फरवरी की दोपहर कमलेश फॉर्म हाउस पर गया। उसके पीछे-पीछे किराएदार सन्नी और ज्ञान सिंह भी पहुंच गए। दोनों किराएदारों ने उसे दिनभर शराब पिलाई। कमलेश को शराब के नशे में पूरी तरह धुत कर दिया।
हाथ-पैर पकड़ कंबल से रोक दी सांसें...
रात करीब 11:30 बजे मास्टरमाइंड मां प्रेम देवी, अपने देवर विरेन्द्र और परिचित सुरेश रैगर की पिकअप गाड़ी से दिल्ली रोड स्थित फॉर्म हाउस पहुंची। पिकअप में ड्राइवर सुरेश रैगर को छोड़कर मां प्रेम देवी और चाचा विरेन्द्र वहां बने कमरे में गए। कमलेश के साथ कमरे में किराएदार सन्नी और ज्ञान सिंह मौजूद थे। मां प्रेम देवी और चाचा विरेन्द्र ने नशे में धुत कमलेश के पैर पकड़ लिए। सन्नी और ज्ञान सिंह ने कमलेश के मुंह पर कंबल डालकर उसके नाक-मुंह को दबाकर मार डाला। इस दौरान किराएदार सन्नी की पत्नी रानी कमरे के गेट के बाहर खड़ी होकर देखती रही।
हत्या को एक्सीडेंट का दिया रूप...
SHO (आमेर) नंद लाल जाट ने बताया कि हत्या के बाद कमलेश के शव को उठाकर फॉर्म हाउस के बाहर हाइवे पर लेकर आए। कमलेश के शव को परिचित सुरेश रैगर की पिकअप के नीचे बीच रोड पर पटक दिया। इसके बाद सुरेश शव को रौंदता हुआ निकल गया। फिर आरोपी मां और ज्ञान सिंह सुरेश की पिकअप में बैठकर अपने घर आ गए। विरेन्द्र, किराएदार सन्नी और उसकी पत्नी रानी अलग होकर घर पहुंचे। घर वापस लौटते ही किराएदार सन्नी, उसकी पत्नी रानी और ज्ञान सिंह अपना सामान समेटकर रात में अपने गांव निकल गए।
कर्जा माफ, क्लेम भी मिलता...
करीब तीन साल पहले परिजनों ने कमलेश के नाम पर बैंक में 4.30 लाख का होम लोन लिया था, जिसे पूरा चुकाने से पहले ही कमलेश के नाम से पांच लाख का होम लोन और उठा लिया था। इस दौरान मर्डर का प्लान बना। साथ ही सुरेश रैगर की पिकअप से एक्सीडेंट क्लेम उठाकर आपस में बांटना तय किया था।
ऐसे हुआ खुलासा...
26 फरवरी की सुबह मामले में कमलेश के भाई की तरफ से हत्या का केस दर्ज किया गया। इस दौरान किराएदारों के रातों रात घर से निकलने और मां के हड़बड़ाने पर पुलिस को शक हुआ। मां से पूछताछ की गई तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। एडिशनल डीसीपी (नार्थ-1) सुमन चौधरी ने बताया, हत्या की मास्टरमाइंड मां प्रेम देवी (55) पत्नी मोहनलाल अटल, चाचा विरेन्द्र अटल (32) पुत्र केसरलाल और पिकअप ड्राइवर सुरेश कुमार अटल (38) पुत्र भगवान सहाय निवासी रैगरों का मोहल्ला कूकस, किराएदार सन्नी उर्फ अनिकेत सिंह बघेल (22) पुत्र ललित सिंह बघेल निवासी अनूपपुर (मध्यप्रदेश), ज्ञान सिंह उर्फ झाम सिंह (24) पुत्र मंगल सिंह निवासी डिंडोरी (मध्यप्रदेश) और श्रीमती उर्फ रानी (22) पत्नी नान्नू निवासी बाराबंकी (उत्तर प्रदेश) को अरेस्ट किया है।