भाजपा के खिलाफ सभी दलों को होना होगा एकजुट: नीतीश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय राजनीति की पिच पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरी तामझाम के साथ उतरने की तैयारी कर रहे हैं। शनिवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहला बड़ा स्ट्रोक मारते हुए नीतीश ने देश को संघ मुक्त बनाने के अभियान का एलान कर दिया। नीतीश ने इस अभियान में कांग्रेस समेत सभी गैर भाजपा दलों को साथ आने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश आज ऐसे मुआयने पर खड़ा है, जहां दो ही फ्रंट हैं - एक भाजपा और दूसरा गैर-भाजपा। सभी दलों को एकजुट करने का आह्वान करते हुए नीतीश ने कहा कि प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को चुनाव समय आने पर करेंगे। अभी साथ आना प्राथमिकता होनी चाहिए।
नीतीश एक ओर जहां राजनीतिक दलों के करीब जाने के लिए संघ मुक्त भारत का नारा बुलंद कर चुके हैं। वहीं, दूसरी ओर, जनता के बीच पैठ बनाने के लिए शराब मुक्त भारत का नारा लेकर पूरे देश में यात्रा करने का भी कार्यक्रम तय कर चुके है। जदयू की कमान संभालते ही नीतीश ने अपने पूर्व सहयोगी भाजपा पर जमकर निशाना साधा। नीतीश ने चुनाव प्रचार से लेकर महागठबंधन के साथ हुई दोस्ती का जिक्र करते हुए अपने पुराने सहयोगियों को जमकर लताड़ा। उन्होंने कहा कि वह बिहार में महागठबंधन की तर्ज पर देश भर में गैर संघवाद पार्टियों को एकजुट करने की कोशिश करेंगे। संघवाद के विरोध में एकजुटता हो गई, तो 2019 में भाजपा की विदाई निश्चित है। उन्होंने कहा कि अभी हम एक साथ होने की कोशिश कर रहे हैं। नेता का चुनाव मिल बैठकर कर लेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनना होगा तो मीडिया में नाम आने से कोई नहीं बन जाएगा, जिसे प्रधानमंत्री बनना होगा वो बन जाएगा। हल्ला करने या करबाने से कोई सात जन्म में भी नहीं बनेगा। नीतीश ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में चुनाव बाद भी नशा नहीं उतरा है। कुमार ने कहा कि पूरे देश में शराबबंदी के पक्ष में मुहिम की वह अगुवाई करेंगे। झारखंड से इसकी शुरुआत होगी। उत्तर प्रदेश, ओडिशा, मध्य प्रदेश जैसे तमाम ऐसे राज्यों में वह जाएंगे, जहां शराबबंदी को लेकर आवाज उठाई जा रही है। मई महीने के पहले सप्ताह में शराबबंदी के पक्ष में झारखंड से उनकी राष्ट्रव्यापी मुहिम शुरुआत होगी। इसके बाद 15 मई को लखनऊ में पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह के नाम से चल रही संस्था द्वारा आयोजित समारोह में वह शिरकत करेंगे।
नीतीश को सौंपी गई जदयू की कमान
पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय परिषद की बैठक में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नीतीश कुमार को जदयू के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान सौंपी गई। नए अध्यक्ष के रूप में नीतीश के निर्वाचन का प्रस्ताव शरद यादव ने रखा और केसी त्यागी ने प्रस्ताव का समर्थन किया। इसके बाद सर्वसहमति से इसकी संपुष्टि राष्ट्रीय परिषद ने कर दी। बैठक के दौरान देश भर से करीब 600 सदस्य जुटे। जदयू की राष्ट्रीय परिषद की इस बैठक में कर्नाटक, मुंबई, हरियाणा से लेकर लक्षद्वीप तक के कार्यकर्ताओं का जुटान हुआ।