दुनिया की सबसे वजनी महिला की मुंबई में हुई सर्जरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मिस्र से मुंबई इलाज कराने आई दुनिया की सबसे वजनी 500 किग्रा की महिला इमान अहमद अब्देलिती की सर्जरी की गई है। इमान को गत महीने इलाज के लिए मिस्र से यहां लाया गया था। बृहस्पतिवार को सैफी अस्पताल ने एक बयान में कहा कि चिकित्सकों के एक दल ने 7 मार्च को वजन कम करने के लिए इमान का लैप्रोस्कोपिक स्लीव गैस्ट्रिकटोमी किया।
अस्पताल के मुताबिक, फिलहाल 36 साल की इमान को तरल पदार्थ पर रखा गया है। अस्पताल ने कहा कि महिला का इलाज कर रही मेडिकल टीम उनसे जुड़ी हुई हर समस्या का समाधान करने का प्रयास कर रही है ताकि वह जल्द से अपने देश मिस्र वापस लौट सकें। मुंबई आने से पहले इमान अपने बिस्तर पर ही पड़ी रहती थीं और पिछले 25 सालों से वह अपने घर से निकली भी नहीं थीं।
इमान का उपचार मुंबई के मशहूर बैरियाट्रिक सर्जन मुफजल लकड़ावाला और उनकी टीम की देखरेख किया जा रहा है। दो दिन पहले खबर थी कि इमान का वजन करीब 120 किग्रा कम हो गया है। लेकिन अस्पताल के बयान में इस तरह की कोई जानकारी नहीं दी गई है। बीते महीने इमान अहमद को विशेष विमान से मुंबई उपचार के लिए लाया गया था।
ट्रक से लाना पड़ा था अस्पताल
डॉ. लकड़ावाला ने पहले ही बताया था कि इमान का वजन कम करने के लिए चरणबद्ध तरीके से इलाज किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि तरल पदार्थ, प्रोटीन और फाइबर देकर वजन कम किया जाएगा। एक महीने में करीब 100 किग्रा वजन घटाने की कोशिश की जाएगी।
इमान का वजन 400 किलो के आसपास होने के बाद उसके ऑपरेशन का फैसला किया जाएगा। डॉ. लकड़ावाला को उम्मीद है कि पहले ऑपरेशन के बाद उसका वजन काफी कम हो जाएगा। उसके बाद कोशिश होगी कि वह उठ-बैठ पाए और खाना खा सके।
इमान के उपचार के लिए सैफी अस्पताल में विशेष कक्ष तैयार किया गया है और उसे स्पेशल ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। इमान अहमद को मिस्र से भारत लाने में काफी मशक्कत करना पड़ी थी। उन्हें एयरपोर्ट पर प्लेन से उतारने में भी काफी मुश्किलें हुई थीं। उसे विशेष तौर पर वेंटिलेटरयुक्त ट्रक वाहन से हास्पिटल लाया गया था।