फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World News Hindi Updates Asia Europe US Politics UK UN West Asia Unrest Crime and Global events

Updates: पोलैंड-दक्षिण कोरिया के बीच $6.5 अरब का रक्षा MoU; थाईलैंड में PM के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन

Sat, 02 Aug 2025 11:27 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: नितिन गौतम Updated Sat, 02 Aug 2025 11:27 PM IST
विज्ञापन
World News Hindi Updates Asia Europe US Politics UK UN West Asia Unrest Crime and Global events
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

पोलैंड ने दक्षिण कोरिया से 6.5 अरब डॉलर में 180 K2 टैंक और 81 सहायक वाहन खरीदने का समझौता किया है। ये टैंक दक्षिण कोरियाई कंपनी ह्युंडई रोटेम बनाएगी, जिनमें से 117 कोरिया में और बाकी पोलैंड की सरकारी कंपनी PGZ की तरफ से बनाए जाएंगे। यह समझौता यूक्रेन युद्ध के बाद पोलैंड की सुरक्षा तैयारियों का हिस्सा है। इस मौके पर दोनों देशों के रक्षा मंत्री मौजूद थे। यह साझेदारी भविष्य में संयुक्त उत्पादन और निर्यात को भी बढ़ावा दे सकती है।

विज्ञापन


पाकिस्तान के दौरे पर ईरानी राष्ट्रपति
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान शनिवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर पाकिस्तान पहुंचे। लाहौर एयरपोर्ट पर पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज और केंद्रीय आवास मंत्री रईज हुसैन पिरजादा ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के निमंत्रण पर हो रहा है। राष्ट्रपति पेजेश्कियान के साथ उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जिसमें विदेश मंत्री अब्बास अराघची और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। वह इस्लामाबाद जाकर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। यह दौरा हालिया क्षेत्रीय तनाव के मद्देनजर दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत करने के उद्देश्य से हो रहा है।
विज्ञापन


पाकिस्तान में लाहौर के पास बड़ा रेल हादसा
पाकिस्तान में लाहौर के पास शुक्रवार शाम को एक बड़ा रेल हादसा हो गया। इस्लामाबाद एक्सप्रेस नाम की यात्री ट्रेन, जब लाहौर की ओर जा रही थी, तभी कालाशाह काकू कस्बे में उसके तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में कम से कम 27 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। मामले में रेलवे प्रवक्ता बाबर रजा ने जानकारी दी कि घटना के तुरंत बाद राहत और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गईं और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह है कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। हादसे की वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन रेलवे विभाग ने इसकी जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

कोलंबिया के पूर्व राष्ट्रपति अलवारो उरीबे को गवाही से छेड़छाड़ और रिश्वत मामले में 12 साल की नजरबंदी की सजा
कोलंबिया के पूर्व राष्ट्रपति अलवारो उरीबे को गवाहों से छेड़छाड़ और रिश्वत देने के मामले में 12 साल की नजरबंदी (हाउस अरेस्ट) की सजा सुनाई गई है। यह फैसला शुक्रवार को आया और इसे देश के इतिहास का एक अहम कानूनी मुकदमा माना जा रहा है, जिसने इस दक्षिण अमेरिकी नेता की छवि को गहरी चोट पहुंचाई है। उरीबे को सोमवार को दोषी ठहराया गया था और उन्हें 12 साल तक जेल की सजा हो सकती थी, लेकिन अदालत ने उन्हें घर में नजरबंद रखने का आदेश दिया। यह मामला 1990 के दशक में अर्धसैनिक (पैरामिलिट्री) समूहों से कथित संबंधों को लेकर शुरू हुआ, जहां आरोप है कि उरीबे ने उन गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश की जो उनके खिलाफ बयान दे रहे थे।

पूर्व राष्ट्रपति ने खुद को निर्दोष बताया है और इस पूरे मामले को "राजनीतिक साजिश" कहा है। उन्होंने फैसले को ऊपरी अदालत में चुनौती देने की बात कही है। सजा सुनाए जाने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि संकट के समय हमें समस्या से ज़्यादा उसके समाधान पर ध्यान देना चाहिए। उरीबे ने 2002 से 2010 तक अमेरिका के मजबूत समर्थन के साथ कोलंबिया पर शासन किया। वे आज भी देश में एक विवादित व्यक्तित्व हैं—कुछ लोग उन्हें देश को अराजकता से बचाने वाला मानते हैं, तो कुछ उन्हें मानवाधिकार हनन और अर्धसैनिक हिंसा से जोड़ते हैं।

पाकिस्तान में पोलियो का नया मामला, कुल संख्या 18 हुई; बच्चों को खतरा बरकरार
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पोलियो वायरस का एक नया मामला सामने आया है, जिससे इस साल देश में कुल मामलों की संख्या 18 हो गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान (NIH) के पोलियो उन्मूलन क्षेत्रीय प्रयोगशाला ने शुक्रवार को इस नए मामले की पुष्टि की। यह मामला टैंक ज़िले की मोलाज़ई यूनियन काउंसिल में 10 महीने के एक बच्चे में पाया गया है। अकेले खैबर पख्तूनख्वा में अब तक 11 पोलियो के मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा, सिंध में 5, पंजाब और गिलगित-बाल्टिस्तान में एक-एक मामला दर्ज हुआ है।

NIH के अनुसार, वायरस की लगातार मौजूदगी यह दर्शाती है कि पोलियो के खतरे पर पूरी तरह काबू नहीं पाया गया है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां टीकाकरण को लेकर झिझक बरकरार है।21 से 27 जुलाई तक अफगान सीमा से लगे इलाकों और बलूचिस्तान में पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया गया था, ताकि अफगानिस्तान के साथ समन्वित प्रयास किए जा सकें।

 

जुलाई में कम नौकरियां बढ़ीं, ट्रंप ने आंकड़ों को 'राजनीतिक साजिश' बताया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को मासिक नौकरियों के आंकड़े जारी करने वाली संस्था की प्रमुख को तुरंत हटाने की मांग की। दरअसल, जुलाई में केवल 73,000 नई नौकरियां ही जुड़ीं, जो उम्मीद से काफी कम थीं। साथ ही मई और जून के आंकड़ों में भी करीब 2.58 लाख नौकरियों की कटौती की गई।

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर आरोप लगाया कि ये आंकड़े राजनीतिक मकसद से गलत दिखाए गए हैं। उन्होंने ब्यूरो ऑफ लेबर स्टैटिस्टिक्स की डायरेक्टर एरिका मैकएंटारफर को बर्खास्त करने को कहा। ट्रंप ने कहा कि मैंने अपनी टीम को आदेश दिया है कि इस बाइडेन की राजनीतिक नियुक्ति को तुरंत हटाया जाए और इसकी जगह किसी ज्यादा योग्य और सक्षम व्यक्ति को लाया जाए। 

रास अल खैमाह में पहली छमाही में 6% बढ़े पर्यटक
यूएई के रास अल खैमाह पर्यटन विकास प्राधिकरण के मुताबिक, पहली छमाही में रिकॉर्ड 6.54 लाख पर्यटक आए हैं। सालाना आधार पर 6 फीसदी अधिक है। राजस्व 9 फीसदी बढ़ा है। प्राधिकरण की सीईओ राकी फिलिप्स ने कहा, यह उपलब्धियां रास अल खैमाह के पर्यटन प्रस्तावों की मजबूती और उसकी केंद्रित रणनीति का स्पष्ट प्रमाण हैं।

2030 तक सालाना 35 लाख से अधिक पर्यटकों की उम्मीद है। प्रमुख बाजारों में भारत से आने वाले पर्यटकों की संख्या सालाना आधार पर 25% बढ़ गई। ब्रिटेन से आने वाले पर्यटकों की संख्या पांच फीसदी, चीन से 9.2% और रूसी पर्यटकों में 7% की तेजी रही। रोमानिया के पर्यटकों की संख्या 65%, पोलैंड की 56%, उज्बेकिस्तान की 47% और बेलारूस के पर्यटकों की संख्या में 30% बढ़ोतरी रही। इन सभी स्थानों से रास अल खैमाह के लिए सीधे उड़ान सेवा हैं। यहां दुनियाभर के बड़े ब्रांड वाले होटल हैं।

अल-सल्वाडोर में  राष्ट्रपति कार्यकाल  6 साल तक बढ़ा
अल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नायब बुकेले की पार्टी ने देश की संसद में सांविधानिक बदलावों को मंजूरी दे दी है। इनके तहत राष्ट्रपति पद के लिए बेमुद्दत पुनर्निर्वाचन व पद कार्यकाल छह साल तक बढ़ जाएगा। न्यू आइडियाज पार्टी की सांसद एना फिगेरोआ ने संविधान के 5 अनुच्छेदों में बदलाव का प्रस्ताव रखा था। मतदान 57 मतों के पक्ष में और तीन मतों के विरोध में पारित हुआ।

पाकिस्तान में 40 डाकुओं का चौकी पर हमला, 5 मौतें
लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक पुलिस चौकी पर भारी हथियारों से लैस दर्जनों डाकुओं के हमले में विशिष्ट बल के पांच पुलिसकर्मी मारे गए। पुलिस महानिरीक्षक उस्मान अनवर ने कहा, रॉकेट लॉन्चर और ग्रेनेड से लैस लगभग 40 डाकुओं ने बृहस्पतिवार की रात रहीम यार खान स्थित शेखानी पुलिस चौकी पर हमला किया। पंजाब पुलिस विशिष्ट बल के मारे गए 5 पुलिस अधिकारियों में तीन बहावलनगर के व दो अन्य रहीम यार खान के थे। जवाबी गोलीबारी में एक डाकू भी मारा गया। 

चीन में जापानी महिला पर हमला, टोक्यो में दो चीनी नागरिक घायल
चीन के सूझोउ शहर में गुरुवार देर रात एक जापानी महिला पर एक व्यक्ति ने पत्थर जैसी वस्तु से हमला कर दिया। महिला को हल्की चोटें आईं, जबकि उसका बच्चा सुरक्षित है। इलाज के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। जापानी मीडिया के मुताबिक, घटना सबवे स्टेशन में हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसी दिन जापान की राजधानी टोक्यो में दो चीनी नागरिकों पर भी हमला हुआ, जिनमें दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। चार हमलावर मौके से फरार हो गए और अब तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। इस घटना के बाद दोनों देशों में विदेशियों के प्रति बढ़ती नफरत (xenophobia) को लेकर चिंता जताई जा रही है।

गौरतलब है कि पिछले एक साल में यह तीसरी बार है जब चीन में जापानी नागरिकों पर हमला हुआ है। सितंबर 2023 में चीन के शेन्ज़ेन में एक 10 साल के जापानी बच्चे की हत्या कर दी गई थी। जून 2024 में सूझोउ में ही एक जापानी महिला और उसके बच्चे पर हमला हुआ था, जिसमें उन्हें बचाने की कोशिश करने वाले एक चीनी बस अटेंडेंट की मौत हो गई थी।

माली के पूर्व प्रधानमंत्री मूस्सा मारा गिरफ्तार, सेना विरोधियों से सहानुभूति जताने पर मुकदमा
माली में सैन्य सरकार के खिलाफ बोलने वालों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। देश के पूर्व प्रधानमंत्री मूस्सा मारा को शुक्रवार को प्रीट्रायल हिरासत में भेज दिया गया। उन पर जेल में बंद सैन्य सरकार के आलोचकों के प्रति सहानुभूति जताने का आरोप है। मारा ने चार जुलाई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि उन्होंने सैन्य सरकार के आलोचकों से जेल में मुलाकात की। उन्होंने यह भी कहा, "जब तक रात है, सूरज जरूर निकलेगा। हम पूरी ताकत से यह सुनिश्चित करेंगे कि वह जल्दी निकले।

 

चिली की तांबा खदान में हादसा: एक मजदूर की मौत, पांच अब भी 900 मीटर नीचे फंसे
चिली की एक प्रमुख तांबा खदान में भूकंप के झटकों से गुरुवार शाम को बड़ा हादसा हो गया। चिली की सरकारी तांबा खनन कंपनी कोडेल्को (Codelco) की एल टेनीएंटे (El Teniente) खदान में सुरंग का हिस्सा ढह गया, जिससे एक मजदूर की मौत हो गई और पांच मजदूर 900 मीटर गहराई में सुरंग में फंस गए। कंपनी ने बताया कि यह हादसा "भूकंपीय घटना" के चलते हुआ। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वे (USGS) के अनुसार, इस इलाके में 5.0 तीव्रता का भूकंप आया, जबकि Codelco ने इसे 4.2 तीव्रता का बताया।

 

अमेरिका में आठ नए भारतीय वाणिज्य दूतावास आवेदन केंद्र शुरू

भारत ने अमेरिका भर में आठ नए वाणिज्य दूतावास केंद्र खोले हैं, जिससे वीजा, पासपोर्ट और अन्य सेवाओं में उल्लेखनीय तेजी आएगी। अमेरिका में रहने वाले प्रवासी भारतीयों को इससे काफी फायदा होगा। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने शुक्रवार को बोस्टन, कोलंबस, डलास, डेट्रॉइट, एडिसन, ऑरलैंडो, रैले और सैन जोस में नए भारतीय वाणिज्य दूतावास आवेदन केंद्रों (आईसीएसी) का वर्चुअल उद्घाटन किया। लॉस एंजिल्स में भी जल्द ही एक अतिरिक्त आईसीएसी खुलेगा। 1 अगस्त, 2025 से, पासपोर्ट, वीजा, ओसीआई, समर्पण प्रमाणपत्र, जीवन प्रमाणपत्र, जन्म/विवाह प्रमाणपत्र, पुलिस क्लीयरेंस, सत्यापन आदि सहित सभी वाणिज्य दूतावास सेवाएं इन सेंटर्स से मिलनी शुरू हो गईं। इस विस्तार से अमेरिका  में आईसीएसी की कुल संख्या 17 हो गई है।
 

इंडोनेशिया में ज्वालामुखी विस्फोट, मीलों दूर फैली राख

इंडोनेशिया के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक, माउंट लेवोटोबी लाकी लाकी, लगातार दूसरे दिन फटा, जिससे शनिवार तड़के ज्वालामुखीय पदार्थों और राख का एक गुबार 18 किलोमीटर के इलाके में फैल गया। इससे आसपास के गांव मलबे से ढक गए। अभी तक ज्वालामुखी विस्फोट में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इससे पहले शुक्रवार शाम को हुए विस्फोट ने राख के बादल आसमान में 10 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैल गए थे। दोनों विस्फोट पांच घंटे से भी कम समय के अंतराल में हुए। ज्वालामुखी विस्फोट पर नजर रखने वाली इंडोनेशिया सरकार की एजेंसी ने बताया कि ज्वालामुखीय पदार्थ, जिसमें अंगूठे के आकार की गर्म बजरी भी शामिल है, ज्वालामुखी के गड्ढे से 8 किलोमीटर दूर तक उछला, जिससे आस-पास के गांव और कस्बे घने ज्वालामुखी अवशेषों से ढक गए। एजेंसी ने निवासियों से भारी बारिश के प्रति सतर्क रहने को कहा है। शनिवार का विस्फोट इंडोनेशिया में 2010 के बाद से सबसे बड़े विस्फोटों में से एक था, जब देश का सबसे अस्थिर ज्वालामुखी माउंट मेरापी, जावा के घनी आबादी वाले द्वीप पर फटा था। उस विस्फोट में 350 से ज़्यादा लोग मारे गए थे और लाखों लोगों को घर खाली करने पड़े थे।

यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस में तीन की मौत

शनिवार रात में यूक्रेन के ड्रोन हमलों में रूस में तीन लोगों की मौत हो गई। रूस के सरकारी अधिकारियों ने भी इसकी पुष्टि की है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उनके एयर डिफेंस ने क्रीमिया में आठ जगहों पर 112 ड्रोन्स को इंटरसेप्ट कर तबाह कर दिया। इस हमले में रोस्तोव, पेंजा और समारा इलाकों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं 11 लोग घायल हुए हैं। इससे पहले शुक्रवार को कीव पर रूसी हमले में 31 लोगों की मौत हो गई थी और 150 से ज्यादा घायल हो गए थे। 
 

एअर इंडिया हादसा: ब्रिटिश परिवारों को अभी भी डीएनए मिलान का इंतजार

अहमदाबाद हवाई अड्डे पर हुए एअर इंडिया विमान हादसे में मारे गए ब्रिटिश नागरिकों के परिजन अभी भी डीएनए मिलान का इंतजार कर रहे हैं। इस मुद्दे पर दोनों देशों की सरकारें भी संपर्क में हैं। कीस्टोन नामक लॉ फर्म ने एविएशन विशेषज्ञों से अपील की है कि प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। पीएम मोदी के ब्रिटेन दौरे में भी यह मुद्दा उठा था। 
 

ब्रिटेन- कैंडी में नशे की दवा मिलने से बच्चों की तबीयत बिगड़ी, शख्स गिरफ्तार
इंग्लैंड के एक समर कैंप में कुछ बच्चों के बीमार पड़ने के बाद 76 वर्षीय व्यक्ति जॉन रूबेन को बच्चों के साथ क्रूरता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, कैंप में बच्चों को जो कैंडी दी गई थी, उसमें नशे की दवा मिली हुई थी। यह घटना स्टैथर्न लॉज नामक जगह पर हुई, जो लंदन से 190 किमी दूर है।

8 से 11 वर्ष के बीच के आठ बच्चों और एक वयस्क को एहतियातन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी को बाद में छुट्टी दे दी गई। रूबेन को सोमवार को एक पब से गिरफ्तार किया गया। उन पर तीन बच्चों के साथ लापरवाही, दुर्व्यवहार और नुकसान पहुंचाने का आरोप है। पुलिस ने यह स्पष्ट किया कि लॉज के मालिक इस घटना से जुड़े नहीं हैं।
 

भारत को स्पेन से मिले 16 एयरबस C-295
भारत को स्पेन से 16 एयरबस सी-295 सैन्य परिवहन विमानों में से अंतिम विमान प्राप्त हो गया है। स्पेन स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को यह जानकारी दी। अत्याधुनिक तकनीक से युक्त सी-295 विमान वायुसेना के पुराने एवरो विमान की जगह लेगा। इसकी परिवहन क्षमता 5-10 टन है।

दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि स्पेन में भारतीय राजदूत दिनेश के पटनायक ने भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सेविले में एयरबस डिफेंस एंड स्पेस असेंबली लाइन पर 16 एयरबस सी-295 सैन्य परिवहन विमानों में से अंतिम विमान प्राप्त किया। पोस्ट में कहा गया है कि निर्धारित समय से दो महीने पहले की गई यह आपूर्ति भारत की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

सामरिक परिवहन की दृष्टि से यह विमान बहुत अहम है। इसकी उड़ान क्षमता 11 घंटे है। भारत ने सितंबर 2021 में स्पेन के एयरबस डिफेंस एंड स्पेस के साथ 56 सी-295 एमडब्ल्यू परिवहन विमान की खरीद के लिए करार किया था। इसके तहत 16 विमान स्पेन से मिले थे, जो मिल गए हैं। शेष 40 का निर्माण भारत में किया जाएगा।



इंग्लैंड- कैंप में बच्चों को नशीली कैंडी देने का आरोप
इंग्लैंड में 76 वर्षीय जॉन रूबेन को बच्चों के साथ क्रूरता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उन्होंने एक समर कैंप में बच्चों को नींद की दवा मिली कैंडी दी, जिससे कई बच्चे बीमार हो गए। आठ बच्चों और एक वयस्क को अस्पताल ले जाया गया, हालांकि सभी को बाद में छुट्टी मिल गई। रूबेन को अदालत में पेश किया गया है और अगली सुनवाई 29 अगस्त को होगी। पुलिस ने बताया कि कैंप की जगह से जुड़ी संस्था इस घटना में शामिल नहीं है।

थाईलैंड में प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सैकड़ों लोगों ने कोर्ट द्वारा निलंबित प्रधानमंत्री पैटोंगटार्न शिनावात्रा के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। यह विरोध कंबोडिया के साथ सीमा पर हुई हिंसक झड़प के बाद हुआ जिसमें 36 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और लाखों लोग बेघर हुए। प्रदर्शनकारियों ने सेना के समर्थन में नारे लगाए और पूर्व प्रधानमंत्री थाक्सिन शिनावात्रा की आलोचना की।

नेपाल पहुंचे हवाई पर्यटकों में भारतीयों की संख्या सर्वाधिक
नेपाल में जुलाई 2025 में हवाई मार्ग से 70,000 से अधिक पर्यटक आए, जिनमें भारतीय यात्रियों की हिस्सेदारी सबसे बड़ी है। नेपाल पर्यटन बोर्ड ने कहा कि देश में इस वर्ष के पहले सात महीनों में हवाई मार्ग से कुल 6,47,882 पर्यटक आए। यह संख्या कोविड-19 के बाद की अवधि में सर्वाधिक है। जुलाई 2025 में हवाई मार्ग से 70,193 यात्री आए, जो गत वर्ष की इस अवधि की तुलना में 8.7% की वृद्धि है। ये आंकड़ा बताता है कि कोरोना काल के बाद नेपाल जाने वाले भारतीय बढ़े हैं।

एअर इंडिया हादसा - ब्रिटेन को डीएनए मिलान की प्रतीक्षा
अहमदाबाद हवाई अड्डे से लंदन जाने वाले दुर्घटनाग्रस्त एअर इंडिया 171 विमान में सवार रिश्तेदारों के अवशेषों का इंतजार कर रहे ब्रिटिश परिवारों को भारत ब्रिटेन सरकार की उच्च-स्तरीय वार्ता के बाद डीएनए मिलान की पुष्टि की प्रतीक्षा है। उनकी कानूनी टीम ने यह जानकारी देते हुए 12 जून के प्लेन हादसे के बाद इस सप्ताह इस प्रक्रिया में तत्परता बरतने का आह्वान किया। इससे पहले ब्रिटेन भेजे गए कुछ अवशेषों पर गलत लेबल लगाने का मुद्दा ब्रिटिश पीएम भारतीय पीएम के सामने उठा चुके हैं। अहमदाबाद हादसे में कई परिवारों की मदद के लिए विमानन विशेषज्ञों के साथ काम कर रहे कीस्टोन लॉ ने कहा, सरकारों को चाहिए कि वे इस इंतजार को खत्म करें। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed