फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Will Arvind Kejriwal Revdi Pe Charcha be as popular as the Chai Pe Charcha BJP made big claim about every Revd

Delhi Polls: क्या चाय पर चर्चा की तरह हिट होगी रेवड़ी पर चर्चा? भाजपा ने हर रेवड़ी को लेकर किया बड़ा दावा

Sun, 24 Nov 2024 07:58 PM IST
Amit Sharma Digital अमित शर्मा
Updated Sun, 24 Nov 2024 07:58 PM IST
विज्ञापन
सार
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि केजरीवाल झूठ बोल रहे हैं। दिल्ली की जनता को मुफ्त बिजली की रेवड़ी दी गई, लेकिन इसकी मिठास निकाल दी गई। सच्चाई यह है कि लोगों को बढ़ी पीपीआरसी के नाम पर भारी बिल जमा करना पड़ रहा है। 
loader
Will Arvind Kejriwal Revdi Pe Charcha be as popular as the Chai Pe Charcha BJP made big claim about every Revd
Delhi Polls - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

नरेंद्र मोदी जब 2014 में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बने थे, तब पार्टी ने चाय पर चर्चा कार्यक्रम की शुरुआत की थी। तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों में यह कार्यक्रम जबरदस्त हिट साबित हुआ था और जब चुनाव परिणाम में भाजपा ने अकेले दम पर पूर्ण बहुमत की सरकर बनाई, तब इस करिश्मे में इस कार्यक्रम की बड़ी भूमिका मानी गई थी। 



अब अरविंद केजरीवाल अपनी अगली राजनीतिक पारी के लिए दिल्ली की जनता के बीच 'रेवड़ी पर चर्चा' कार्यक्रम कराना चाहते हैं। इसके जरिए अरविंद केजरीवाल जनता के बीच दो मुद्दे उठाना चाहते हैं। पहला तो वे जनता को यह याद दिलाना चाहते हैं कि उन्होंने अब तक दिल्ली के लिए क्या किया है। दूसरा वे जनता को यह बताना भी चाह रहे हैं कि यदि आम आदमी पार्टी की जगह भाजपा चुनाव जीत गई तो ये योजनाएं बंद कर दी जाएंगी और जनता को इनका लाभ मिलना बंद हो जाएगा। 


अरविंद केजरीवाल का यह आइडिया बिल्कुल नया नहीं है। इसके पहले जब अरविंद केजरीवाल जेल से छूट कर आए थे, तब रामलीला मैदान में पार्टी ने एक बड़ा कार्यक्रम कर रेवड़ी पर चर्चा कार्यक्रम की शुरुआत कर दी थी। रामलीला मैदान में आए सभी कार्यकर्ताओं को रेवड़ियों के एक-एक पैकेट दिए गए थे जिनमें छः-छः रेवड़ियां थीं। ये इस बात का इशारा थीं कि केजरीवाल-आतिशी मारलेना सरकार ने दिल्ली की जनता को छः लाभकारी योजनाएं उपहार में दी हैं। अब सातवीं रेवड़ी यानी सातवीं योजना (हर महिला के खाते में एक हजार रूपये नकद) की बारी है। 

केजरीवाल की रेवड़ी पर भाजपा का जवाब 
1- मुफ्त बिजली केजरीवाल की पहली रेवड़ी है। केजरीवाल ने दावा किया कि उनके सत्ता में आने से पहले दिल्ली में आठ-दस घंटे के पावर कट होते थे, लेकिन अब पावर कट नहीं हो रहा है। लोगों को मुफ्त बिजली मिल रही है। यह योजना आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता बढ़ाने में बहुत कारगर साबित हुई थी। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि केजरीवाल झूठ बोल रहे हैं। दिल्ली की जनता को मुफ्त बिजली की रेवड़ी दी गई, लेकिन इसकी मिठास निकाल दी गई। सच्चाई यह है कि लोगों को बढ़ी पीपीआरसी के नाम पर भारी बिल जमा करना पड़ रहा है। भाजपा ने केजरीवाल की बिजली कंपनियों से सांठगांठ कर दिल्ली की जनता को नुकसान पहुंचाने का काम किया है। भाजपा ने इस मामले पर उपराज्यपाल से जांच कराने की भी मांग की थी।   

2- केजरीवाल ने अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत में लोगों को 20 हजार लीटर पानी मुफ्त देने की बात कही थी। यह योजना भी काफी लोकप्रिय हुई थी। लेकिन भाजपा का आरोप है कि दिल्ली में लोगों को पीने के लिए साफ पानी नहीं मिल रहा है। केजरीवाल ने पानी के जिन टैंकरों से लोगों को मुक्ति दिलाने की बात कही थी, आज वही पानी के अवैध टैंकरों का कारोबार आम आदमी पार्टी के नेता-कार्यकर्ता संभाल रहे हैं। भाजपा ने दक्षिणी दिल्ली के एक विधायक और पानी माफिया के बीच सांठगांठ होने के आरोप लगाते हुए इसकी असलियत खोलने का दावा किया था।   

अरविंद केजरीवाल ने लोगों से कहा है कि कुछ लोगों के पानी के बिल ज्यादा आ रहे हैं, लोग उन्हें न भरें। वे सत्ता में आने के बाद इसे माफ करा देंगे। केजरीवाल के इस वादे से इस बात की पुष्टि हो जाती है कि लोगों को पानी के बढ़े बिल आ रहे हैं और यह लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। 

3- केजरीवाल ने दिल्ली की शिक्षा का कायाकल्प करने का दावा किया। आम आदमी पार्टी का यह दावा उसके सबसे मजबूत कामों में से एक है। मनीष सिसोदिया ने शिक्षा मंत्री रहते हुए जिस तरह दिल्ली के सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदली है, उसकी मिसाल देश में कहीं और नहीं मिलती। लोग मानते हैं कि यदि आम आदमी पार्टी लोगों के बीच इतनी अधिक लोकप्रिय हो पाई तो इसमें सबसे बड़ा श्रेय सिसोदिया का शिक्षा मॉडल का ही था। दिल्ली के गरीबों के बच्चों ने अच्छे स्कूलों में शिक्षा हासिल की। वे इसके ब्रांड अंबेस्डर बनकर लोगों के बीच इसकी चर्चा करने लगे। केजरीवाल को इसका राजनीतिक लाभ हुआ।    

हालांकि, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शुक्रवार को ही आरोप लगाया है कि एक आरटीआई से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली के लगभग 85  फीसदी स्कूलों में विज्ञान-गणित की पढ़ाई नहीं होती। ऐसे छात्र इंजीनियर-डॉक्टर नहीं बन सकते। इसके पहले भाजपा ने दिल्ली के स्कूलों के निर्माण में घटिया सामग्री लगाने, टॉयलेट को कक्षा बताकर इसका पैसा खाने का आरोप लगाया था। अभी इस मामले की जांच चल रही है। भाजपा का दावा है कि इस मामले में आम आदमी पार्टी के बड़े नेता फंस सकते हैं।  

4- केजरीवाल ने कहा कि मोहल्ला क्लीनिकों में मुफ्त टेस्ट और सस्ता इलाज उनकी चौथी रेवड़ी है। आम आदमी पार्टी इसका खूब ढिंढोरा पीटती है। लेकिन भाजपा अध्य़क्ष ने कहा कि इन्हीं मोहल्ला क्लीनिकों में एक मोबाइल नंबर पर हजारों लोगों के टेस्ट होने के फ्रॉड का खुलासा हुआ था। ज्यादातर मोहल्ला क्लीनिकों में लोगों को इलाज नहीं मिल रहा। कई मोहल्ला क्लीनिकों के बंद होने का दावा भी किया गया था। भाजपा ने इसे भी केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार का नया पता बताया है। 

5- केजरीवाल ने दिल्ली की डीटीसी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा को अपनी पांचवीं बड़ी रेवड़ी बताया है। भाजपा का आरोप है कि केवल रेवड़ी बांटी जा रही है। यदि दिल्ली की डीटीसी सेवा सही से काम करती तो लोगों को निजी वाहनों का सहारा न लेना पड़ता और दिल्ली के जानलेवा प्रदूषण में कमी आती। 

6- दिल्ली के बुजुर्गों को मुफ्त तीर्थ यात्रा कराने की योजना को केजरीवाल ने अपनी छठीं रेवड़ी बताया है।  

7- अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली सरकार लोगों को सातवीं रेवड़ी भी बांटेगी। यह रेवड़ी महिलाओं को एक-एक हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता होगी। आम आदमी पार्टी को इसका चुनावी लाभ मिल सकता है। भाजपा ने इस समय यही कहकर आलोचना की है कि दिल्ली के बजट को घाटे की अर्थव्यवस्था बनाने वाले अरविंद केजरीवाल महिलाओं को पैसा बांटने के लिए कहां से लाएंगे, यह बड़ा सवाल है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed