World Yoga Day: यूपी मदरसा बोर्ड का आदेश, हर मदरसे में हो योग कार्यक्रम, कार्यक्रम की रिपोर्ट भेजें अफसर
World Yoga Day: उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के चेयरमैन डॉ. इफ्तिखार अहमद जावेद ने कहा कि 2015 से, जब से प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाने लगा है, तभी से राज्य के मदरसों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सभी मुसलमान बच्चे इसके आयोजन में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड ने आदेश जारी किया है कि राज्य के सभी पंजीकृत-गैर पंजीकृत मदरसों में योग दिवस (21 जून) पर योग के कार्यक्रम आयोजित किये जाएं। बोर्ड ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यक्रमों की रिपोर्ट बोर्ड को भेजने के लिए भी कहा है। मदरसा बोर्ड का यह आदेश समाजवादी पार्टी नेता शफीकुर्रहमान बर्क के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने मदरसों में योग कार्यक्रम आयोजित कराने पर आपत्ति जताई थी।
बोर्ड के द्वारा सभी मदरसों को भेजे आदेश में कहा गया है कि योग के महत्त्व को देखते हुए दुनिया के तमाम देशों में इसे मनाया जाता है। यह लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहतर होता है और योग करने से लोगों का शरीर और मन स्वस्थ रहता है। इस संदर्भ के साथ कहा गया है कि इसके पूर्व भी मदरसों को योग कार्यक्रम किये जाते रहे हैं। उसी क्रम में बुधवार 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी मदरसों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।
यह भी पढ़ें: World Yoga Day: स्टेम सेल से लेकर खून बढ़ाने वाली कोशिकाएं तक बढ़ीं योग से, देश के पहले योगा सेंटर में हुआ शोध
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के चेयरमैन डॉ. इफ्तिखार अहमद जावेद ने अमर उजाला से कहा कि योग सभी के लिए लाभप्रद होता है। इसका किसी धर्म विशेष से कोई संबंध नहीं है, लेकिन इसके बाद भी समाजवादी पार्टी के नेता शफीकुर्रहमान बर्क जैसे कुछ लोग विवादित बयान देकर लोगों में गलतफहमी पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बर्क जैसे लोग स्वयं को कुलीन मुसलमान समझते हैं। वे स्वयं तो आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन गरीब मुसलमानों को आगे नहीं बढ़ने देना चाहते हैं। यही कारण है कि विवाद खड़ा कर वे लोगों में गलतफहमी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
डॉ. इफ्तिखार अहमद जावेद ने कहा कि 2015 से, जब से प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाने लगा है, तभी से राज्य के मदरसों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सभी मुसलमान बच्चे इसके आयोजन में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। किसी के अंदर योग को लेकर कोई संदेह नहीं है।
बर्क की मानसिकता दूषित- भाजपा
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि विपक्ष के कुछ नेता प्रधानमंत्री मोदी के किसी भी अच्छे कार्य की किसी भी कीमत पर सराहना नहीं करना चाहते हैं। जिस योग को पूरी दुनिया आगे बढ़कर अपना रही है, इसमें 54 मुसलमान देश भी शामिल हैं, उसके विरुद्ध बयान देकर शफीकुर्रहमान बर्क यह साबित कर रहे हैं कि उनकी मानसिकता दूषित हो गई है। भाजपा नेता ने कहा कि योग के कारण भारत का पूरी दुनिया में मान बढ़ा है और सबने इसे आगे बढ़कर अपनाया है।