World Updates: पाकिस्तान में मुठभेड़ में सात आतंकवादी ढेर, अगले सप्ताह भारत आ सकती हैं नेपाल की विदेश मंत्री
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पंजाब प्रांत के अध्यक्ष और नेशनल असेंबली के पूर्व सदस्य हमद अजहर ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी संस्थापक इमरान खान तक अपनी पहुंच की कमी के कारण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस्तीफे की घोषणा की।
विस्तार
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सात आतंकवादी मारे गए। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के मुताबिक कुर्रम जिले में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने पर अभियान चलाया गया। इसमें सुरक्षा बलों ने टीटीपी के सात आतंकवादियों को ढेर कर दिया, जबकि पांच आतंकी घायल हैं। आतंकवादियों के ठिकाने से काफी संख्या में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गए।
स्वास्थ्य जांच कराने आएंगी नेपाल की विदेश मंत्री
नेपाल की विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा देउबा स्वास्थ्य जांच के लिए अगले सप्ताह भारत आ सकती हैं। विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा की पत्नी आरजू राणा रविवार या सोमवार को दिल्ली के लिए रवाना हो सकती हैं। विदेश मंत्री की यात्रा की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। विदेश मंत्री के प्रेस सलाहकार एकराज पाठक ने कहा कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। बताया जाता है कि विदेश मंत्री का हाइपरपैराथायरॉइडिज्म का ऑपरेशन हुआ था। वह इसी के संबंध में जांच के लिए नई दिल्ली के एक प्रमुख निजी अस्पताल जाएंगी।पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पंजाब प्रांत के अध्यक्ष और नेशनल असेंबली के पूर्व सदस्य हमद अजहर ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी संस्थापक इमरान खान तक अपनी पहुंच की कमी के कारण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पंजाब प्रांत में संगठनात्मक निर्णयों में भागीदारी की कमी है। उन्होंने कहा कि उन्हें पीटीआई संस्थापक से मिलने की अनुमति नहीं है। उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन वह एक कार्यकर्ता के रूप में पीटीआई के प्रति प्रतिबद्ध रहेंगे और पार्टी के लिए अपना समर्थन जारी रखेंगे।